/sootr/media/post_banners/248b0eb566dc6c105c58d394d5b63079d3c2d9c7fb7ac936470ad00b3c815054.jpeg)
UJJAIN. उज्जैन जिले के नागदा में शहर के वरिष्ठ डॉक्टर और उनके बेटे पर नर्सिंग होम के बाहर दिनदहाड़े हमला करने का मामला सामने आया। पूरी घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई। दरअसल, हमलावर युवक अपनी मां का इलाज कराने नर्सिंग होम पहुंचा था। हमलावर जिस वक्त पहुंचा, वो डॉक्टर के मिलने का समय नहीं था। डॉक्टर दिन में 2 से 5 बजे तक घर पर रहते थे, लेकिन युवक इसी बीच डॉक्टर को बुलाने की जिद पर अड़ गया। जिस वजह से उसकी स्टाफ से बहस विवाद में बदल गई। नागदा शहर के शर्मा नर्सिंग होम का ये पूरा मामला है।
डॉक्टर पर युवक ने किया हमला
विवाद की सूचना जब डॉक्टर को मिली तो वह सीधे नर्सिंग होम पहुंचे। इसी दौरान युवक ने उन पर हमला कर दिया। इससे डॉक्टर जमीन पर गिर गए। इसके बाद राहगीरों और परिजनों ने डॉक्टर को उठाकर युवक को दबोचा और युवक की पिटाई की। जैसे-तैसे युवक जान बचाकर भागा लेकिन उसकी शर्ट डॉक्टर के हाथ मे रह गई। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई। अब आरोपी युवक पुलिस की गिरफ्त में है। उससे पूछताछ जारी है।
मां का इलाज कराने आया था आरोपी
अपनी मां का इलाज कराने पहुंचे जवाहर मार्ग निवासी शमशेर खान पर आरोप है कि उसने 75 साल के डॉक्टर सत्यनारायण शर्मा और उनके डॉक्टर बेटे अनंत शर्मा पर हमला किया है। डॉ. सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि वह सुबह 7 बजे से क्लीनिक पर आ जाते हैं। दोपहर 2 से 5 तक घर पर आराम के लिए जाते हैं। इस दौरान क्लीनिक बंद रहता है। इस दौरान दोपहर 2 बजे के लगभग शमशेर खान अपनी मां को लेकर नर्सिंग होम पहुंचा। वहां अस्पताल के स्टाफ ने उन्हें कहा कि डॉक्टर घर पर हैं, 5 बजे आएंगे। बस इसी बात पर शमशेर अड़ गया कि आप उन्हें बुलाओ।
लोगों ने युवक की पिटाई की
इसके बाद युवक की स्टाफ से बहस बढ़ गई और मामले ने तूल पकड़ लिया। विवाद बढ़ने पर जब डॉक्टर पहुंचे तो शमशेर ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें डॉक्टर शर्मा के घायल होने के साथ बीच बचाव में बेटे को भी चोंट आई है। मारपीट होते देख आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने युवक को पकड़ा और उसकी पिटाई की। लेकिन वह किसी प्रकार भाग निकला। हालांकि बाद में पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।