केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को मिला नया निजी सचिव, हटा दी थी पूरी कोर टीम
समझें क्या है पूरा मामला
- तीन सप्ताह बाद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव का नया निजी सचिव मिला।
- केंद्र सरकार ने आईएएस प्रशांत कुमार को यादव का निजी सचिव बनाया।
- यह नियुक्ति चार सहयोगियों के हटाए जाने के तीन सप्ताह बाद की गई।
- यादव की कोर टीम को हटाना मोदी सरकार की दुलर्भ घटनाओं में माना।
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव को नया निजी सचिव मिल गया है। तीन सप्ताह पहले उनकी कोर टीम के चार सहयोगियों को एकसाथ हटा दिया गया था।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने आईएएस अधिकारी प्रशांत कुमार सीएच को केंद्रीय मंत्री यादव का निजी सचिव नियुक्त किया है।
कुमार हैं बिहार कैडर के आईएएस
आदेश के मुताबिक 2015 बैच के बिहार कैडर के प्रशांत कुमार की नियुक्ति उप सचिव स्तर पर की गई है। यह नियुक्ति केंद्र स्तर पर अधिकारियों के किए गए फेरबदल के तहत की गई है।
आदेश में कहा है कि उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तारीख से पांच साल की अवधि के लिए या मंत्री के कार्यकाल तक होगी। कुमार इससे पहले बिहार के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पद पर तैनात थे।
एक साथ हटाए चार सहयोगी
यादव के निजी सचिव समेत चार सहयोगियों को तीन जुलाई को एकसाथ हटा दिया गया था। हटाने की यह प्रक्रिया मोदी सरकार के कार्यकाल की दुलर्भ घटनाओं में माना गया।
निजी सचिव अमर सिंह को प्रशासनिक कारणों का हवाला देकर हटाया गया। वे आईआरएस थे, जिन्हें उनके मूल विभाग में भेज दिया गया। इसी तरह अतिरिक्त निजी सचिव शैलेश कुमार सिंह को समय से पहले उनके मूल कैडर डीओपीटी में वापस भेज दिया गया।
इसके अलावा एक आदेश में अतिरिक्त सचिव आयुष सरन और सहायक निजी सचिव सिद्धार्थ यादव की सेवाएं समाप्त कर दी गई।
फेरबदल पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
इस व्यापक फेरबदल के बाद कांग्रेस ने सवाल उठाए थे। कांग्रेस के संचार प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने इसे बेहद चौंकाने वाला बताया।
वहीं, विपक्षी पार्टी के राज्यसभा सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने सोशल मीडिया पर लिखा, जनता जवाब चाहती है, आखिर क्या गड़बड़ हुई? क्या सामने आया? और इसके लिए कौन जिम्मेदार हैं?
कोर टीम के हटने से यादव को झटका
कोर टीम के क्लीन स्वीप को केंद्रीय मंत्री यादव के लिए बड़ा झटका माना गया। इसके चलते वह एक सप्ताह से अधिक समय तक अपने निर्वाचन क्षेत्र अलवर भी नहीं पहुंचे।
इस घटना के बाद वह पहली बार 12 जुलाई को भिवाड़ी आए, जो अलवर लोकसभा क्षेत्र में आता है। इस दौरान वह टपूकड़ा में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में दिखाई दिए।
ये भी पढ़ें:-
मंत्री भूपेंद्र यादव के हटाए चार मुख्य सहायक, जानें एक दिन में एक्शन की वजह
भूपेंद्र यादव टीम पर एक्शन तो सचिव जवाबदेह क्यों नहीं, अशोक खेमका का बड़ा सवाल
कोर टीम हटने के बाद पहली बार निर्वाचन क्षेत्र पहुंचे भूपेंद्र यादव, चर्चा में दौरा
भूपेंद्र यादव की बिसात पर क्रय-विक्रय समिति में भाजपा का कब्जा, कांग्रेस को झटका