हनुमानगढ़: तीन भाई डूबे, 7 बहनों का इकलौता भाई भी शामिल, गांव में पसरा मातम

Jageshwar prasad | Published:
हनुमानगढ़ के पल्लू में हुआ एक दर्दनाक हादसा
हनुमानगढ़ के पल्लू में हुआ एक दर्दनाक हादसा
हनुमानगढ़ जिले के पल्लू तहसील के बरमसर गांव में एक सिंचाई डिग्गी में तीन युवक डूब गए। रेवड़ को पानी पिलाते समय एक का पैर फिसला, जिसे बचाने के लिए तीनों भाई कूद गए। तीनों की मौत हो गई, जबकि एक बच गया।

समझें क्या है पूरा मामला

  • हनुमानगढ़ के पल्लू में हुआ एक दर्दनाक हादसा।
  • खेत की डिग्गी में तीन चचेरे भाइयों की डूबने से मौत।
  • रक्षाबंधन के बाद परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़।
  • खेलते-खेलते खेत की डिग्गी में गिरे थे चार युवक।
  • तीन युवकों की असामयिक मौत से पल्लू में शोक की लहर।

हनुमानगढ़ जिले के पल्लू तहसील के बरमसर गांव में रविवार शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। चार भाई रेवड़ चराने गए थे। शाम को वे गांव के पास स्थित सिंचाई डिग्गी पर रेवड़ को पानी पिला रहे थे।



इसी दौरान एक भाई का पैर फिसल गया और वह डिग्गी में गिरकर डूबने लगा। उसे बचाने के लिए तीन भाई भी डिग्गी में कूद गए।तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक बच गया। मृतकों में 7 बहनों का इकलौता भाई भी शामिल है।



तीन की मौत

डिग्गी में कूदने वाले चारों भाइयों को तैरना नहीं आता था। हालांकि, एक भाई रामचंद्र ने किसी तरह डिग्गी में डाली हुई पाइप को पकड़ लिया और बाहर निकल आया।उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।



धन्नासर चौकी पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत रावतसर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।



कौन थे मृतक

मृतकों की पहचान बजरंग (19) पुत्र श्योनारायण गोस्वामी, सुनील (14) पुत्र पालगर गोस्वामी और कंवर पाल (15) पुत्र श्योनारायण गोस्वामी के रूप में हुई है।



सुनील 7 बहनों का इकलौता भाई था। बजरंग और कंवर पाल तीन बहनों के दो भाई थे। दोनों परिवारों पर यह हादसा कहर बनकर टूटा। घर में हंसती-खेलती किलकारियों को मौत ने छीन लिया।



गांव में मातम

तीनों की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। एक साथ तीन अर्थियां उठीं, जिसे देखकर पूरा गांव फफक-फफक कर रो पड़ा।



किसी के आंसू नहीं थम रहे हैं। ग्रामीण जवाहर लाल सिहाग ने बताया कि सुनील अपनी सात बहनों का इकलौता भाई था, जिसकी मौत ने परिवार को तोड़कर रख दिया है।



पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने तीनों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए। रावतसर थाना प्रभारी अजय कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। यह हादसा एक बार फिर सिंचाई डिग्गियों में सुरक्षा के मुद्दे को सामने लाया है।



ये भी पढ़ें:-

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस-ट्रक में भीषण टक्कर, 8 की मौत, 21 घायल



निर्माणाधीन रिसॉर्ट में दीवार ढही, तीन मजदूरों की मौत 12 से ज्यादा घायल



इंदौर-जोधपुर रणथंभौर एक्सप्रेस में धुआं, पैसेंजर्स पटरियों पर कूदे



PWD की चेतावनी के बाद भी नहीं हुई मरम्मत, गिर गई सरकारी स्कूल की छत



Tags:
  • शोक की लहर
  • दर्दनाक हादसा
  • डूबने से मौत
  • बड़ा हादसा
  • हनुमानगढ़