/sootr/media/post_banners/f638800c01e4434502ba43c01db957b1b8907e510a548dfb56ad2ea456e99db5.jpeg)
AMBIKAPUR. कर्ज का बोझ दिमाग को शून्य कर देता है। इसकी बानगी जिले के बतौली थाना क्षेत्र के बांसाझाल में देकने को मिली। यहां बीवी फाइनेंस कंपनी का लोन नहीं पटा सकी तो दिल्ली भाग गई। अब पति पर कर्ज का बोझ आया तो परेशान हो गया। आत्महत्या की सोची तो बच्चों का ख्याल आया। अपने महज डेढ़ साल के छोटे बेटे को ले जाकर उसके साथ फांसी पर लटक रहा था। रस्सी टूटने से वो जमीन पर गिर गया। लेकिन बेटे की मौत हो गई। अब वो अपने बड़े बेटे को लेने जा रहा था ताकि वे दोनों आत्महत्या कर सकें, लेकिन घर में उसके जीजा ने देख लिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया है।
पत्नी ने लिया था लोन, नहीं चुका पाई तो भाग गई
बतौली थाना क्षेत्र के बांसाझाल निवासी रंजन खलखो ने इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने इसे लेकर जो कहानी बताई है उसके अनुसार, रंजन की पत्नी सरिता भगत ने बगीचा के एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी से लोन लिया था। बाद में वह लोन नहीं पटा सकी। रिकवरी के डर से दो महीने पहले वो दिल्ली भाग गई।
कंपनी ने रकम जमा करने के लिए बनाया दवाब
उसकी गैरमौजूदगी में कंपनी का फोन रंजन के पास आने लगा और उस पर लोन की रकम जमा करने पर दवाब बनाया जाने लगा। इससे रंजन परेशान हो गया। अंत में उसने अपने दोनों बेटों के साथ आत्महत्या करने की योजना बनाई। वो अपने छोटे बेटे डेढ़ वर्षीय आजाद खलखो को लेकर जंगल चला गया। फिर एक पेड़ के सहारे बेटे को फांसी पर लटका दिया। इसके बाद वह खुद फांसी पर लटका। लेकिन, रस्सी उसका भार नहीं सह पाई और बीच से टूट गई। इससे रंजन जमीन पर आ गिरा।
बड़े बेटे को लेने पहुंचा घर
अब उसने सोची कि बड़े बेटे को भी फांसी पर लटका दें और उसके बाद खुद फांसी पर लटकेगा। यही सोचकर वह घर की ओर आने लगा। यहां घर में रंजन का जीजा विजय लकड़ा आया हुआ था। तभी उसने रंजन को बाहर से आते देख लिया। उसे आशंका हुई। वह कुछ कह पाता इससे पहले ही भेद खुलने के डर से रंजन मौके से भाग निकला।अब घर के लोग आशंकित हो गए।
छोटा बेटा मिला गायब
दूसरे कमरे में जाकर देखा तो रंजन का छोटा बेटा आजाद गायब था। इससे घर में हड़कंप मच गया। विजय ने गांव वालों के साथ मिलकर आजाद की तलाश की तो उसकी लाश नाले के पास पत्थरों से ढंका हुई मिली। तब इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
आरोपी पिता ने पुलिस के सामने बताई सच्चाई
पुलिस ने आकर रंजन को पकड़ा और सख्ती से पूछताछ की तो उसने सारे सवालों का भेद खोल दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ बेटे की हत्या के मामले में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पत्थरों के बीच छिपा दी थी लाश, कर्ज ने घर को किया बर्बाद
आरोपी रंजन खलखो ने पुलिस को बताया कि जब उसके जीजा ने उसे देख लिया तो वह काफी डर गया। इसके बाद वो वापस जंगल की ओर गया, जहां उसके छोटे बेटे की लाश फांसी पर लटकी थी। उसकी लाश को उतारकर नाले के पास पत्थरों के बीच छुपा दी। वहीं अब इस घटना के बाद जहां एक बेटे की मौत हो गई है, मां गायब है और पिता जेल चला जाएगा तो सिर्फ एक बेटा अनाथ की जिंदगी जीएगा। यही बात सोचकर पूरे गांव में शोक का माहौल है। सभी का एक ही कहना है कि कर्ज ने इस घर को बर्बाद कर दिया।