शिक्षकों को 8 साल से ट्रांसफर का इंतजार, अब आंदोलन करने की तैयारी

Mukesh Sharma | Jun 17, 2026, 16:09 IST
ट्रांसफर का इंतजार
राजस्थान में आठ साल से थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादले बंद हैं। आखिरी बार शिक्षकों के ट्रांसफर 2018 में हुए थे। अब शिक्षक और कर्मचारी संगठनों ने सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। सहायक कर्मचारी संघ का 18 जून को जयपुर में धरना होगा।

समझें क्या है पूरा मामला

  • राजस्थान में 2018 के बाद से प्रदेश में एक बार भी नहीं हुए थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादले।
  • भजनलाल सरकार में भी नहीं बनी ट्रांसफर पॉलिसी, जरूरतमंद शिक्षक हो रहे परेशान।
  • अन्य विभागों और संवर्गों में तबादले, लेकिन 1.75 लाख थर्ड ग्रेड शिक्षकों पर रोक बरक़रार।
  • कर्मचारी संगठनों की आंदोलन चेतावनी, सहायक कर्मचारी संघ 18 जून को जयपुर में धरना ।

राजस्थान के थर्ड ग्रेड ​शिक्षकों को 8 साल से ट्रांसफर खुलने का इंतजार कर रहे हैं। इन शिक्षकों के आखिरी बार ट्रांसफर साल 2018 में तत्कालीन सीएम वसुधंरा राजे के कार्यकाल में हुए थे।



इसके बाद गहलोत सरकार ने पूरे पांच साल न तो थर्ड ग्रेड शिक्षकों के ट्रांसफर खोले और न ही कोई ट्रांसफर पॉलिसी ही बनाई।



दिसंबर 2023 में भजनलाल शर्मा सरकार बनने के बाद से अब तक इन ​शिक्षकों के एक बार भी ट्रांसफर नहीं हुए हैं। सरकार लगातार पहले ट्रांसफर पॉलिसी बनाने की बात कहती रही है, लेकिन पॉलिसी अब तक नहीं बनी है। राजस्थान में करीब 1.75 लाख थर्ड ग्रेड शिक्षक हैं।



पॉलिसी बने तो होगी सुविधा

राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम के प्रदेशाध्यक्ष सियाराम शर्मा का कहना है कि थर्ड ग्रेड शिक्षकों के ट्रांसफर खाली पद पर या पारस्परिक हो सकते हैं। इसके लिए एक ट्रांसफर पॉलिसी होना जरुरी है। सरकार पहले ट्रांसफर पॉलिसी बनाने की बात कह रही है। लेकिन अब तक पॉलिसी नहीं बनी है। पॉलिसी बनने से ट्रांसफर होने में आसानी होगी।



सियाराम का कहना है कि पॉलिसी बनने से यह तय हो जाएगा कि खाली पदों पर किसे लगाया जाए या किसे नहीं। ट्रांसफर पॉलिसी नहीं होने के कारण असाध्य रोग से पीड़ित शिक्षक, विधवा, परित्यक्तता व तलाकशुदा महिला शिक्षकों के भी ट्रांसफर नहीं हो पा रहे हैं।



यह शिक्षकों के साथ भेदभाव

शिक्षक नेता नरेंद्र सिंह का कहना है कि सीएम और शिक्षा मंत्री दोनों ही ट्रांसफर पॉलिसी बनाने की बात कर रहे हैं। लेकिन न पॉलिसी बन रही है और न ट्रांसफर हो रहे हैं। इससे पहले भी बिना पॉलिसी के ट्रांसफर होते रहे हैं। यह करीब 1.75 लाख थर्ड ग्रेड शिक्षकों के साथ भेदभाव है।



नरेंद्र के अनुसार नियुक्ति वाले जिले से दूसरे जिले में ट्रांसफर पर सीनियरटी खत्म होने का सवाल है तो शिक्षकों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। क्योंकि प्रमोशन हो या न हो, वेतन-भत्ते तो 9-18-27 के समझौते के अनुसार ही मिलते हैं।



डार्क जिलों से थर्ड ग्रेड शिक्षकों के ट्रांसफर आखिरी बार 28 साल पहले 1998 में हुए थे। इसके बाद इन जिलों के शिक्षक रिटायरमेंट के नजदीक पहुंच गए लेकिन ट्रांसफर नहीं हुए। हम जल्दी ही ट्रांसफर नहीं खुलने पर आंदोलन की राह पकडेंगे।



लगता नहीं है कि ट्रांसफर खुलेंगे

ऐसा नहीं है कि राजस्थान में सिर्फ थर्ड ग्रेड शिक्षक ही ट्रांसफर खुलने का इंतजार कर रहे हैं, बल्कि दूसरे कर्मचारी भी ट्रांसफर खुलने को बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।



अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष महावीर प्रसाद शर्मा का कहना है कि ऐसा लग रहा है कि सरकार ट्रांसफर नहीं खोलेगी। अप्रैल में सीएम ने हमें ट्रांसफर पॉलिसी बनाकर ट्रांसफर खोलने का आश्वासन दिया था। लेकिन, अब तक ट्रांसफर पॉलिसी नहीं बनी है।



महावीर के अनुसार हम ट्रांसफर खोलने के लिए चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। इसके लिए जिलों व संभाग स्तर पर आंदोलन पूर्व की कार्यशाला कर रहे हैं। ट्रांसफर सहित अन्य मांगों के लिए राजस्थान सहायक कर्मचारी संघ गुरुवार 18 जून को जयपुर में शहीद स्मारक पर धरना देगा।



सरकार भजनलाल में कब-कब खुले ट्रांंसफर



  • 10 से 22 फरवरी 2024: सभी विभागों, निगमों और बोर्डों में तबादलों की अनुमति।
  • 1 से 15 जनवरी 2025: अधिकांश विभागों में तबादले खुले, जबकि शिक्षा से जुड़े कई विभागों में प्रतिबंध जारी रहा।
  • 8 मई से 30 जून 2025: सीमा से सटे जिलों में रिक्त पद भरने के लिए विशेष छूट के तहत तबादले किए गए।

ये भी पढ़ें:-

भजनलाल सरकार का यू-टर्न, हाईकोर्ट की जेडीए को लताड़- सरकार बदलने से नहीं बदलते वादे और कांट्रेक्ट



'इंतज़ारशास्त्र' का नया अध्याय, स्टेडियम अधर में, गहलोत ने भजनलाल सरकार पर लगाए आरोप



दो से अधिक संतान वाले भी लड़ सकेंगे चुनाव, भजनलाल सरकार ने पलटा भैरोंसिंह शेखावत का फैसला



NEET पेपर लीक में आरोपी BJP के, इसलिए शांत है बुलडोजर, गहलोत ने भजनलाल सरकार पर लगाए आरोप



Tags:
  • भजनलाल सरकार
  • ट्रांसफर पॉलिसी
  • शिक्षकों के तबादले
  • अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ
  • राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम