/sootr/media/post_banners/9b8a5aeed705c79b5db54289fbb610873d5c055d09ceda584a938165d27117b0.jpeg)
BILASPUR: पर्वतारोही निशू सिंह (nishu singh) ने लद्दाख (laddakh) की 20500 फीट ऊंची चोटी कांग यास्ते 2 में तिरंगा लहरा कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। इससे पहले निशु सिंह अफ्रीका महाद्वीप में भी यही कारनामा करके दिखा चुकी हैं। उन्होंने यहां माउंट किलिमंजारो (mount kilimanjaro) चोटी पर भी तिरंगा लहराया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। निशू अब तक दुनियाभर के 16 पर्वतों को नाप चुकी हैं साथ ही कई अवार्ड भी हासिल कर चुकी हैं।
भरनी की रहने वाली निशू सिंह ने पर्वतारोहण के क्षेत्र में कोर्स भी किया है। निशू पर ऊंची चोटियों पर चढ़कर तिरंगा फहराने का जुनून सवार है। वो अब तक हिमाचल प्रदेश के हातू पीक, मनाली के पताल सू, अफ्रीका किलीमंजारो, लद्दाख के कांगड़ी जैसे ऊंची चोटी समेत 16 पर्वतों पर तिरंगा फहरा चुकी हैं।
ऐसे पहुंची कांग यास्ते 2 पर्वत
निशू ने लगातार 15 से 21 जुलाई तक लद्दाख की पहाड़ी में पैदल चलते हुए इस मुकाम को हासिल किया है। निशू का कहना है कि कुछ अलग करने की चाहत में उन्होंने दुनिया का सबसे मुश्किल स्पोर्ट्स चुना। अगले साल वो एवरेस्ट फतह के लिए निकलना चाहती हैं।
रिटायर्ड सिपाही की बेटी
निशू सिंह के पिता CRPF ग्रुप सेंटर के रिटायर्ड सिपाही विपिन कुमार सिंह हैं। पिता के मुताबिक उनकी बेटी को शुरू से ही पर्वत चढ़ने का शौक रहा है। निशू की मां मुनी देवी और भाई रवि व विशाल सिंह भी हमेशा उसकी हौसलाअफजाई करते रहे।