/sootr/media/post_banners/35a3d94c05a4a6cc43e120ddd178383063ea8bd8e9eeda6f225e1d38b960d1fb.jpeg)
कुशीनगर. उत्तर प्रदेश के कुशीनगर स्थित नौरंगिया गांव में 16 फरवरी की देर रात बड़ा हादसा हो गया। शादी समारोह के दौरान कुआं धसने से 13 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में महिलाएं, किशोरी और बच्चियां शामिल हैं। 10 से ज्यादा लोग घायल हैं। मृतकों के परिवारों को 4 लाख की सहायता का ऐलान किया गया है।
ऐसे घटी घटना: जानकारी के मुताबिक, 16 फरवरी की रात हल्दी के मटकोड़ की रस्म के दौरान अचानक कुएं का स्लैब टूट गया और 25 से ज्यादा महिलाएं, युवतियां और बच्चे भरभराकर कुएं में गिर गए। घटना के बाद गांव में मातम छा गया। शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों के साथ मिलकर सबको कुएं निकाला। गांव से जिला अस्पताल तक हाहाकार मचा रहा। कमिश्नर, डीआईजी, डीएम, एसपी ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य की जानकारी ली।
नौरंगिया गांव के स्कूल टोला निवासी परमेश्वर कुशवाहा के बेटे अमित कुशवाहा की शादी के पहले हल्दी की रस्म हो रही थी। घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित कुएं के सामने मटकोड़ (विवाह के पहले की रस्म) का कार्यक्रम चल रहा था। जिस कुएं के पास कार्यक्रम चल रहा था, उसे स्लैब बनाकर बंद किया गया था। रस्म के दौरान बड़ी संख्या में महिला, युवती और बच्चियां कुएं पर बने स्लैब पर जाकर खड़े हो गए। अचानक स्लैब टूट गया और उस पर खड़ी महिलाएं, युवतियां और बच्चियां कुएं में समा गईं। कुआं काफी गहरा है और पानी भी भरा था। देर रात तक रेस्क्यू चलता रहा।
प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।
— Narendra Modi (@narendramodi) February 17, 2022
जनपद कुशीनगर के ग्राम नौरंगिया स्कूल टोला की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई ग्रामवासियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है।
मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।
प्रभु श्री राम से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) February 17, 2022
5 साल पहले भी हुआ था बड़ा हादसा: नौरंगिया गांव में 5 वर्ष पहले भी एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हुआ था। 2017 में गांव में बारात आई थी, जिसमे सड़क के किनारे द्वार पूजा से पहले आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम चल रहा था। बाराती और घराती आर्केस्ट्रा देख रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित पिकअप लोगों को रौदते हुए निकल गई थी। उस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 10 लोग घायल हुए थे।