CG सरकार में सब ठीक है?: सियासी संकट बढ़ा, कांग्रेस के 13 और विधायक दिल्ली पहुंचे

author-image
एडिट
New Update
CG सरकार में सब ठीक है?: सियासी संकट बढ़ा, कांग्रेस के 13 और विधायक दिल्ली पहुंचे

रायपुर. छत्तीसगढ़ में बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिल रहा है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के दूसरे शक्ति प्रदर्शन का मंच तैयार हो गया है। शुक्रवार यानी 1 अक्टूबर से 2 अक्टूबर की सुबह तक कांग्रेस के 13 और विधायक दिल्ली रवाना हुए हैं। 10 विधायक दिल्ली में पहले से मौजूद हैं। एक विधायक ने बताया कि अभी बड़ी संख्या में विधायक दिल्ली दौरे पर जाएंगे। जो विधायक दिल्ली में हैं, उन्हें वापस आने से रोका गया है।

कोई भी विधायक दिल्ली जा सकता है

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस साहब दोनों ने भी कहा है कि अगर कोई विधायक दिल्ली जाता है, तो कोई मनाही नहीं है। हर कोई चाहता है कि वो हाईकमान मिले, बात करे। इसमें बुराई क्या है? विधायकों द्वारा दस्तखत वाली चिट्ठी ले जाने की बात पर कहा कि ऐसा  जानकारी में नहीं है। क्या ले गए, क्या नहीं ले गए, ये विधायक ही बताएंगे। क्या हो रहा, क्या नहीं हो रहा है, ये वे नेता ही बताएंगे, जो दिल्ली गए हैं।

शनिवार कई विधायक पहुंचे दिल्ली

कांग्रेस विधायक ममता चंद्राकर, कुंवर सिंह निषाद, विनय भगत और लक्ष्मी ध्रुव 2 अक्टूबर सुबह हवाई अड्‌डे पहुंचे। सभी ने कहा, वे निजी काम से दिल्ली जा रहे हैं। शुक्रवार शाम को चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव के साथ शिशुपाल शोरी, लालजीत सिंह राठिया, संतराम नेताम, राजमन बेंजाम, डॉ. केके ध्रुव, उत्तरी जांगड़े, किश्मतलाल नंद दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। रायपुर हवाई अड्‌डे पर पत्रकारों से बातचीत में मरवाही विधायक डॉ. केके ध्रुव ने कहा, उन्हें दिल्ली से बुलाया गया है, क्यों बुलाया गया है ये नहीं पता।

मुख्यमंत्री भूपेश और स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव में तनातनी?

बीते कुछ महीनों से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव (TS Singhdeo) के बीच प्रदेश में ढाई-ढाई साल मुख्यमंत्री को गतिरोध बना हुआ है। हालांकि, इस बारे में कांग्रेस आलाकमान का कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया। विधायकों के दिल्ली दौरे पर 29 सितंबर सिंहदेव कहा था- विधायक दिल्ली जाकर प्रदेश के सियासी हाल और विकास के कामों की चर्चा का दावा कर रहे हैं। सिंहदेव बोले, ‘सब जानते हैं कि छत्तीसगढ़ की राजनीति में क्या चर्चाएं हो रही हैं। बदलाव की बात है तो ये हो सकता है या नहीं, ये देखना होगा। मगर यह बात अब खुल गई है।

The Sootr Delhi Political Crisis chattisgarh MLAs going