लखीमपुर केस: मृतक किसानों के लिए आज अंतिम अरदास, प्रियंका को नहीं मिला मंच

author-image
एडिट
New Update
लखीमपुर केस: मृतक किसानों के लिए आज अंतिम अरदास, प्रियंका को नहीं मिला मंच

लखनऊ. लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Kheri Case) के तिकुनिया में 3 अक्टूबर को हुई किसानों की मौत (Farmers Death) के बाद बवाल जारी है। अब 12 अक्टूबर को मारे गए किसानों की आत्मा की शांति के लिए अंतिम अरदास (श्रद्धांजलि सभा) कार्यक्रम शुरू हुआ। सभा के लिए करीब 30 एकड़ इलाके में इंतजाम किए गए हैं। यह कार्यक्रम स्थल घटनास्थल से एक किमी की दूरी पर है। कार्यक्रम में UP के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और छत्तीसगढ़ से करीब 50 हजार किसान पहुंचे हैं। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandgi Vadra) को मंच पर जगह नहीं मिली। वो नीचे बैठकर किसानों को सुनती नजर आई।

रिमांड गुलदस्तों वाला- टिकैत

मीडिया से बातचीत में राकेश टिकैत ने कहा कि मंत्री के बेटे आशीष की गिरफ्तारी रेड कार्पेट वाली है और रिमांड गुलदस्तों वाला है। किसी पुलिस अधिकारी में पूछताछ करने की हिम्मत नहीं है। राकेश टिकैत ने कहा कि केंद्रीय मंत्री का इस्तीफा और गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन की घोषणा करेंगे। देश के हर जिले में अस्थि कलश लेकर जाएंगे। 24 अक्टूबर को लोग उन्हें प्रवाहित करेंगे और 26 अक्टूबर को लखनऊ आएंगे। राकेश टिकैत ने कहा कि इसकी लड़ाई पूरे देश में लड़ी जाएगी।

संयुक्त किसान मोर्चा की दो टूक

तिकुनिया में संयुक्त किसान मोर्चा ने मंच से कहा कि हम प्रियंका गांधी, दीपेंद्र हुड्डा का स्वागत करते हैं। मगर हम लोगों का यह निर्णय है कि किसान संयुक्त मोर्चा का मंच किसी राजनैतिक व्यक्ति से साझा नहीं किया जाएगा। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी (Jayant Chowdhry) तिकुनिया पहुंचे। जयंत किसानों की आत्मा की शांति के लिए अंतिम अरदास कार्यक्रम में शामिल हुए। जयंत चौधरी को भी मंच पर जगह नहीं दी गई। 

सभी को आने की छूट होगी

संयुक्त किसान मोर्चा के तहसील अध्यक्ष सतनाम सिंह के मुताबिक, शबद कीर्तन के बाद अरदास (श्रद्धांजलि कार्यक्रम) होगा। श्रद्धांजलि सभा में सभी को आने की छूट होगी। कार्यक्रम पर नजर रखने के लिए कमिश्नर रंजन कुमार गुरु नानक देव एकेडमी में कैंप कर रहे हैं। DM डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया, SP विजय ढुल, SDM ओपी गुप्ता भी वहीं हैं। भारतीय किसान सिख संगठन के तहसील अध्यक्ष गुरमीत सिंह रंधावा और भारतीय किसान यूनियन (BKU) के तहसील अध्यक्ष गुरबाज सिंह ने बताया कि कई किसानों की भूमि को मिलाकर कार्यक्रम स्थल तैयार कराया जा रहा है।

8 की मौत हुई थी  

3 अक्टूबर को लखीमपुर के तिकुनिया में किसान प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान एक गाड़ी उन्हें रौंदते हुए निकली थी। चार किसानों समेत 8 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के कई वीडियो सामने आए थे। घटना के बाद काफी बवाल हुआ था। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार को जमकर घेरा। केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष पर आरोप लगे। फिलहाल आशीष को गिरफ्तार कर लिया गया है।

राकेश टिकैत उत्तर प्रदेश Uttar Pradesh मृतकों के लिए आज अंतिम अरदास Ritual लखीमपुर केस प्रियंका गांधी वाड्रा Antim Ardas Rakesh Tikait Lakhimpur Case Priyanka Gandhi Vadra The Sootr Farmers