Truecaller को कहें अलविदा, BSNL ला रहा नया फीचर, अब स्पैम कॉल्स की खैर नहीं
भारत की सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL अपने ग्राहकों के लिए एक बड़ा बदलाव करने जा रही है। अब आपको यह जानने के लिए कि फोन किसका है, किसी थर्ड-पार्टी ऐप जैसे Truecaller (ट्रूकॉलर इंडिया) पर निर्भर नहीं रहना होगा।
बीएसएनएल जल्द ही पूरे देश में CNAP फीचर लॉन्च करने की तैयारी में है। खास बात यह है कि कंपनी ने इस सिस्टम को पहले ही तैनात (Deploy) कर दिया है और अब इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है।
क्या है CNAP और यह कैसे करेगा काम?
कॉलर नेम प्रेजेंटेशन (CNAP)भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) की एक विशेष पहल है। इस फीचर की सबसे बड़ी खूबी यह है कि जब भी आपके फोन पर कोई कॉल आएगी, तो स्क्रीन पर कॉलर का नाम दिखाई देगा। इसके लिए आपको न तो इंटरनेट की जरूरत होगी और न ही किसी अलग सब्सक्रिप्शन फीस की।
यह सिस्टम पूरी तरह से KYC-वेरिफाइड डेटा पर आधारित है, यानी सिम लेते समय जो असली नाम रजिस्टर किया गया होगा, वही स्क्रीन पर फ्लैश होगा। इससे फर्जी और स्पैम कॉल्स पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।
जोन के हिसाब से हो रही है टेस्टिंग
ईटी टेलीकॉम की एक रिपोर्ट के अनुसार, BSNL इस समय अपनी CNAP सेवा को निजी ऑपरेटरों जैसे रिलायंस जियो, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया के साथ जोड़ने की टेस्टिंग कर रहा है।
इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का कहना है कि BSNL के लिए यह सॉल्यूशन पहले ही तैयार है और अब इसे जोन-वाइज तरीके से इंटीग्रेट किया जा रहा है। इस तकनीक को सरकारी संस्थान C-DoT (Center for Development of Telematics) ने खास तौर पर तैयार किया है।
कब तक शुरू होगी यह सेवा?
अगर आप BSNL (भारत संचार निगम लिमिटेड) यूजर हैं, तो आपको ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। बताया जा रहा है कि तकनीकी एकीकरण (Integration) पूरा होने के बाद, अगले 3 से 4 महीनों के भीतर इसे पूरे देश में रोल आउट कर दिया जाएगा।
बता दें कि TRAI ने साल 2025 की दूसरी छमाही में इसे चरणबद्ध तरीके से पेश किया था। दूरसंचार विभाग (DoT) पहले ही 4G और 5G नेटवर्क पर इसका सफल ट्रायल कर चुका है।
क्रॉस-नेटवर्क कनेक्टिविटी पर चल रहा है काम
वर्तमान में यह सुविधा तब सबसे सटीक काम करती है जब कॉल करने वाला और रिसीव करने वाला दोनों एक ही नेटवर्क पर हों। हालांकि, अलग-अलग कंपनियों के नेटवर्क के बीच भी यह नाम सही से दिखाई दे, इसके लिए कंपनियां क्रॉस-नेटवर्क कम्पैटिबिलिटी की चुनौतियों को सुलझाने में जुटी हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि फिलहाल यह फीचर केवल स्मार्टफोन यूजर्स के लिए होगा और फीचर फोन पर उपलब्ध नहीं होगा।
ये खबरें भी पढ़ें...
चोरों को चकमा देकर भागे 7 कुत्ते, सोशल मीडिया बता रहा सुपरहीरो
बाबा अशोक खरात की कृपा या राजनीतिक सेटिंग? रूपाली चाकणकर के इस्तीफे की पूरी कहानी
बिना सेट-टॉप बॉक्स के चलेंगे टीवी, सरकार लाई नई तकनीक
मल्टी-फेथ प्रेयर रूम: जानें, कब और कहां से शुरू हुई एविएशन की अनोखी परंपरा