छत्तीसगढ़: दुर्गा जुलूस पर चढ़ाई कार; जशपुर में 1 की मौत 16 घायल, कार में भरा था गांजा

author-image
एडिट
New Update
छत्तीसगढ़: दुर्गा जुलूस पर चढ़ाई कार; जशपुर में 1 की मौत 16 घायल, कार में भरा था गांजा

जशपुर. छत्तीसगढ़ के जशपुर में तेज रफ्तार कार ने दुर्गा विसर्जन के लिए जा रहे लोगों को कुचल दिया। कार की टक्कर से 1 व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 लोगों के घायल होने की खबर आ रही है। घायलों में 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना जशपुर के पत्थलगांव की है। इस घटना के बाद लोगों ने कार को आग के हवाले कर दिया। जानकारी के मुताबिक, कार में गांजा भरा हुआ था।

देखिए, कैसे लोगों को कुचलती हुई निकली बेकाबू कार

— TheSootr (@TheSootr) October 15, 2021

एक व्यक्ति ने मौके पर दम तोड़ा, दो की हालत नाजुक

जशपुर के पत्थलगांव में एक तेज रफ्तार कार ने दुर्गा विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद भड़की भीड़ ने मौक़े पर वीडियो बना रहे पुलिस के सिपाही और कार में सवार लोगों की जमकर पिटाई कर दी। गुस्साए लोगों ने लोगों को कुचलने वाली कार में आग लगा दी।

लोगों के गुस्से को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बुलाया

हादसा पत्थलगांव- रायगढ़ रोड पर हुआ। सड़क पर  दुर्गा विसर्जन के लिए झांकियां जा रही थीं। इस बीच रायगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार बेकाबू होकर जुलूस में शामिल लोगों को रौंदती हुई निकल गई। सभी घायलों को इलाज के लिए पत्थलगांव अस्पताल में लाया गया है। बेकाबू भीड़ के आक्रोश को देखते हुए पत्थलगांव में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। एसपी विजय अग्रवाल और कलेक्टर रितेश अग्रवाल मौके पर पहुंच गए हैं।

दो आरोपी गिरफ्तार

लोगों ने पीछा कर कार के ड्राइवर को 5 किलोमीटर दूर सुखरापारा से पकड़ा। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की। लोगों ने टक्कर मारने वाली कार को भी फूंक दिया। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से आरोपी को भीड़ से छुड़ाया। इस केस में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।

ASI सस्पेंड

लोगों का आरोप है कि ASI केके साहू गांजा तस्करी करते थे। लोगों का कहना है कि आरोपी इस ASI के साथ मिलकर गांजा तस्करी करने की फिराक में था। लोग ASI के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद पत्थलगांव थाने के ASI को सस्पेंड कर दिया गया।​​​​​​

दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के

चश्मदीदों का कहना है कि कार की स्पीड 100 से 120 के बीच रही होगी। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों का कहना है कि घटना में गांजा तस्करी करने वाले लोगों का हाथ है। उन्होंने ही दुर्गा विसर्जन में शामिल लोगों को कार से टक्कर मारी। पुलिस ने जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वे दोनों मध्य प्रदेश के हैं। इनके नाम बबलू विश्वकर्मा (21) और शिशुपाल साहू (26) है।

CM ने दिए जांच के आदेश

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि जशपुर की घटना बहुत दुखद और हृदयविदारक है। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों पर भी जांच करेगी। कोई भी बख्शा नहीं जाएगा। सबके साथ न्याय होगा। ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति दे।

BJP ने बघेल पर साधा निशाना

इस हादसे पर BJP ने छत्तीसगढ़ की बघेल सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। बीजेपी नेता अमित मालवीय ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि छत्तीसगढ़ के जशपुर में हिंदू धार्मिक जुलूस के ऊपर से तेज रफ्तार गाड़ी चढ़ गई। हिंदुओं पर सांप्रदायिक प्रोफाइलिंग और हमले का यह दूसरा उदाहरण है, जबकि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गांधी भाई-बहनों (राहुल और प्रियंका गांधी) को यूपी में राजनीतिक आधार ढूंढने के लिए मदद करने में व्यस्त हैं।

1 died chattisgarh jashpur The Sootr 16 injured trample down