मंत्री के पैरों में गिरकर की थी गुहार, अब सुनी पुकार, हो गया पसंदीदा जगह तबादला
समझें क्या है पूरा मामला
- मंत्री के पैरों में गिरकर गुहार करने वाली सरिता का ट्रांसफर हुआ।
- सरिता ने चिकित्सा मंत्री के पैरों में गिरकर तबादले की लगाई थी गुहार।
- जोधपुर के इस वाकये का दृश्य सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ।
- मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने बैन के बावजूद सरिता के ट्रांसफर आदेश जारी किए।
- थर्ड ग्रेड टीचर और चिकित्सा स्टाफ के तबादलों पर बैन यथावत जारी है।
राजस्थान में तबादला सीजन के बीच एक अलग तरह की खबर आई है। चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के पैरों में गिरकर तबादले की गुहार करने वाली सरिता की पुकार सुन ली गई है।
पिछले दिनों सोशल मीडिया पर जोधपुर के महात्मा गांधी चिकित्सालय की नर्सिंग ऑफिसर सरिता कुमारी का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वह चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के पैरों में गिरकर अपने तबादले की भीख मांग रही थी।
अब इस मामले में एक सुखद मोड़ आया है। मंत्री की पहल पर सरिता कुमारी का तबादला हो गया है। उन्हें उनके गृह जिले सीकर में उनकी इच्छित जगह पर लगाया है।
क्या था पूरा मामला?
जोधपुर के महात्मा गांधी चिकित्सालय में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर तैनात सरिता कुमारी लंबे समय से तबादले को लेकर परेशान थी। उनके लिए अपने परिवार से दूर जोधपुर में रहकर नौकरी करना कठिन होता जा रहा था।
वह लंबे समय से अपने गृह जिले सीकर में ट्रांसफर के लिए विभागीय अधिकारियों के चक्कर काट रही थीं, लेकिन नियमों और प्रतिबंधों के फेर में उनकी फाइल आगे नहीं बढ़ पा रही थी।
चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर 20 जून को जोधपुर के अस्पतालों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। जैसे ही मंत्री खींवसर महात्मा गांधी अस्पताल परिसर में दाखिल हुए, नर्सिंग ऑफिसर सरिता कुमारी अपनी सुध-बुध खोकर उनके सामने आ गईं।
पारिवारिक हालातों से तंग आ चुकी सरिता अचानक रोते हुए सीधे चिकित्सा मंत्री के पैरों में गिर पड़ीं। वह बिलखते हुए बस एक ही गुहार लगा रही थीं - सर, मेरा सीकर तबादला कर दीजिए, मैं बहुत परेशान हूं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
वहां मौजूद लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गया।
कई लोगों ने इसे प्रशासनिक संवेदनहीनता से जोड़ा, तो कई लोगों ने महिला कर्मचारी की मजबूरी पर सहानुभूति जताई। वीडियो वायरल होने के बाद खुद चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने इस मामले का संज्ञान लिया।
उन्होंने सरिता की पारिवारिक स्थिति को समझा। मंत्री ने अधिकारियों को मानवीय आधार पर विचार करने के निर्देश दिए।
सीकर के कल्याण अस्पताल में मिली तैनाती
चिकित्सा विभाग द्वारा जारी की गई नौ नर्सिंग अधिकारियों की तबादला सूची में सरिता कुमारी का नाम प्रमुखता से शामिल है।
आदेश के अनुसार सरिता कुमारी का तबादला जोधपुर से सीधे उनके गृह जिले सीकर के राजकीय श्री कल्याण चिकित्सालय में कर दिया गया है। ट्रांसफर ऑर्डर जारी होने के बाद सरिता और उनके परिवार ने राहत की सांस ली है और मंत्री खींवसर का आभार व्यक्त किया है।
तबादलों पर बैन के बीच विशेष राहत
राजस्थान सरकार ने इस बार राज्य में 19 जून से 5 जुलाई तक के लिए ही तबादलों से बैन हटाया है। लेकिन इस सीमित अवधि की छूट में भी थर्ड ग्रेड टीचर्स और चिकित्सा विभाग के स्टाफ को शामिल नहीं किया गया है।
यानी तकनीकी रूप से चिकित्सा विभाग के नर्सिंग स्टाफ के तबादलों पर अब भी प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद सरकार ने सरिता समेत नौ नर्सिंग अधिकारियों को विशेष राहत दी है।
ये भी पढ़ें:-
ट्रांसफर के लिए बना फर्जी डिप्टी CM, अधिकारियों को घुमाया फोन, जांच में खुली पोल
सॉरी! मैं सिफारिश नहीं कर पाऊंगा, पूर्व मंत्री के नोट से समर्थक मायूस
ट्रांसफर चाहने वालों के लिए विधायक ने बनवाया मंदिर, अर्जी अब प्रभु के चरणों में
मनरेगा कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी, सरकार करेगी नियमित