2024 की तैयारी! राहुल 150 दिन में 3570 किमी पैदल चलेंगे, कंटेनर में रहेंगे, टेंट में खाना खाएंगे

author-image
Atul Tiwari
एडिट
New Update
2024 की तैयारी! राहुल 150 दिन में 3570 किमी पैदल चलेंगे, कंटेनर में रहेंगे, टेंट में खाना खाएंगे

BHOPAL. राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस को एकजुट करने और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने के लिए 7 सितंबर से भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है। ये यात्रा कन्याकुमारी से श्रीनगर में खत्म होगी। 150 दिनों तक चलने वाली यात्रा देश के 12 राज्यों से होते हुए गुजरेगी और 3570 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। कांग्रेस ने पहले ही साफ कर दिया था कि यात्रा के दौरान राहुल किसी होटल में नहीं रुकेंगे। 5 स्टार होटल के जरिए यात्रा नहीं होगी और राहुल साधारण तरीके से यात्रा पूरी करेंगे। 





यात्रा के दौरान राहुल का आशियाना एक चलता-फिरता कंटेनर रहेगा। 150 दिन तक वे इसी कंटेनर में रहेंगे। इसमें सोने के लिए बेड, टॉयलेट लगाया गया है। कुछ कंटेनर में एसी की भी व्यवस्था की गई है। उनके साथ पार्टी के 117 नेता भी यात्रा में शामिल होंगे। कांग्रेस के इन नेताओं में 28 महिलाएं भी हैं। महिलाओं को ठहरने और सोने के लिए अलग से कंटेनर बनाए गए हैं।





लोकसभा चुनाव की कवायद





राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा से आम लोगों से जुड़ने की कवायद कर रहे हैं, वे इसे चमक-दमक से दूर साधारण तरीके से इस यात्रा को पूरा करना चाहते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, ये कांग्रेस की 2024 की तैयारी है। ऐसे में राहुल गांधी किसी भी होटल में ठहरने के बजाय कंटेनर में रहेंगे और टेंट में पार्टी नेताओं के साथ खाना खाएंगे। 





कन्याकुमीर से कश्मीर तक चलने वाली इस भारत जोड़ो यात्रा के दौरान रोज कंटेनर के जरिए एक नया गांव बसेगा, जहां राहुल और उनके साथ चलने वाले यात्री ठहरेंगे। करीब 60 कंटेनर को आशियाने के रूप में तैयार किया गया है, जिन्हें ट्रकों पर रखा गया है। ये सभी कंटेनर यात्रा के दौरान साथ नहीं चलेंगे, बल्कि दिन के अंत में निर्धारित जगह पर यात्रा में शामिल लोगों के पास इन्हें पहुंचा दिया जाएगा। 





रात्रि विश्राम के लिए इन सारे कंटेनर को गांव की शक्ल में हर रोज एक नई जगह पर खड़ा किया जायेगा। राहुल सुरक्षा कारणों से एक अलग कंटेनर में सोएंगे। ज्यादातर कंटेनरों में 12 लोग सो सकते हैं। कंटेनरों के गांव में सभी यात्री एक टेंट में राहुल गांधी के साथ खाना भी खाएंगे। जो पूर्णकालिक यात्री राहुल गांधी के साथ रुकेंगे वे एक साथ खाना खाएंगे और आसपास ही रहेंगे।





रोज 22-23 किमी की यात्रा 





भारत जोड़ो यात्रा में ज्यादातर लोग कन्याकुमारी से ही भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो जाएंगे। यह यात्रा 5 महीने तक चलेगी। यात्रा में जाने वाले सभी नेताओं को बताया गया है कि कपड़े धोने की सुविधा 3 दिन में एक बार ही मिल पाएगी। यह यात्रा एक दिन में 22-23 किमी तक चलेगी। यात्रा रोज सुबह 7 बजे शुरू होगी और सुबह 10 बजे तक चलेगी। इसके बाद कुछ घंटे के आराम के बाद दोपहर 3:30 बजे शुरू होगी और शाम को 7 बजे तक चलेगी। 





यात्रा में शामिल नेता ही तैयार करेंगे खाना





जानकारी के मुताबिक, भारत जोड़ो यात्रा में शामिल कांग्रेस नेता अपना नाश्ता और खाना खुद तैयार करेंगे। हालांकि, कुछ जगहों पर राज्य कांग्रेस की इकाइयां भी यात्रा में शामिल कांग्रेस नेताओं के लिए खाने-पीने की व्यवस्था करेंगी। कांग्रेस की तरफ से यात्रा के लिए किसी तरह के बाहरी लोगों को शामिल नहीं किया जा रहा है। राहुल के साथ चलने वाली सभी यात्री एक साथ नाश्ता और भोजन एक ही जगह पर टेंट में बैठकर करेंगे।





कश्मीर से अरुणाचल तक नेता शामिल





भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने वाले नेताओं में जम्मू-कश्मीर से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक शामिल हैं। अरुणाचल प्रदेश से आने वाले आजम जोम्बला 25 साल के सबसे युवा यात्री हैं। अरुणाचल से ही 25 साल के बेम बाई नाम के शख्स भी यात्रा में शामिल हो रहे हैं, जबकि सबसे बुजुर्ग यात्री विजेंद्र सिंह महलावत राजस्थान के रहने वाले हैं। महालवत की उम्र 58 साल है। इसके अलावा कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए नेता और प्रवक्ता भी साथ चलेंगे।  



Congress Bharat Jodo Yatra कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा Rahul walk from Kanyakumari to Srinagar Rahul will sleep in a container Congress preparing for 2024 Lok Sabha elections राहुल कन्याकुमारी से श्रीनगर तक चलेंगे राहुल कंटेनर में सोएंगे कांग्रेस की 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी