Bhopal: छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला को दिए 118 टांके, पुलिस सुस्त

author-image
Anjali Singh
एडिट
New Update
Bhopal: छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला को दिए 118 टांके, पुलिस सुस्त

Bhopal. भोपाल में अपराध की सीमा आए दिन बढ़ती जा रही है। आलम ये है कि अब महिलाओं का रात तो छोड़ो दिन में भी निकलना मुश्किल हो गया है। रोड पर बदमाश सरेआम छेड़छाड़ करते हैं। कई बार शिकायतें कराने के बाद भी अपराधों पर विराम नहीं लग रहा है। ताजा मामला भोपाल के टीटी नगर इलाके का है। इलाके में एक महिला ने बदमाशों का विरोध किया तो उसके चेहरे पर बदमाशों ने ऐसा घाव दिया कि उसे 118 टांके लगे। घटना 9 जून की रात की है। जहां कुछ मनचले महिलाओं पर भद्दे कमेंट करने के साथ सीटी बजा रहे थे। जिसका विरोध करने पर मनचलों ने महिला पर ब्लेड से हमला कर दिया। इतने गंभीर अपराध के बाद पुलिस ने मामूली धाराओं में केस दर्ज किया।





क्या है पूरा मामला





पीड़िता का नाम सीमा सोलंकी है। वो अपने परिवार के साथ शिवजी नगर में रहती है। 9 जून की रात करीब साढ़े 8 बजे अपने पति के साथ पानी की बोतल खरीदने गई थी। पति होटल के अंदर पानी की बोतल लेने गए थे। इतने में ऑटो में तीन लड़के आए और सीटी बजाकर अश्लील कमेंट करने लगे। महिला ने गुस्से में मनचलों का विरोध किया तो मनचलों ने अभद्र भाषा की प्रयोग किया। इससे गुस्साई महिला ने एक लड़के को दो-तीन थप्पड़ मार दिए। भीड़ जमा होने के बाद तीनों मनचले मौके से फरार हो गए। थोड़ी देर बाद होटल के आगे निकलते ही तीनों लड़कों ने उनका पीछा कर ब्लेड से हमला किया। हमला इतना जोरदार था कि महिला मौके पर ही बेहोश हो गई। जिसके बाद महिला को अस्पताल में होश आया जहां उसके चेहरे से गले तक 118 टांके लगे हुए थे।





पुलिस पर खड़े हो रहे कई सवाल





महिला के साथ सरेआम हुई इस घटना में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को न समझते हुए मामूली धारा में केस दर्ज किया और कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता के पति सुनील सोलंकी ने पुलिस पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज नहीं करने पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि इस तरह से अपराधियों का दुस्साहस बढ़ता ही जाएगा और आए दिन ऐसी घटनाएं सामान्य हो जाएंगीं। पीड़ित महिला ने कहा कि मैं न तो मनचलों को जानती हूं, न ही पहचानती हूं। उन्हें गलती की सजा तो मिलनी चाहिए। मेरे तीन बच्चे हैं, आज मुझे कुछ हो जाता तो उन्हें कौन संभालता? मुझे पुलिस से कोई भी मदद नहीं मिली। मैं चाहती हूं कि आरोपियों को सजा मिले। ऐसी सजा मिले कि दोबारा किसी के साथ ऐसी हरकत न कर सकें।



 



मध्य प्रदेश Bhopal अपराध molestation madhyapradesh टांके छेड़छाड़ Crime टीटी नगर थाना stitch भोपाल tt nagar thana