/sootr/media/post_banners/9d6dd933f7149c3cdfe623ae02e372087e30be94a4b15c71772dbaf162b60dbd.jpeg)
BILASPUR. शहर के सरकंडा थाने में पुलिस को एक महिला की लाश मिली है। पुलिस ने जांच के बाद अंधे कत्ल के मामले को सुलझा लिया है। दरअसल, महिला पांच बच्चों की मां थी और विधवा थी। बाद में वह एक अधेड़ व्यक्ति से प्रेम करने लगी और उसके पास रहने चली गई। बीते दिनों जब वह वापस अपने बच्चों के पास आ गई। इस बीच प्रेमी उसके चरित्र पर भी शंका करने लगा, जिसके बाद उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर लाश को झाड़ियों में फेंक दिया था।
जबड़ापारा की निवासी थी महिला
सरकंडा पुलिस को बीते शनिवार की सुबह पता चला था कि बहतराई रोड में गीतांजलि सिटी के पीछे सड़क किनारे झाड़ियों में एक महिला की लाश पड़ी हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और उसकी पहचान की। लेकिन, कोई उसकी पहचान नहीं कर पाया तो सोशल मीडिया की मदद ली गई। इस बीच उसकी पहचान जबड़ापारा की रहने वाली मुन्नी बाई केंवट के रूप में की गई। वह शर्मा विहार और स्वर्णा विहार कॉलोनियों के कई घरों में झाड़ू-पोंछा लगाने का काम करती थी।
बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ रह रही थी विधवा
पुलिस ने इस आधार पर जांच शुरू की तो ये बात निकलकर सामने आई कि करीब 10 साल पहले उसके पति की मौत हो चुकी है। उसके पांच बच्चे भी हैं। बाद में उसका परिचय कोनी के बांबे आवास निवासी 42 साल के अजय कुमार गुप्ता से हुई। अजय की पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी, जिससे वह अकेले रहता था। इस बीच अजय और विधवा महिला मुन्नी बाई एक-दूसरे को चाहने लगे। इसी के चलते वह अपने बच्चों को छोड़कर अजय के पास आ गई और दोनों साथ रहने लगे। बीते कुछ दिनों से उनके बीच विवाद होने लगा, क्योंकि अजय को मुन्नी के चरित्र पर शंका होने लगा था।
यह खबरें भी पढ़ें
चरित्र शक के आधार पर प्रेमी ने कर दी हत्या
कुछ दिन पहले महिला वापस अपने बच्चों के पास आ गई। वहीं अब उसकी हत्या का मामला सामने आ गया। जान-पहचान वालों ने अजय पर ही महिला की हत्या करने का संदेह जताया। इसी आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया गया और सख्ती से पूछताछ की गई। तब उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
हत्या कर लाश को लगाया ठिकाने, रख लिया था मोबाइल
पुलिस ने बताया कि आरोपी अजय ने मौका पाकर उसका गला दबाया। जब उसकी मौत हो गई तो लाश को झाड़ियों में फेंक दिया। वहीं महिला के मोबाइल को खुद रख लिया था। पुलिस ने उससे मोबाइल भी बरामद कर लिया है। सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से उसे जेल भेजने की तैयारी है।