/sootr/media/post_banners/3973a506c9e48d0ff22c3dba27ba16b225801b41b1557029e7526cfa6ff15eda.jpeg)
NEW DELHI. दिल्ली में श्रद्धा वाल्कर जैसा एक और हत्याकांड सामने आया है। पुलिस को एक ढाबे के फ्रिज में लड़की का शव मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शव को बरामद कर लिया। मामला दिल्ली के बाबा हरिदास नगर थाने का बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया, आरोपी की पहचान साहिल गहलोत के तौर पर हुई है। उससे पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने लड़की की हत्या के बाद लाश को ढाबे के फ्रिज में छिपा दिया।
गर्लफ्रेंड के साथ लिव-इन में रहता था आरोपी, परिवार ने लड़के की शादी दूसरी जगह तय कर दी
दिल्ली के डीसीपी (क्राइम ब्रांच) सतीश कुमार के मुताबिक, मृतक निक्की यादव (22) हरियाणा के झज्जर की रहने वाली थी। वह 2018 से वेस्ट दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में साहिल गहलोत (24) के साथ लिव-इन में रह रही थी। साहिल की शादी परिवार ने कहीं और तय कर दी थी। इसी बात पर 9 फरवरी को निक्की और साहिल के बीच बहस हुई। 10 फरवरी को साहिल ने कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास कार में मोबाइल केबल से निक्की का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद लाश को कार में लेकर घूमता रहा, फिर मित्राऊं गांव के बाहरी इलाके में बने अपने ढाबे के फ्रिज में छिपा दिया। पुलिस को किसी ने ढाबे पर लाश छिपाए जाने की सूचना दी, तब इसका खुलासा हुआ। साहिल ने 10 फरवरी को ही दूसरी लड़की से शादी भी कर ली।
आप ये खबर भी पढ़ सकते हैं
श्रद्धा मर्डर केस जैसा मामला
इससे पहले दिल्ली में हुए श्रद्धा मर्डर केस ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। आरोप है कि दिल्ली के महरौली में श्रद्धा वालकर के प्रेमी आफताब ने उसकी हत्या कर दी थी। आफताब ने पिछले साल 18 मई को श्रद्धा की गला दबाकर हत्या की थी, इसके बाद शव के 35 टुकड़े किए थे। आफताब ने शव को रखने के लिए एक फ्रिज खरीदा था, जिसमें उसने शव के टुकड़ों को रखा था। वह रोज रात को श्रद्धा के शव के एक टुकड़े को महरौली के जंगल में फेंकने जाता था। यही नहीं, आफताब श्रद्धा की हत्या के बाद भी उसी फ्लैट में रह रहा था, इतना ही नहीं फ्लैट में उससे मिलने उसकी और गर्लफ्रेंड भी आती थीं।
पुलिस ने आफताब को 12 नवंबर को गिरफ्तार किया था। आफताब ने श्रद्धा की हत्या की बात पॉलीग्राफी टेस्ट और नार्को में भी मानी थी। आफताब ने कबूला था कि उसने श्रद्धा की हत्या की। आफताब ने ये भी माना था कि श्रद्धा की मौत के बाद उसके कई लड़कियों से संबंध थे। इसके अलावा पुलिस ने महरौली के जंगलों से श्रद्धा के शव के टुकड़ों को भी बरामद किया था। डीएनए टेस्ट में भी शव के टुकड़ों का श्रद्धा के पिता के सैंपल से मिलान हुआ था।