क्या करोड़ों कमाते हैं बॉलीवुड के टॉप बॉडीगार्ड? जानें सेलिब्रिटी बॉडीगार्ड की कमाई का पूरा ब्योरा
चकाचौंध से भरी बॉलीवुड की दुनिया में जब कोई सुपरस्टार अपनी लग्जरी कार से बाहर निकलता है, तो कैमरों की फ्लैश और प्रशंसकों के शोर के बीच सबसे पहले जो चेहरे नजर आते हैं, वे सितारों के नहीं, बल्कि उनके 'सायों' के होते हैं। ये वे बॉडीगार्ड्स हैं, जो भीड़ और सेलिब्रिटी के बीच एक अभेद्य दीवार की तरह खड़े रहते हैं।
सोशल मीडिया पर एक बहस छिड़ी हुई है- क्या शाहरुख खान के बॉडीगार्ड रवि सिंह और सलमान खान के बॉडीगार्ड शेरा सच में सालाना 2 से 3 करोड़ रुपए वेतन लेते हैं? 'इंडियन एक्सप्रेस' ने सुरक्षा एजेंसियों के अंदरूनी सूत्रों और खुद इन दिग्गजों के करीबियों से बात कर यह समझने की कोशिश की है कि क्या वाकई ये बॉडीगार्ड्स करोड़पति हैं या फिर कहानी में कोई और ट्विस्ट है।
कैसे बदल गया कारोबार?
एक दौर था जब बॉलीवुड में सुरक्षा का मतलब केवल रोनित रॉय की ऐस सिक्योरिटी जैसी कुछ चुनिंदा कंपनियां हुआ करती थीं। सिद्धार्थ मल्होत्रा की सुरक्षा देख रहे सुरक्षा विशेषज्ञ जीशान कुरैशी बताते हैं कि पहले मॉडल बहुत सीधा था।
कंपनियां 50-60 लोगों को सैलरी पर रखती थीं। अगर किसी फिल्म की शूटिंग के लिए एजेंसी को एक मुश्त रकम मिलती थी, तो उसका केवल 10% हिस्सा उस गार्ड को मिलता था जो ड्यूटी पर होता था। उन्हें न तो आने-जाने का खर्चा मिलता था और न ही कोई अतिरिक्त लाभ।
लेकिन आज दौर बदल चुका है। अब बॉडीगार्ड्स सीधे सितारों से जुड़ रहे हैं। जीशान के मुताबिक आज अगर कोई बॉडीगार्ड एजेंसी के जरिए भी आता है तो उसे सैलरी के साथ-साथ प्रोजेक्ट की कुल पेमेंट का कम से कम 25% हिस्सा मिलता है।
क्या वाकई सैलरी करोड़ों में है?
इंटरनेट पर अक्सर दावा किया जाता है कि दीपिका पादुकोण के बॉडीगार्ड जलालुद्दीन शेख या अनुष्का शर्मा के सोनू की सैलरी करोड़ों में है। लेकिन हकीकत थोड़ी अलग है।
दिल्ली में सेलिब्रिटी सुरक्षा का प्रबंधन करने वाले समीर कहते हैं, यह एक मिथक है कि उन्हें हर महीने करोड़ों रुपए मिलते हैं। हां, उनके पैकेज बड़े होते हैं, लेकिन सारा पैसा फिक्स सैलरी के रूप में नहीं आता।
अतीत में शाहरुख खान के साथ काम कर चुके और अब आलिया भट्ट की सुरक्षा देख रहे यूसुफ इब्राहिम ने साफ तौर पर कहा कि महीने में करोड़ों कमाना मुमकिन नहीं है। वहीं आमिर खान जैसे सितारों के स्टाफ की बात करें तो जीशान ने खुलासा किया कि उनके कुछ स्टाफ सदस्यों की मासिक सैलरी 25,000 रुपए तक भी होती है, जहां वे 4-4 घंटे की शिफ्ट में काम करते हैं।
कमाई का असली जरिया
चौंकाने वाली बात यह है कि कई बड़े बॉडीगार्ड्स अब फिक्स सैलरी लेना पसंद ही नहीं करते। इसके पीछे एक बड़ा गणित है। जब कोई अभिनेता फिल्म शूट, विज्ञापन या किसी स्टोर के उद्घाटन पर जाता है, तो उसकी सुरक्षा का खर्च अभिनेता नहीं, बल्कि निर्माता या क्लाइंट उठाता है।
एक इवेंट या कुछ घंटों की सुरक्षा के लिए ये बॉडीगार्ड्स 25,000 रुपए से लेकर 1 लाख रुपए तक चार्ज करते हैं।
जीशान कुरैशी कहते हैं, जब एक दिन के इवेंट से 1.5 लाख रुपए मिल रहे हों, तो कोई 30-40 हजार की सैलरी की परवाह क्यों करेगा? मैंने खुद कई सितारों से सैलरी लेना बंद कर दिया है क्योंकि इवेंट्स और असाइनमेंट से होने वाली कमाई कहीं ज्यादा है।
सैलरी से बढ़कर हैं ये सुविधाएं
बॉलीवुड में बॉडीगार्ड केवल एक कर्मचारी नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा बन जाते हैं। यही वह जगह है जहां पर्क्स या अतिरिक्त सुविधाएं काम आती हैं।
यूसुफ इब्राहिम के अनुसार, सितारे अपने स्टाफ की जरूरतों का पूरा ख्याल रखते हैं। यह उनके बीच के आपसी रिश्ते और दिल पर निर्भर करता है।
जीशान ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि अभिनेत्री तापसी पन्नू ने उनके बच्चों की स्कूल फीस, मेडिकल खर्च और यहाँ तक कि घर के किराए तक का ख्याल रखा।
शाहरुख खान, सलमान खान, अक्षय कुमार और ऋतिक रोशन जैसे सितारे सालों से अपने साथ जुड़े बॉडीगार्ड्स के लिए हवाई टिकट, फाइव स्टार होटल में रुकने और खाने-पीने का पूरा खर्च उठाते हैं।
व्हाट्सएप ग्रुप और एडवांस पेमेंट
आजकल की सुरक्षा व्यवस्था काफी हाई-टेक हो चुकी है। हर एक्टर का अपनी टीम के साथ एक व्हाट्सएप ग्रुप होता है। मैनेजर समय और लोकेशन डालते हैं और पारिश्रमिक (remuneration) की जानकारी सीधे पर्सनल मैसेज पर दी जाती है।
सबसे खास बात यह है कि इन सायों का पैसा कभी नहीं अटकता, कई बार तो काम शुरू होने से पहले ही पैसा खाते में आ जाता है।
अब एक नजर इनकी कमाई पर
दीपिका पादुकोण: इनकी सुरक्षा उनके पुराने बॉडीगार्ड जलालुद्दीन शेख संभालते हैं। रिपोर्टों के अनुसार जलाल की वार्षिक आय लगभग 1.2 करोड़ रुपए होने का अनुमान है।
अनुष्का शर्मा: उनके बॉडीगार्ड प्रकाश सिंह उर्फ सोनू कई सालों से उनके साथ हैं। उन्हें अक्सर अनुष्का और विराट कोहली के साथ यात्रा करते देखा जाता है।
शेरा: सलमान खान के भरोसेमंद बॉडीगार्ड शेरा की 1995 से अपनी सुरक्षा एजेंसी टाइगर सिक्योरिटी हैं। उनकी कमाई भी करोड़ों में बताई जाती है।
ये भी पढ़ें:-
एच-1बी वीजा के भंवर में फंसी भारतीय जिंदगियां, टूट रहा हजारों टेक प्रोफेशनल्स का अमेरिकी सपना
क्रूज जहाज पर हंतावायरस का हमला, अब तक ली 3 जानें, जानिए कितना है यह जानलेवा?
दक्षिण एशिया पर सूखे का साया? दगा दे सकता है इस बार मानसून, जानिए मौसम चक्र की पूरी कहानी
क्या बदल रही है हवा, ब्रिटेन पर बढ़ रहा बेशकीमती कोहिनूर हीरा को भारत लौटाने का दबाव