दो राज्यों में सीमा विवाद: असम के CM हेमंत बिस्व सरमा के खिलाफ मिजोरम में FIR

author-image
एडिट
New Update
दो राज्यों में सीमा विवाद: असम के CM हेमंत बिस्व सरमा के खिलाफ मिजोरम में FIR

आईजॉल. असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। अब मिजोरम के कोलासिब में असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व सरमा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इससे पहले दोनों राज्यों की पुलिस ने एक-दूसरे के अफसरों को समन जारी किया था।

किस पर क्या केस?

मिजोरम पुलिस ने असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ 26 जुलाई को हुई झड़प को लेकर हत्या की कोशिश, आपराधिक साजिश के आरोप में केस दर्ज किया है। मिजोरम पुलिस की एफआईआर में हेमंत बिस्व सरमा के अलावा असम के चार पुलिस अफसरों और 2 ब्यूरोक्रेट्स के नाम भी शामिल हैं। इसके अलावा 200 अज्ञात पुलिसकर्मियों पर भी केस दर्ज किया गया है।

मिजोरम पुलिस का आरोप

मिजोरम पुलिस ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि हथियारों से लैस 200 पुलिसकर्मियों ने IG की अगुआई में उनके 20 पुलिस अफसरों पर हमला किया। साथ ही मिजोरम के पुलिस कैंप को रिजर्व फॉरेस्ट की जमीन पर अतिक्रमण बताते हुए जबर्दस्ती कब्जाने की कोशिश की। मिजोरम पुलिस की संख्या काफी कम थी। ऐसे में कैंप को खाली कराने की कोशिश बेकार थी। घटना की सूचना मिलने पर कोलासिब एसपी मौके पर पहुंचे और असम पुलिस के साथ बातचीत की कोशिश की, लेकिन असम पुलिस सुनने को तैयार नहीं थी।

असम सीएम के निर्देश पर कार्रवाई की- मिजोरम पुलिस

मिजोरम पुलिस ने कहा कि असम पुलिस कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थी। उन्होंने एसपी कोलासिब को जबरन यह बताने की कोशिश की कि यह क्षेत्र असम की सीमा में है। असम मुख्यमंत्री के निर्देश पर ही वे कैंप बनाने आए हैं।

दोनों राज्यों की पुलिस ने समन भेजे

मामले में असम पुलिस ने मिजोरम पुलिस के डिप्टी कमिश्नर और एसपी रैंक के 6 अधिकारियों को समन भेजा। सभी से 2 अगस्त को ढोलाई पुलिस स्टेशन में पेश होने को कहा गया है। उधर, मिजोरम पुलिस ने असम के प्रमुख सचिव और डीजीपी को समन भेजकर 1 अगस्त तक पेश होने को कहा है।

26 जुलाई को हुई थी झड़प

26 जुलाई को असम और मिजोरम पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। इस घटना में असम के सात पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। संघर्ष के बाद से ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

CM MIZORAM FIR Dispute Assam State Border Himmanta Biswa sarma The Soot