/sootr/media/post_banners/ec4857c9cdde4ff79e2b8bbd16379721d94dd7037cc33170feeeb8c23ac91638.jpeg)
BENGALURU. चंद्रयान-3 की चांद की सतह पर लैंडिग के बाद की कई तस्वीरें सामने आ रहीं हैं। अब भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने छह पहियों और 26 किलो के प्रज्ञान रोवर के चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने का वीडियो शेयर किया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कैसे लैंडर रैंप से होते हुए रोवर हल्की स्पीड में उतर रहा है।
वीडियो में रोवर के सोलर पैनल्स ऊपर उठे हुए दिखे
इसरो ने विक्रम लैंडर में से प्रज्ञान रोवर के निकलने का वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में रोवर के सोलर पैनल्स ऊपर उठे हुए दिख रहे हैं, इसका मतलब है कि यह सूरज से ऊर्जा लेकर काम करने लगेगा। बता दें कि 23 अगस्त को चंद्रयान-3 ने चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग की थी। चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर ने चंद्रयान-3 की दो तस्वीरें भी भेजी हैं। इन तस्वीरों में बाईं तरफ वाली फोटो में खाली जगह दिख रही है, वहीं दूसरी फोटो में विक्रम लैंडर चांद की सतह पर उतरा हुआ। बता दें कि चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर में हाई रेजोल्यूशन कैमरा ओएचआरसी लगा हुआ है, जो कि अन्य देशों के ऑर्बिटरों के कैमरों से ज्यादा बेहतर है।
इससे पहले चांद की सतह पर लहरों जैसा नजारा दिखा
23 अगस्त शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिग की थी। उसके बाद 24 अगस्त को रोवर को लैंडर मॉड्यूल से बाहर निकालने का वीडियो भी शेयर किया गया था। इस वीडियो में चांद की सतह पर शुरुआत में लहरों जैसा नजारा दिखाई दे रहा था।