आर्मी मैन के घरों में लूट करने वाली गैंग का पर्दाफाश, बीहड़ में फरार हो जाते थे

author-image
Aashish Vishwakarma
एडिट
New Update
आर्मी मैन के घरों में लूट करने वाली गैंग का पर्दाफाश, बीहड़ में फरार हो जाते थे

सुनील शर्मा, भिंड. यहां पुलिस ने लूट और चोरी करने वाली एक गैंग का पर्दाफाश किया है। देहात पुलिस ने इस गैंग के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। खास बात ये है कि ये गैंग सेना के जवानों के घरों को निशाना बनाती थी। इसके बाद बीहड़ के रास्ते से फरार हो जाते थे। आरोपियों ने करीब दस महीने पहले थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में लूट और चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों से चोरी ओर लूट का माल भी बरामद कर लिया है। 





पुलिस को मुखबिर से टिप मिली थी: पुलिस ने 11 मार्च को प्रेस कॉन्फ्रेंस इसका खुलासा किया है। हालांकि इन वारदातों का मास्टरमाइंड अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। देहात थाना पुलिस को मुखबिर से टिप मिली थी कि शहर और आउटर की कॉलोनियों में कुछ चोर सूने मकानों को निशाना बना रहे हैं। इसके बाद देहात थाना प्रभारी ने एक टीम बनाकर दबिश दी और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिन्होंने बीते साल मई में भारौली के पास हुई दो ट्रक से लूट की वारदात को अंजाम देने का खुलासा कर दिया। जिसमें उन्होंने फायरिंग कर ट्रक रोके थे। इस लूट में इन्होंने एक ट्रक चालक से 12 हजार और दूसरे से 53 हज़ार की लूट की थी। इसके बाद बीहड़ों के रास्ते फरार हो गए थे। 





इन चोरियों को कबूल किया: पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने तीन घरों में चोरियां करना भी कबूल किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी करने से पहले घरों की रैकी किया करते थे। इसके बाद सूने मकानों को निशाना बनाते थे। जांच में इसका भी खुलासा हुआ कि ये फौजियों के घरों को टारगेट करते थे। क्योंकि फौजी ड्यूटी पर होने से घर मे ज्यादातर महिलाएं होती थी। चोरों ने इसी के तहत पहली चोरी 9 जून को संतोष नगर में रहने वाले रिटायर्ड फौजी हुसैन खान के घर की। वे अपने पिता के देहांत होने से घर पर नहीं थे। यहां से चोरों ने सोने चांदी के जेवरात समेत 98 हज़ार रुपए की चपत लगाई। 





वहीं दूसरी चोरी 14 जून को भिंड के धर्मनगर निवासी और वर्तमान में महाराष्ट्र में IAS दीपेंद्र सिंह कुशवाह के घर की। उनके परिजन ने मामले की रिपोर्ट की थी जिसमें जेवरात समेत डेढ़ लाख रुपए की चोरी की थी। वहीं, तीसरी चोरी 30 सितंबर को अशोक नगर में आर्मी जवान राघवेंद्र सिंह के घर की। यहां 55 हजार रुपए का सामान और नगदी के साथ ही एक लाइसेंसी बंदूक और 10 राउंड का भी सफाया कर दिया था। इस पूरी कार्रवाई के बाद पुलिस का कहना है कि मामले में अभी एक और आरोपी की गिरफ्तारी बाकी है। 



MP Bhind भिंड क्राइम robbery लूट चोरी Army आर्मी चंबल army man बीहड़ गैंग का पर्दाफाश