बलरामपुर से कांग्रेस MLA बृहस्पति सिंह अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर, SP गर्ग को दंगाई बता बर्खास्तगी की मांग के पोस्टर चिपकाए

author-image
Atul Tiwari
एडिट
New Update
बलरामपुर से कांग्रेस MLA बृहस्पति सिंह अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर, SP गर्ग को दंगाई बता बर्खास्तगी की मांग के पोस्टर चिपकाए

याज्ञवल्क्य मिश्रा, Balrampur-Ramanujganj. बलरामपुर रामानुजगंज विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह अपनी ही सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन पर उतर गए है। विधायक बृहस्पति सिंह ने एसपी मोहित गर्ग को दंगाई लिख बर्खास्तगी की मांग वाले पोस्टर पूरे बलरामपुर में चस्पा कराए हैं। MLA बृहस्पति सिंह का धरना हंगामा 16 फरवरी को दिनभर चला, जिसे उन्होंने देर रात इस एलान के साथ स्थगित किया है कि सुबह से यह धरना फिर शुरू होगा। सुबह से दुकानें भी बंद रहेंगी। मसला मारपीट की एक मामूली घटना से जुड़ा हुआ है। विधायक बृहस्पति सिंह का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों को स्पेशल ट्रीटमेंट दिया, जबकि पुलिस ने ऐसे किसी भी आरोप को खारिज किया है। खबरें हैं कि MLA बृहस्पति सिंह की नाराजगी का शिकार थाना कोतवाली हुआ है, लेकिन इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई।



ये है पूरा मसला



15 फरवरी को रात करीब 9 बजे बलरामपुर बस स्टैंड के पास दो गुटों में विवाद हुआ। इसमें एक पक्ष अंबिकापुर का था, जबकि दूसरा पक्ष बलरामपुर का स्थानीय था। विवाद बढ़ा और मामला थाने पहुंच गया। थाने में अंबिकापुर से आए युवकों के खिलाफ केस दर्ज हो गया। कथित रूप से अंबिकापुर से आए युवक एक मंत्री (टीएस सिंहदेव नहीं) के करीबी थे। बताया जाता है कि इस विवाद के तत्काल बाद मंत्री पक्ष की ओर से एक फोन आया था। अपुष्ट खबरों के अनुसार, पुलिस को इस मामले में अंबिकापुर से आए युवकों का पक्ष जानने और उस अनुरूप कार्रवाई करने की बात मंत्री पक्ष की ओर से कही गई। बताया जाता है कि इस विवाद और कथित रूप से मंत्री के फोन की जानकारी मिलने पर MLA बृहस्पति सिंह बुरी तरह भड़के। वे मामले में पुलिस कार्यवाही जानने थाने पहुंचे। बृहस्पति सिंह के अनुसार, मैंने यह देखा कि आरोपियों को पुलिस ने वीआईपी ट्रीटमेंट दिया। बृहस्पति का यह भी आरोप है कि जिन लोगों के साथ मारपीट हुई, पुलिस ने उन पर भी कार्रवाई की।



पूरे दिन धरने पर, चक्का जाम भी किया



इस मसले पर विधायक बृहस्पति सिंह ने धरना शुरू कर दिया और चक्का जाम कर दिया। विधायक बृहस्पति सिंह पुलिस कार्रवाई से नाराज थे और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह धरना देर रात विधायक बृहस्पति सिंह ने रोक दिया, लेकिन वे आज (17 फरवरी) को फिर धरना और नगर बंद की चेतावनी दे चुके हैं। 



एसपी मोहित को दंगाई लिख बर्खास्तगी की मांग के पर्चे बंटवाए



विधायक बृहस्पति सिंह जब धरने पर बैठे थे, उनकी मांग पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही के साथ साथ आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई और पैदल कोर्ट ले जाने की थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों को पैदल कोर्ट ले जाने से मना कर दिया। पुलिस ने आग्रह किया कि विधायक बृहस्पति धरना खत्म कर दें। बताया जाता है कि तब विधायक बृहस्पति सिंह ने एसपी मोहित गर्ग को धरना स्थल पर आने की मांग रख दी, लेकिन एसपी गर्ग नहीं आए। ठीक यहीं से विधायक बृहस्पति का गुस्सा एसपी गर्ग पर भी उतरा। विधायक बृहस्पति सिंह के समर्थक कुछ ही देर में पैम्फलेट्स के साथ दिखने लगे, जिसमें एसपी मोहित गर्ग को दंगाई लिखते हुए बर्खास्तगी की मांग की गई थी। ये पोस्टर कई जगहों पर लगाए गए।


Chhattisgarh News छत्तीसगढ़ न्यूज Chhattisgarh Congress MLA Protest Brihaspati Singh Protest Against SP Mohit Garg IPS Mohit Garg Posters rioter छत्तीसगढ़ कांग्रेस विधायक प्रदर्शन बृहस्पति सिंह एसपी मोहित गर्ग खोला मोर्चा आईपीएस मोहित गर्ग पोस्टर दंगाई