/sootr/media/post_banners/6be5faa9b355892c4b1876845bd5bf39244719d474888f998cfa1a4dc083903e.jpeg)
KORIYA. जिले के चरचा में स्थित SECL की अंडरग्राउंड कोयला खदान में माफिया 12 नवंबर की शाम गांववालों से कोयला चोरी करा रहा था। अचानक खदान के अफसर कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को लेकर पहुंच गए। फिर क्या था, माफिया के आदमियों ने उन पर पहले पत्थर और फिर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। सभी जान बचाकर भागे। लेकिन, फिर भी कई को बुरी तरह से जख्मी कर दिया। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक की हालत गंभीर होने पर बिलासपुर के अपोलो रेफर किया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
कई सुरक्षाकर्मी लहूलुहान हो गए
कोरिया जिले में कोल माफिया के हौसले किस कदर बुलंद है इसका अंदाजा इस घटना से लगाया जा सकता है। उच्चाधिकारियों तक शिकायत पहुंची कि अंडरग्राउंड कोलमाइन में कोल माफिया स्थानीय ग्रामीणों से कोयले की चोरी करवा रहा है। उन्होंने सब एरिया अफसर को मौके पर भेजा। वे अपने कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को लेकर पहुंचे। सुरक्षाकर्मियों ने चोरी कर रहे लोगों को मना किया। इसके बाद वे कुछ समझ पाते उससे पहले ही 25 से ज्यादा कोल माफिया उन पर पत्थरों से हमला करने लगे। फिर उन्होंने तलवार भी निकाल लिया। यह सिर्फ डराने के लिए नहीं था बल्कि सीधे वार करने लगे। कई सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी चपेट में आ गए। पाला उल्टा पड़ते देख उन्होंने भागने में ही अपनी भलाई समझी और जैसे- तैसे जान बचाकर उन्हें भागना पड़ा। इस बीच कई सुरक्षाकर्मी लहूलुहान हो गए।
केस दर्ज हुआ
सभी को चरचा स्थित स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। अन्य को जहां भर्ती कर उनका इलाज शुरू किया गया तो वहीं एक की गंभीर हालत को देख उसे तत्काल अपोलो बिलासपुर के लिए रेफर किया गया। वहीं एसईसीएल के स्थानीय सब एरिया मैनेजर ने थाने पहुंचकर कोल माफिया के खिलाफ शिकायत की, तब पुलिस ने अपराध दर्ज किया। वहीं अब इस घटना के बाद एक बार फिर यह चर्चा गर्म हो गया है कि कोयला खदान में माफिया के हौसले बुलंद हैं और उन्हें एसईसीएल के सुरक्षाकर्मियों का भी डर नहीं है। उनके आदमी किसी की भी जान ले सकते हैं। पुलिस की कार्रवाई न होती देख कुछ देर के लिए संसदिय सचिव अंबिका सिंहदेव थाने में ही धरने पर बैठ गईं। उन्होंने कहा- हम कार्यक्रम छोड़कर आए क्योंकि यहां पर SECL के गार्ड पर और चरचा सब एरिया मैनेजर पर पथराव हुआ है, गार्ड को चोट आई है। अफसरों ने विधायक को आश्वस्त किया कि जल्द ही हमलावर पकड़े जाएंगे। तब संसदीय सचिव वापस लौटीं।