THIRUVANANTHPURAM. कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष के चुनाव को लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है। 22 सितंबर को पार्टी की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस बीच राहुल गांधी ने नए अध्यक्ष को लेकर नसीहत दी है। राहुल ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान केरल में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सिर्फ एक संगठनात्मक पद नहीं है, यह एक वैचारिक पद और एक विश्वास प्रणाली है। जो कोई भी कांग्रेस अध्यक्ष बनता है उसे याद रखना चाहिए कि वह विचारों के एक समूह, एक विश्वास प्रणाली और भारत के एक दृष्टिकोण का प्रतिनिधित्व करता है।
— ANI (@ANI) September 22, 2022
उदयपुर में लिया गया फैसला कायम रहेगा
राहुल ने ये भी कहा कि कांग्रेस के उदयपुर सम्मेलन में जो फैसले लिए गए थे, वो बरकरार हैं। हमने एक व्यक्ति, एक पद की बात की थी। हम इसी के लिए प्रतिबद्ध हैं। नए अध्यक्ष पद के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम आगे चल रहा है। यही कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर गहलोत पार्टी अध्यक्ष चुन लिए जाते हैं तो उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ेगा।
किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं होगी
22 सितंबर को ही देशभर में पीएफआई से जुड़े ठिकानों पर छापे मारे गए, 106 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस पर राहुल ने कहा कि किसी भी तरह की सांप्रदायिकता और हिंसा, चाहे वो कहीं से भी आई हो, एक ही है। इसके लिए जीरो टॉलरेंस होना चाहिए और इससे लड़ा जाना चाहिए।
कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए होना है चुनाव
कांग्रेस में नए अध्यक्ष को लेकर चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। 24 से 30 सितंबर तक नामांकन भरे जाएंगे। 17 अक्टूबर को चुनाव होगा, दो दिन बाद यानी 19 अक्टूबर को नए अध्यक्ष का ऐलान हो जाएगा।