Satna: पूर्व सरपंच ने निर्विरोध पंच की गोली मार कर की हत्या, इलाके में सनसनी

author-image
Sachin Tripathi
एडिट
New Update
Satna:  पूर्व सरपंच ने निर्विरोध पंच की गोली मार कर की हत्या, इलाके में सनसनी

Satna. जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र की दुर्गापुर पंचायत में चुनाव का विवाद खूनी हो गया। यहां सरपंच पद के प्रत्याशी के भाई ने निर्विरोध पंच चुने गए 45 वर्षीय व्यक्ति को घर से उठाकर गोली मार दी। गंभीर अवस्था में इलाज के लिए रीवा ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। पंच की मौत के बाद खुद को बचाने के लिए आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर घायल कर लिया और जिला अस्पताल में जाकर भर्ती हो गया। मामले का मुख्य आरोपी क्षेत्र का शातिर बदमाश है, जिसने नागौद के पूर्व एसडीओपी डॉ संतोष डेहरिया पर भी हमला कर चुका है। बहरहाल पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। वहीं आरोपी आकाश सिंह उर्फ सन्नी और उसके भाई दर्पण सिंह को हिरासत में ले लिया है। दोनों पर नागौद तथा सिंहपुर थाने में कई अपराध पंजीबद्ध हैं।बताया जाता है कि सन्नी सिंह पूर्व में ग्राम पंचायत धौरहरा का सरपंच भी रह चुका है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दुर्गापुर में सरपंच पद के लिए प्रत्याशी दर्पण सिंह है। जबकि वार्ड क्रमांक 14 से राजमणि कोल निर्विरोध पंच चुना गया था। बताया जाता है कि राजमणि कोल ग्राम पंचायत में उप सरपंच बनना चाहता था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने दर्पण से इस बात का जिक्र किया कि वह उनके खिलाफ लॉबिंग कर रहा है। इसी बात से बौखलाया सन्नी अपने सहयोगी मुनीम कोल, बालकिशोर गोंड और भोली सिंह धौरहरा के साथ अहरी में आ धमका। बताया जाता है कि इसी दौरान मृतक राजमणि के भाई रामलखन कोल और उसकी भाभी बाहर आई। आरोपियों में शामिल मुनीम ने भाभी को पानी लेने के लिए अंदर भेज दिया। जब वह लौटकर आई तो राजमणि के साथ मारपीट हो रही थी। इसके बाद राजमणि कोल को कार की डिक्की में बंद कर अपने साथ ले गए। सुबह सूचना मिली कि उसकी मौत हो चुकी है। 





इलाज के दौरान मौत





निर्विरोध पंच चुने गए राजमणि को सरपंच प्रत्याशी के भाई ने उसके घर के सामने बेदम पिटाई की गई। लहूलुहान हालत में आरोपी ने रीवा अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद आरोपी भी अस्पताल में भर्ती हो गया। राजमणि की मौत के बाद उसके शव का पीएम मेडिकल कॉलेज रीवा में कराया गया है। रीवा में डॉक्टर पैनल के द्वारा पीएम किया गया है। मृतक का शव देर रात दुर्गापुर पहुंचेगा।





भाभी ने लिखाई रिपोर्ट





मृतक राजमणि की भाभी रानी बाई कोल पत्नी राम लखन कोल ने सिंहपुर पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में रानी ने पुलिस को बताया कि 15-16 की दरमियानी रात करीब 3 बजे सन्नी सिंह और मुनीम कोल घर आए। मुनीम ने पानी मांगा और राजमणि को बाहर बुलाया। इसके बाद सन्नी ने राजमणि को गालियां देते हुए। जमकर मारा। बीच बचाव करने मैं भी गई लेकिन उसने मार कर गिरा दिया। बेदम पिटाई के बाद आरोपी भाग गए। हालांकि कहा जा रहा कि आरोपी सन्नी सिंह ठाकुर ने मृतक राजमणि को गोली मारी है। भाभी की शिकायत पर सिंहपुर थाना पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 294, 323, 324, 307, 505 और 34 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम की धारा 3 (2) (वी) तहत मामला पंजीबद्ध किया है। 





उपसरपंच बनने की थी इच्छा





आदिवासी समाज के युवक राजमणि दूसरी बार उपसरपंच बनने के लिए पंच का चुनाव लड़ रहा था। हत्या के बाद आदिवासी समाज में आक्रोश व्याप्त है। दोपहर में मौत की खबर लगते ही आदिवासियों ने थाना घेर लिया। इसके बाद रैगांव की कांग्रेस विधायक कल्पना वर्मा भी पहुंच गईं। आरोपी सन्नी सिंह के बारे में बताया गया है कि वह हिस्ट्रीशीटर है। इसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। सरपंच पद प्रत्याशी दर्पण सिंह पर भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। सन्नी ने पूर्व में नागौद एस डी ओ पी रहे संतोष डेहरिया के साथ भी मारपीट कर चुका है। हालांकि सन्नी ने खुद के हाथ में गोली मार कर अस्पताल में भर्ती हो गया।







सन्नी का हो चुका है जिला बदर







बताया जाता है कि राजमणि कोल को गोली मारने वाले आकाश सिंह उर्फ सन्नी पर नागौद और सिंहपुर थाने में दर्जनभर से ज्यादा अपराध कायम है। इसके अलावा उसके भाई दर्पण पर भी कई मुकदमे दर्ज हैं। विगत वर्ष में आरोपी सन्नी सिंह का जिला बदर नागौद थाना पुलिस के प्रतिवेदन पर किया जा चुका है। कमाल की बात यह है कि आचार संहिता प्रभावी होने के बाद भी आरोपियों की कोई परेड नहीं कराई गई। 





कस्टडी में चल रहा इलाज







आरोपी के भाई को पुलिस ने घटना के बाद ही हिरासत में ले चुकी थी। इसके अलावा जैसे ही पुलिस को यह मालूम हुआ कि सन्नी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है वैसे ही उसे हिरासत में ले लिया गया। बताया जाता है कि आरोपी भी चोटिल है लिहाजा पुलिस कस्टडी में इलाज चल रहा है। अस्पताल से छुट्टी मिलते ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





भाभी बोली... जान के बदले जान चाहिए







इस मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। हत्या की वारदात के बाद मृतक की भाभी ने कहा कि उसे जान के बदले जान चाहिए। यह उसके साथ न्याय होगा। मृतक के परिजनों से एएसपी सुरेन्द्र जैन एवं एसडीओपी मोहित यादव ने मुलाकात की और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया।



 



पंच प्रत्याशी mp update news Mp latest news hindi Panch candidate gram panchayat durgapur Sarpanch Candidate Satna crime news मौत सतना जिले murder सरपंच प्रत्याशी भाई ने बेदम पीटा