/sootr/media/post_banners/498741b2dd807772487497867175ffdbeba7d7066d38c5ec2b0a656b650439ad.jpeg)
New Delhi. देशभर में इन दिनों मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। अलग-अलग राज्यों में बारिश, बाढ़ और भीषण गर्मी के हालात बने हुए हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार में पिछले तीन दिनों में जारी हीटवेव से 98 लोगों की मौत हो चुकी है। यूपी में 54 और बिहार में 44 लोग शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में 15, 16 और 17 जून को बुखार और सांस लेने में तकलीफ की वजह से 400 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनमें अधिकतर की उम्र 60 साल से ज्यादा है। बिहार के 11 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। यहां तापमान 44 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है। इसके अलावा नॉर्थ-ईस्ट के राज्य अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और सिक्किम में भी बारिश हो रही है। असम में ब्रह्मपुत्र नदी उफान पर है। 13 जिलों में बाढ़ से 38 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा सिक्किम के तीन जिलों में बारिश हुई है। चुंगथांग में भूस्खलन की वजह से नेशनल हाईवे बह गया, जिसके बाद यहां 3500 पर्यटक फंस गए। सेना ने इनका रेस्क्यू किया है। मौसम विभाग ने 9 राज्यों में 21 जून तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया है।
ओडिशा में पारा 44 डिग्री के पार, एथलीट हुए बेहोश
ओडिशा के भुवनेश्वर में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया है। यहां इंटर स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है। तेज गर्मी के चलते महिला एथलीट तेजस्विनी शंकर बेहोश होकर गिर गईं। वहीं अन्य खिलाड़ियों को सिर पर पानी डालते देखा गया।
ये भी पढ़ें...
बिहार के 6 जिलों में हीटवेव का रेड, 8 में ऑरेंज और 4 में यलो अलर्ट
बिहार में मौसम विभाग ने लगातार दूसरे दिन भी हीट वेव को लेकर 6 जिलों में रेड, 8 जिलों में ऑरेंज और 4 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, बक्सर और कैमूर में जहां रेड अलर्ट है। कई जिलों में 12वीं तक के स्कूल और आंगनबाड़ी 24 जून तक बंद कर दिए गए हैं।
यूपी में अभी गर्मी, फिर बारिश के आसार
यूपी में बिपरजॉय तूफान के चलते आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिल सकती है। मगर अभी दो दिन गर्मी सताएगी। बाराबंकी, गोंडा, अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, प्रतापगढ़, कौशांबी, सुल्तानपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, सोनभद्र, गाजीपुर, देवरिया, मऊ, बलिया, गोरखपुर, महाराजगंज, अंबेडकरनगर, संतकबीर नगर में तापमान गर्म रहेगा।
छत्तीसगढ़ में मानसून में देरी, गर्मी का कहर
छत्तीसगढ़ में इस साल जून में पड़ रही भीषण गर्मी को इस मौसमी घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। आमतौर पर 10 से 15 जून तक मानसून पहुंच जाता है और मानसून आने से दो-तीन दिन पहले प्री-मानसून की बारिश शुरू हो जाती है। इसलिए जून में ज्यादा गर्मी महसूस नहीं की जाती। इस वर्ष मानसून लेट हुआ और गर्मी भी तेज पड़ने लगी है।
5 राज्यों में अगले 24 घंटों में मध्यम से भारी बारिश के आसार
स्काइमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान, दक्षिण और मध्य राजस्थान, मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा और असम के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश और एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तर गुजरात, पूर्वोत्तर राजस्थान, हरियाणा के कुछ हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और पूर्वोत्तर भारत के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश संभव है। कर्नाटक, कोंकण और गोवा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालय, बिहार के कुछ हिस्सों, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश संभव है।
असम में ब्रह्मपुत्र नदी का पानी बढ़ा, 13 जिले प्रभावित
असम में बारिश के चलते ब्रह्मपुत्र नदी का पानी काफी बढ़ गया है। आसपास जिलों में बाढ़ के हालात हैं। आपदा विभाग के मुताबिक, 13 जिलों में लगभग 38,000 लोग मौजूदा बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। अकेले लखीमपुर जिले में 25,275 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि डिब्रूगढ़ में 3857 लोग, बिश्वनाथ जिले में 3631 लोग प्रभावित हुए।
सिक्किम में सड़क बही, 3500 टूरिस्ट्स को सेना ने बचाया
उत्तरी सिक्किम के चुंगथांग में शुक्रवार (16 जून) को लैंडस्लाइड (भूस्खलन) और बारिश के कारण सड़क बह गई। इससे वहां फंसे करीब 3,500 टूरिस्ट्स को भारतीय सेना ने बचा लिया है। इनमें कुछ कॉलेज स्टूडे्टस भी शामिल हैं। शुक्रवार (16 जून) को लाचेन, लाचुंग और चुंगथांग घाटियों में भारी बारिश हुई।