/sootr/media/post_banners/2340d9452ecb2f68adbcd4b50844080228ba885c4cc396baccfc0c9fb1a874df.jpeg)
RAIPUR. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पिछले दिनों कई राज्यपालों का फेरबदल किया था। इसके बाद सभी अपने-अपने राज्यों में जाकर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसी क्रम में आज राज्यपाल रमेश बैस झारखंड के बाद अब महाराष्ट्र पहुंच गए हैं। रायपुर से सात बार सांसद रहे बैस ने आज मुंबई के राजभवन में आयोजित समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ ली।
रायपुर से भी बहुत से भाजपा नेता मुंबई पहुंचे
बॉम्बे उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एसवी गंगापुरवाला ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई है। उन्होंने मराठी भाषा में शपथ ली। बैस महाराष्ट्र के 22वें राज्यपाल बन गए हैं। बैस के शपथ ग्रहण समारोह में रायपुर से भी बहुत से भाजपा नेता मुंबई पहुंचे हैं। छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन 23 फरवरी को शपथ लेंगे।
यह खबर भी पढ़ें
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्यपाल का किया स्वागत
इससे पहले रमेश बैस को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित वहां के राजनेताओं ने रांची से विदा किया था। झारखंड पुलिस ने रांची हवाई अड्डे पर बैस को गार्ड ऑफ ऑनर दिया था। रांची से विदा होकर रमेश बैस चार्टर्ड विमान से रायपुर पहुंचे, यहां से वे मुंबई पहुंचे हैं। यहां गार्ड ऑफ ऑनर से उनका स्वागत हुआ। शनिवार दोपहर उन्होंने राजभवन में शपथ ग्रहण के साथ अपनी जिम्मेदारी संभाल ली। इस समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए उन्हें अभिभावक बताया।
उइके की जगह छत्तीसगढ़ आएंगे हरिचंदन
छत्तीसगढ़ राज्य के नवनियुक्त राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन 23 फरवरी को शपथ लेंगे। इसे लेकर मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने प्रमुख अधिकारियों की बैठक ली, साथ ही उन्हें कई आवश्यक निर्देश भी दिए। 23 फरवरी को नए राज्यपाल के रायपुर एयरपोर्ट पर पहुंचते ही स्वागत होगा। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हुई इस बैठक के बारे में चर्चा हुई। बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यपाल अनुसूईया उइके को मणिपुर की राज्यपाल बनाया है। उइके को सरकार ने 16 जुलाई 2019 को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया था। उन्होंने 17 जुलाई को कार्यभार ग्रहण कर लिया था।