/sootr/media/post_banners/d4ea031a80ade9c4468fc6d095468c6d2fea1d746854eb6d6ede44d22e188ea4.jpeg)
DANTEWADA. जिले में नक्सलियों की नीति से परेशान इनामी महिला नक्सली ने आज यानी 30 सितंबर को सरेंडर किया है। इस दौरान उप पुलिस महानिरीक्षक दंतेवाड़ा रेंज, उप पुलिस महानिरीक्षक सीआरपीएफ और पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा भी मौजूद थे। समर्पण करने वाली नक्सली कुमारी कडती बुरकापाल हमले समेत कई वारदातों में शामिल थीं।
घर वापस आईए मिशन
जानकारी के अनुसार महिला नक्सली लीडरों की प्रताड़ना से तंग आकर और लोन वर्राटू (घर वापस आईये) अभियान से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पित महिला नक्सली बतौर एलओएस डिप्टी कमांडर काफी लंबे समय से दंतेवाड़ा में सक्रिय थी। समर्पण करने वाली महिला नक्सली कुमारी कडती उर्फ रोशनी ओयाम पर तीन लाख रुपए का इनाम घोषित था।
दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि इलाके में नक्सली उन्मूलन के लिए लोन वर्राटू (घर वापस आईए) अभियान चलाया जा रहा है। कई ग्रामीण जो नक्सलियों के बहकावे में आकर नक्सली संगठन में शामिल हो जाते हैं। इन्हें मुख्य धारा में वापस लाने के लिए नक्सल प्रभावित गांव में बैनर पोस्टर लगाकर नक्सलियों को सरेंडर करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आज इसी अभियान के तहत एलओएस डिप्टी कमांडर ने सरेंडर किया है। सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पित महिला को योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
अब तक 139 नक्सली कर चुके हैं सरेंडर
लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक 139 इनामी नक्सली सहित कुल 558 नक्सली आत्मसमर्पण कर समाज के मुख्यधारा में जुड़ चुके हैं। आत्मसमर्पित महिला नक्सली कुमारी कड़ती उर्फ रोशनी ओयाम निम्नलिखित घटनाओं में शामिल थी।
इन वारदातों में थी शामिल
पुलिस के मुताबिक साल 2016 में गश्त, सर्विंग पर निकली पुलिस पार्टी को जान से मारने एवं हथियार लूटने की नियत से ग्राम चेली से बेचापाल जाने वाले मुख्यमार्ग पर ग्राम चेरली कोकोड़ी पारा के पास एम्बुश लगाकर फायरिंग करने की घटना में शामिल थी। उक्त घटना में पुलिस के 02 जवान शहीद हुए। 2016 में पुलिस मुखबिरी के शक में ग्रामीण सुकमन कड़ती निवासी कोकोडी को ग्राम तामोडी में जन अदालत लगाकर टंगिया मारकर हत्या करने की घटना में शामिल थी। इसके अलावा सुकमा जिले में पुलिस पार्टी पर हमला कर 25 शहीद एवं 11 जवानों को घायल करने की घटना में शामिल थी। वहीं पुलिस मुखबिरी के शक में ग्रामीण पाण्डू पदाम निवासी तामौड़ी को ग्राम बेचापाल में जन अदालत लगाकर टंगिया मारकर हत्या करने की घटना में शामिल थी। इसके अलावा भी कई वारदाताें में शामिल थीं।