/sootr/media/post_banners/7c81d8247dd53ecdc50a3f89468a580de4ee24c4f2eae86a56c3e7b67919b674.jpeg)
BHOPAL. मध्यप्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर दोनों भोपाल आ रहे हैं। यहां वे दोनों पार्टी के डेलिगेट्स से अपने समर्थन में वोट करने की अपील करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद के दोनों प्रत्याशी भोपाल स्थित पीसीसी मुख्याल में पार्टी प्रतिनिधियों (डेलिगेट्स) से अपने पक्ष में वोट मांगेंगे। एमपी कांग्रेस के मुताबिक मल्लिकार्जुन खड़गे 12 अक्टूबर को भोपाल आएंगे। इसके दो दिन बाद यानी 14 अक्टूबर को शशि थरूर आ रहे हैं।
मल्लिकार्जुन खड़गे का पलड़ा भारी
एमपी के लिहाज से मल्लिकार्जुन खड़गे का पलड़ा भारी लग रहा है। क्योंकि पार्टी नेताओं के मुताबिक मल्लिकार्जुन खड़गे को ज्यादा वोट मिल सकते हैं। एमपी में कुल 502 पीसीसी डेलीगेट्स हैं, जो कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में हिस्सा लेंगे। जानकारी के अनुसार 30 से 40 वोट शशि थरूर के पक्ष में डल सकते हैं। जी23 जैसे असंतुष्ट नेता शशि थरूर के समर्थन में वोट कर सकते हैं। बाकी खड़गे को ही वोट देंगे। इससे पहले एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ना चाह रहे थे। लेकिन मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम सामने आने पर उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था। मल्लिकार्जुन खड़गे ने जब चुनाव का पर्चा भरा था, तब एमपी कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने उनका समर्थन करते हुए उनके पक्ष में वोट करने की बात कही थी।
17 अक्टूबर को होगा मतदान
कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव 17 अक्टूबर को होगा। इस दिन पार्टी डेलिगेट्स मतदान करेंगे। नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। कांग्रेस में 22 साल बाद इस तरह का मुकाबला होगा। साल 2000 में सोनिया गांधी और जितेंद्र प्रसाद के बीच मुकाबला हुआ था, जिसमें प्रसाद को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
1997 में भी हुआ था मुकाबला
इससे पहले, 1997 में सीताराम केसरी, शरद पवार और राजेश पायलट के बीच अध्यक्ष पद को लेकर मुकाबला हुआ था, जिसमें केसरी जीते थे। अब इसी तरह की संभावना बन रही है। दरअसल, 'भारत जोड़ो यात्रा' पर निकले राहुल गांधी ने अध्यक्ष की जिम्मेदारी लेने से इंकार कर दिया था। तब मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर ने पर्चा भरा था।