/sootr/media/post_banners/f708dfd88f5dc2c077333a7da7443298e4d7e36a9ccf522f1c92237c71762206.jpeg)
DELHI. पंजाब के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार मामला उन्हें जर्मनी में एक जहाज से नीचे उतारने को लेकर सामने आया है। इसके बाद सियासत गर्मा गई है। विपक्ष ने आप पर निशाना साधते हुए मान पर कार्रवाई करने की मांग की है। दरअसल मुख्यमंत्री भगवंत मान को जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर विमान से नीचे उतार दिया गया। बताया जा रहा कि मान नशे में थे। यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शिरोमणि अकाली दल के चीफ सुखबीर सिंह बादल ने ट्वीट कर मान और केजरीवाल को इस पर सफाई देने को कहा है। उनका कहना है कि इन रिपोर्ट्स ने पंजाबियों को दुनिया भर में शर्मिंदा किया है। मामला 17 सितंबर का है। मान को जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर लुफ्थांसा एयरलाइंस के विमान से नीचे उतार दिया गया था। इस विमान के पैसेंजर्स ने कहा कि वे नशे में थे।
केजरीवाल सफाई दें
अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने कहा- इस विमान के यात्रियों ने मीडिया को जो जानकारी दी है, वह परेशान करने वाली है। जानकारी के मुताबिक, पंजाब के CM भगवंत मान को लुफ्थांसा फ्लाइट से उतारा गया, क्योंकि वे नशे में थे। इस वजह से फ्लाइट 4 घंटे देरी से उड़ान भर पाई।
हैरानी की बात यह है कि पंजाब सरकार इन खबरों पर चुप है। CM भगवंत मान और दिल्ली CM केजरीवाल को इस मुद्दे पर सफाई देनी चाहिए। भारत सरकार को इस मामले में दखल देना चाहिए, क्योंकि इसमें पंजाबी और राष्ट्रीय गौरव शामिल है। अगर मान को विमान से उतारा गया था, तो भारत सरकार को जर्मन सरकार से इस बारे में बात करनी चाहिए।
यह है पूरा मामला
भगवंत मान 17 सितंबर को जर्मनी से दिल्ली लौट रहे थे। ऐसा कहा जा रहा है कि इसी दौरान फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर उन्हें लुफ्थांसा एयरलाइंस के विमान से नीचे उतार दिया गया। वे नशे में थे, इसलिए एयरलाइन ने ऐसा फैसला लिया।लुफ्थांसा वेबसाइट के मुताबिक, यह विमान फ्रैंकफर्ट से शनिवार दोपहर 1.40 बजे रवाना होने वाला था। यह दिल्ली में रात 12.55 बजे लैंड करता, लेकिन इस हंगामे के बाद विमान 4 घंटे की देरी से शाम 5.52 बजे उड़ान भर पाया और सोमवार सुबह 4.30 बजे दिल्ली में लैंड हुआ।
AAP ने कहा- खबर झूठी है
AAP के मीडिया कम्युनिकेशन के निदेशक चंदर सुता डोगरा ने यह सरासर झूठ है। मुख्यमंत्री की तबीयत ठीक नहीं थी। इसी वजह से 17 तारीख की बजाय वे 18 तारीख को दिल्ली रवाना हुए। उधर, AAP ने इस पूरे मामले को खारिज कर दिया है। CM कार्यालय के मीडिया प्रभारी नवनीत वाधवा ने कहा कि यह सब फालतू बातें हैं। मुख्यमंत्री के जर्मनी दौरे के कार्यक्रम के मुताबिक उन्हें 18 सितंबर तक जर्मनी में रहना था।
यात्रियों ने कहा- वे नशे में थे
विमान के बाकी यात्रियों के अनुसार CM मान ने इतनी शराब पी रखी थी कि वे ठीक से चल नहीं पा रहे थे। उनकी पत्नी और सुरक्षाकर्मी उन्हें संभाल रहे थे। इस वजह से सुरक्षा का हवाला देते हुए मान को नीचे उतार दिया गया। उनके स्टाफ ने कोशिश की कि उन्हें न उतारा जाए, लेकिन फ्लाइट का स्टाफ कोई रिस्क नहीं लेना चाहता था। एक अन्य यात्री का कहना है कि इस पूरे वाकये के चलते फ्लाइट चार घंटे लेट हुई। सोशल मीडिया पर इसे लेकर सीएम भगवंत मान की आलोचना हो रही है।
11 सितंबर को जर्मनी गए थे मान
मान 11 सितंबर को जर्मनी गए थे। जर्मनी में उन्होंने म्यूनिख, फ्रैंकफर्ट और बर्लिन का दौरा किया और पंजाब में निवेश की मांग की। वह दुनिया के प्रमुख व्यापार मेले, ड्रिंकटेक 2022 में भी शामिल हुए। उनके साथ उनकी पत्नी और सुरक्षाकर्मियों के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी थे। हालांकि ये पहला मौका नहीं है जब भगवंत मान ज्यादा शराब पीने की वजह से विवादों में आए हों। इससे पहले भी वे शराब के नशे में पंजाब में कैंपेन करते दिखाई दिए थे।