कोरबा में अवैध छुई खदान धंसी, दबने से एक महिला की मौत, दो की हालत गंभीर

author-image
The Sootr CG
एडिट
New Update
कोरबा में अवैध छुई खदान धंसी, दबने से एक महिला की मौत, दो की हालत गंभीर

KORBA. जिले में एक बड़े हादसे की खबर आ रही है। यहां रामपुर चौकी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक छुई खदान धंसक गई। वहीं मलबे में दबने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि दो अन्य महिलाओं को बाहर निकाल लिया गया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।



मामला कोरबा जिले के रामपुर चौकी क्षेत्र का है



मामला कोरबा जिले के रामपुर चौकी क्षेत्र का है। इस इलाके में छुई पत्थर (स्थानीय भाषा में छुही) बड़े पैमाने पर पाया जाता है। लिहाजा अवैध ढंग से खुदाई कर यहां छु​ई आसपास के स्थानीय ग्रामीण ले जाते हैं। इसके चलते यहां बड़ा और गहरा गड्ढा हो गया है। जबकि खुदाई करने वाले सुरक्षा मापदंडों का भी पालन नहीं करते और बेफिक्र होकर खुदाई में लगे रहते हैं। सोमवार को भी करमंदी और बेंदर कोना गांव के बीच जंगल के किनारे संचालित अवैध खदान में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हुए थे। उनमें से कुछ नीचे उतरकर गैंदी, कुदाल व फावड़े से छुई काट काटकर निकाल रहे थे और बाकी उसकी लोडिंग में लगे हुए थे। 



यह खबर भी पढ़ें






खदान का ऊपरी हिस्सा भरभराकर गिर गया



इसी दौरान अचानक खदान का एक बड़ा ऊपरी हिस्सा भरभराकर गिर गया। मिट्टी और छुई युक्त मलबा सीधे नीचे निकासी में लगी महिलाओं के ऊपर जाकर गिरा। इससे तीन महिलाएं उसमें बुरी तरह से दब गईं। पास में मौजूद अन्य लोगों ने आनन-फानन में उन्हें बाहर निकाला। लेकिन, तब तक जुनवानी निवासी 35 वर्षीय प्रमिला बाई कंवर की मौत हो चुकी थी। मौके पर उसका पति कौशल सिंह कंवर भी मौजूद था। उसने बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुकी थी। वहीं गीता बाई और एक अन्य महिला को जख्मी हालत में बाहर निकाल लिया गया।



घायल महिलाओं का किया जा रहा है उपचार  



इसके बाद तत्काल संजीवनी 108 पर फोन कर मदद मांगी गई। कुछ देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई और दोनों घायल महिलाओं को उससे अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों का उपचार किया जा रहा है। लेकिन, अभी भी उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही प्रमिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


सीजी न्यूज छत्तीसगढ़ में हादसा Accident in Chhattisgarh एक महिला की मौत कोरबा में छुई खदान धंसी CG News one woman dies mine collapses in Korba