सचिवालय में आम लोगों की एंट्री पर पाबंदी, फोटो-वीडियो बनाने पर एफआईआर

Mukesh Sharma | Jun 24, 2026, 17:16 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान में तबादला सीजन के बीच शासन सचिवालय से बड़ी खबर है। सचिवालय में ऑफिस टाइम से पहले, बाद और छुट्टी के दिन आम लोगों की एंट्री बैन होगी। सचिवालय परिसर को नो-फोटोग्राफी जोन घोषित किया गया है।

ऐसे समझें पूरा मामला

  • जयपुर सचिवालय परिसर में अब जाना आसान नहीं होगा।
  • आम लोगों की एंट्री से लेकर फोटो-वीडियो बनाने पर कई तरह की लगी पाबंदी।
  • सचिवालय में ऑफिस टाइम से पहले और बाद में सचिवालय में नो एंट्री रहेगी।
  • सचिवालय परिसर के अंदर फोटो या वीडियो बनाने पर केस दर्ज हो सकता है।

Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सचिवालय परिसर में अब जाना आसान नहीं होगा। सरकार ने सचिवालय में आम लोगों की एंट्री से लेकर फोटो-वीडियो बनाने पर कई तरह की पाबंदी लगाई है। इसके तहत सचिवालय परिसर के अंदर फोटो या वीडियो बनाने पर केस दर्ज हो सकता है।



कार्मिक विभाग ने सर्कुलर जारी कर ये पाबंदी लागू की हैं। साथ ही इन्हें सख्ती से लागू करने के आदेश दिए गए हैं। यह सर्कुलर कार्मिक विभाग की सचिव अर्चना सिंह के दस्तखत से जारी किया गया है।



सर्कुलर के अनुसार सचिवालय परिसर नो-फोटोग्राफी जोन है। सचिवालय परिसर में बिना अनुमति किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी करना दंडनीय अपराध है।



इस समय रहेगी आम लोगों को नो एंट्री

सरकारी अफसर-कर्मचारियों के अलावा ऑफिस टाइम से पहले और बाद में सचिवालय में नो एंट्री रहेगी। अस्थायी पास वालों को छुट्टी के दिन सचिवालय में एंट्री नहीं मिलेगी। यानी सुबह 9:30 बजे से पहले और शाम 6:30 बजे बाद सचिवालय में अस्थायी पास वाले आम लोगों को एंट्री नहीं दी जाएगी।



सर्कुलर में बताया गया कि सरकारी कर्मचारियों के अलावा कोई भी अगर छुट्टी के दिन अस्थायी पास के आधार पर सचिवालय में अंदर जाना चाहेगा तो उसे संबंधित विभाग या अफसर से मंजूरी लेनी होगी। सिक्योरिटी के पास उस विभाग से किसी व्यक्ति् की एंट्री के लिए फोन या लिखित सिफारिश आएगी, तभी एंट्री मिलेगी।



घूमने वालों से सरकारी कामकाज में बाधा

सचिवालय में प्रदेश भर से लोग आते हैं। कई विभागों में शाम को देर तक काम होता है। कई मंत्री भी सचिवालय में देर तक बैठते हैं। उनसे मिलने आने वाले लोगों को अब दिक्कत होगी।



सर्कुलर के मुताबिक सचिवालय परिसर में ऑफिस टाइम से पहले और बाद में और सरकारी छुट्टी के दिनों में भी अस्थायी पासधारक बड़ी संख्या में घूमते रहते हैं।



इससे रूटीन सरकारी कामकाज में रुकावट की संभावना रहती है। सुरक्षा और गोपनीयता की दृष्टि से भी सचिवालय परिसर अत्यधिक संवेदनशील ऑफिस की कैटेगरी में आता है।



सचिवालय पास के बिना बाहरी लोगों और वाहनों की सचिवालय में एंट्री बैन रहेगी। सभी कर्मचारियों और अफसरों को सचिवालय परिसर में सुरक्षा अधिकारी से जारी सरकारी आईडी कार्ड पहनना अनिवार्य है।



तलाशी का पूरा अधिकार

सुरक्षाकर्मियों को सचिवालय परिसर में प्रवेश करने वाले किसी व्यक्ति या वाहन की पूरी तलाशी लेने का अधिकार रहेगा।



आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित सेवा नियमों, सुरक्षा नियमों और भारतीय न्याय संहिता के तहत दंडात्मक कार्यवाही होगी। सचिवालय के सुरक्षाकर्मियों को सख्ती से इन नियमों की पालना करवाने के आदेश दिए गए हैं।



पहले भी लगी थी पाबंदी

सचिवालय परिसर में कैमरे लेकर जाने पर वसुंधरा राजे सरकार के वक्त पाबंदी लगाई गई थी। उस वक्त पांबदी मौखिक थी।बीच में इसमें ढील दे दी गई। अब सरकार ने सर्कुलर निकालकर इसे सख्ती से लागू करने के आदेश दिए हैं।



तबादलों चाहने वालों की भीड़

कार्मिक विभाग ने सचिवालय में एंट्री को लेकर ये पाबंदिया ऐसे वक्त लगाई हैं, जब 19 जून से ही तबादलों से रोक हटी हुई है।



रोजाना बड़ी संख्या में तबादला चाहने वाले लोग सचिवालय पहुंच रहे हैं। अब एंट्री को लेकर लगाई गई इन पाबंदियों को लेकर कई तरह की चर्चा हैं।



ये खबर भी पढे़:-

बूढ़े बिजलीघरों को मिलेगा जीवन, नए अवतार में लाने की तैयारी



1 जुलाई से शुरू होगी पचपदरा रिफाइनरी, PM मोदी कर सकते है लोकार्पण



RAS भर्ती पर डोटासरा परिवार पर बाबा का लेटर बम, नंबर बढ़वाने के आरोप



ACB दफ्तर जाना मेरी भूल, जांच पर पूरा भरोसा, मंत्री किरोड़ी के बदले सुर



Tags:
  • वसुंधरा राजे
  • कार्मिक विभाग
  • जयपुर सचिवालय
  • नो-फोटोग्राफी जोन