30 लाख का पैकेज छोड़ा, पेरिस से लौटे और अब UP के 'सिंघम', यह है IPS कृष्ण कुमार बिश्नोई की कहानी

Ashish Bhardwaj | Mar 09, 2026, 18:31 IST
Photograph: (the sootr)
अपनी शादी को लेकर चर्चा में आए यूपी कैडर के आईपीएय कृष्ण कुमार बिश्नोई का खाकी तक का सफर रोचक है। वे विदेश से 30 लाख रुपये का सालाना पैकेज छोड़कर आईपीएस बने।

News In Short

  • यूपी कैडर के IPS कृष्ण कुमार विश्नोई आईपीएस बनने से पहले विदेश में सेवारत थे।
  • आईपीएस विश्नोई का विदेश में 30 लाख रुपये का भारी-भरकम सालाना पैकेज था।
  • विदेश का मोह छोड़कर यूपीएससी की तैयारी की, आईपीएस बनने का गौरव मिला।
  • आईपीएस विश्नोई इसी 29 मार्च 2026 को राजस्थान के धोरीमना में लेंगे सात फेरे।
  • विश्नोई यूपी के बरेली में पदस्थ आईपीएस अंशिका वर्मा के साथ बंधेंगे विवाह बंधन में।

News In Detail

Jodhpur: कहते हैं कि प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती, और जब जज्बा देश सेवा का हो, तो सात समंदर पार का आलीशान करियर भी छोटा लगने लगता है। उत्तर प्रदेश कैडर के 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार (केके) बिश्नोई की कहानी कुछ ऐसी ही है।



इन दिनों वे न सिर्फ अपनी सख्त कार्यशैली, बल्कि अपनी शादी को लेकर भी सुर्खियों में हैं। राजस्थान के रेतीले धोरों से निकलकर पेरिस की चकाचौंध और फिर यूपी पुलिस की खाकी तक का उनका सफर किसी फिल्मी पटकथा से कम रोमांचक नहीं है।



​गांव की पाठशाला से पेरिस की यूनिवर्सिटी तक

राजस्थान में बाड़मेर जिले के एक साधारण परिवार में जन्मे कृष्ण कुमार बिश्नोई की शुरुआती शिक्षा गांव के ही सरकारी प्राथमिक स्कूल में हुई। लेकिन उनके सपनों की उड़ान ऊंची थी। अपनी कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।



पुलिस सेवा में आने से पहले वे संयुक्त राष्ट्र (UN) जैसी वैश्विक संस्था में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। फ्रांस सरकार की प्रतिष्ठित स्कॉलरशिप हासिल कर उन्होंने पेरिस से अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा में मास्टर डिग्री ली। उस दौरान उन्हें 30 लाख रुपये सालाना का भारी-भरकम पैकेज मिल रहा था।



विदेशी धरती पर ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के बजाय उनके मन में अपनी माटी और देश के लिए कुछ करने की टीस थी। इसी संकल्प के साथ वे भारत लौटे और यूपीएससी की परीक्षा पास कर आईपीएस बने।



​संभल के 'संकटमोचक': 2 घंटे में शांत की थी हिंसा

​वर्तमान में संभल के एसपी पद पर तैनात केके बिश्नोई अपनी 'जीरो टॉलरेंस' नीति के लिए जाने जाते हैं। अपराधियों और भू-माफियाओं के बीच उनके नाम का खौफ है। उनके करियर की सबसे बड़ी अग्निपरीक्षा 24 नवंबर, 2024 को हुई, जब संभल की जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान अचानक हिंसा भड़क उठी।



​बिश्नोई के कुशल नेतृत्व का ही परिणाम था कि पुलिस बल ने मात्र दो घंटे के भीतर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में कर लिया। इस मामले में उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए 2,500 से अधिक अज्ञात दंगाइयों और समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर मिसाल पेश की। उनकी इसी कार्यकुशलता के कारण उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अधिकारियों में गिना जाता है।



​जब 'खाकी' से टकराया 'दिल'

​आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई की पेशेवर जिंदगी जितनी कड़क है, उनकी निजी जिंदगी उतनी ही सादगी भरी है। इन दिनों चर्चा उनकी शादी की है। उनकी जीवनसंगिनी बनने जा रही हैं 2021 बैच की तेजतर्रार IPS अंशिका वर्मा। वर्तमान में अंशिका बरेली में एसपी साउथ के पद पर तैनात हैं।



बताया जाता है कि यह प्रेम कहानी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शुरू हुई थी। केके बिश्नोई वहां करीब 29 महीनों तक एसपी सिटी के पद पर तैनात थे। उसी दौरान प्रयागराज की रहने वाली अंशिका वर्मा वहां एएसपी के पद पर अपनी सेवाएं दे रही थीं।





HCzZLbKbsAAWHvE


29 मार्च को होगी शादी

​दो जांबाज पुलिस अधिकारियों की यह शादी अब टॉक ऑफ द टाउन बन गई है। वे इसी 29 मार्च 2026 को राजस्थान में सात फेरे लेंगे।



विवाह पूरी तरह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होगा। मुख्य समारोह से पहले बाड़मेर के धोरीमना गांव में हल्दी, मेहंदी और संगीत जैसे रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ​चर्चा है कि इस विवाह समारोह में उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई बड़े राजनेता, प्रशासनिक अधिकारी और वीवीआईपी मेहमान शामिल हो सकते हैं।



सादगी और गोपनीयता की मिसाल

हजारों फॉलोअर्स होने के बावजूद दोनों अधिकारी अपने निजी जीवन को सोशल मीडिया की चकाचौंध से दूर रखना पसंद करते हैं। अंशिका वर्मा जहां अपनी कर्तव्यनिष्ठा के लिए जानी जाती हैं, वहीं बिश्नोई बिश्नोई समाज के उन मूल्यों को ढो रहे हैं जो पर्यावरण और जीव रक्षा के लिए समर्पित हैं।



ये भी पढ़े:-

T20 मैच में भारत की जीत का जश्न मनाने पर खूनी संघर्ष, पथराव और फायरिंग में युवती गंभीर घायल



पहली बार सरकारी अस्पताल में AI आधारित स्मार्ट कॉक्लियर इम्प्लांट, उदयपुर की 3 साल की बच्ची को मिली नई उम्मीद



दुबई में फंसे भारतीयों के लिए राजस्थानी व्यवसायी बना फरिश्ता, आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया पर ऐसे की सराहना



उदयपुर फाइल से जयपुर तक हड़कंप, हनीट्रैप के दलदल में धंस रही राजनीति, जानिए ऐसे नेताओं की पूरी कुंडली



Tags:
  • बाड़मेर
  • यूपी पुलिस
  • संयुक्त राष्ट्र
  • IPS अंशिका वर्मा
  • IPS कृष्ण कुमार विश्नोई