उत्तर भारत में भारी वर्षा, दिल्ली में बाढ़ का अलर्ट, आज स्कूल बंद, गाड़ियां बहीं तो कहीं पुल, 29 की मौत

author-image
BP Shrivastava
एडिट
New Update
उत्तर भारत में भारी वर्षा, दिल्ली में बाढ़ का अलर्ट, आज स्कूल बंद, गाड़ियां बहीं तो कहीं पुल, 29 की मौत

New Delhi. उत्तर भारत के कई राज्यों में रविवार (9 जुलाई) को जमकर हुई वर्षा से शहरों में सड़कें दरिया बन गईं। नदी-नाले उफना गए। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में ज्यादा असर दिखा। कहीं गाड़ियां तो कहीं पुल बह गए। घरों और बाजारों में पानी घुस गया। दिल्ली में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार (10 जुलाई) को स्कूल बंद रहेगे। हिमाचल में घर-पुल-गाड़ियां बह गई हैं। जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन से दो लोगों की मौत हो गई। भारी बारिश के चलते पंजाब की सोसायटी में नाव चली है। 





publive-image





अबतक 29 लोगों की मौत





भूस्खलन और बारिश से संबंधित घटनाओं में समूचे उत्तर भारत में कुल 29 लोगों की मौत की खबर है। हिमाचल में नौ, उप्र में छह, उत्तराखंड में पांच, पंजाब में दो, राजस्थान, दिल्ली व लद्दाख में एक-एक की जान गई है। जम्मू-कश्मीर में लांस नायक समेत चार लोगों की मौत हो गई।



भारी वर्षा के मद्देनजर कई राज्यों में सरकार ने स्कूलों-कालेजों में छुट्टियां घोषित कर दी हैं। गुरुग्राम में निजी कंपनियों को वर्क फ्राम होम की सुविधा शुरू करने की सलाह दी गई है। उत्तर रेलवे ने 17 ट्रेनों को रद कर दिया और 12 का मार्ग बदल दिया है।





हिमाचल में डूब गया मंदिर





हिमाचल के मंडी में बादल फटने से थुनाग बाजार में मलबा घुस गया तो ब्यास नदी का पानी पंडोह बाजार में भर गया। मंडी जिले में कुल तीन पुल और कुल्लू में 13 वाहन बह गए। ब्यास नदी पर बना पुल करीब 50 वर्ष पुराना था। मनाली में सात घर पानी में समा गए। मंडी स्थित पंचवक्त्र मंदिर ब्यास नदी में पानी बढ़ने से डूब गया। हिमाचल प्रदेश आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, करीब 36 घंटों में 14 जगह भूस्खलन और 13 जगह बाढ़ की सूचना मिली है। इसके चलते 700 से अधिक सड़कों पर यातायात बंद कर दिया गया है। इससे कई जगह यात्री फंस गए हैं। पंडोह बांध से पानी छोड़ने से निचले क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नादौन ब्यास किनारे स्थित कालेश्वर महादेव मंदिर में पानी घुसने से तीन दिन मंदिर जाने पर रोक लगा दी है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से कई गांव व शहर अंधेरे में हैं।





publive-image





उप्र में झमाझम बारिश, परेशानी भी कम नहीं





उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में विशेषकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शनिवार रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रविवार को भी कहीं तेज तो कहीं रुक-रुक कर जारी रहा। इससे नदियों का जलस्तर बढ़ गया, शहरों में यातायात प्रभावित हुआ और ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में पानी भर गया।





उत्तराखंड में हाइवे अवरुद्ध





केदारनाथ हाइवे रुद्रप्रयाग जिले के गौरीकुंड के पास अवरुद्ध है। गंगोत्री हाइवे उत्तरकाशी में बंदरकोट और बदरीनाथ हाइवे चमोली में छिनका के पास बाधित है। बदरीनाथ हाइवे पर ब्यासी के पास तीर्थ यात्रियों को लेकर सोनप्रयाग से ऋषिकेश आ रहा मैक्स वाहन खाई में गिरकर गंगा में समा गया। पांच यात्रियों को रेस्क्यू कर लिया गया है।





पंजाब ने मांगी सेना से मदद





पंजाब के अधिकांश जिलों में शनिवार रात से हो रही भारी वर्षा से उज्ज, सतलुज, ब्यास, घग्गर सहित सभी नदियां और नाले उफान पर हैं, जिससे बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। सतलुज के उफान से फिरोजपुर में सीमा से सटे गांव कालूवाला का शेष देश से संपर्क कट गया है। नदियों से सटे गांवों को खाली कराया जा रहा है। गृह विभाग ने मोहाली के डेराबस्सी में सेना से मदद मांगी है। राज्य में वर्षा से उपजे हालात के बाद स्थिति से निपटने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा है।





राजस्थान के 21 जिलों में यलो अलर्ट





राजस्थान के सभी जिलों में रविवार को तीसरे दिन बारिश का दौर जारी रहा। आकाशीय बिजली गिरने से अजमेर में एक बालक की मौत हो गई। पाली जिले में दो लोग झुलस गए। मौसम विभाग ने सात जिलों में आरेंज और 21 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।





दिल्ली में टूटा 41 साल का रिकॉर्ड





दिल्ली में बारिश का 41 साल का रिकार्ड टूट गया है। IMD के अनुसार, शहर में 24 घंटों में 153 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो 1982 के बाद से जुलाई में एक दिन में सबसे अधिक है। दिल्ली में 58 वर्षीय एक महिला की उसके फ्लैट की छत गिरने से मौत हो गई।





जम्मू-कश्मीर में भारी तबाही





जम्मू-कश्मीर में दो दिन की लगातार भारी वर्षा से बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। झेलम, चिनाब, उज्ज नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया। मैदानी क्षेत्रों में सभी नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ा है, जिसके चलते कई पुल भी टूटे गए। उज्ज दरिया में आई बाढ़ से विभिन्न जगहों पर फंसे 46 लोगों को बचा लिया गया। वहीं, कश्मीर में मौसम में सुधार के बाद पहलगाम रूट से 7000 अमरनाथ श्रद्धालुओं को रविवार दोपहर बाद रवाना कर दिया गया। बालटाल मार्ग से तीसरे दिन भी यात्रा स्थगित रही।





चंडीगढ़ में 70 साल का टूटा रिकार्ड





चंडीगढ़ में शनिवार से शुरू हुई वर्षा 24 घंटे तक लगातार होती रही। इस दौरान 365.4 एमएम से ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जिसने 70 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के अनुसार, शहर के इतिहास में पहली बार जुलाई में एक दिन (24 घंटे) में इतनी ज्यादा बारिश हुई है। शहर में जलस्तर कम नहीं होता देख प्रशासन ने नाव से लोगों को निकालना शुरू किया।





बरसते बादलों ने देशभर में किया बेहाल...







  • हिमाचल प्रदेश में दो दिन के श्रीखंड महादेव यात्रा रोकी गई।



  • तीन दिन के बाद पहलगाम रूट पर अमरनाथ यात्रा शुरू।


  • दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही।


  • मोहाली में बाढ़ जैसे हालात पर NDRF टीम बुलाई गई।


  • चंडीगढ़ में सुखना लेक का वाटर लेवल बढ़ा, बांध खोला गया।


  • हिमाचल प्रदेश में दो दिन के लिए स्कूल-कॉलेज बंद किए गए।


  • पंजाब के रोपड़ जिले में सभी स्कूलों में सोमवार को छुट्‌टी रहेगी।


  • अमित शाह ने दिल्ली और J-K के उपराज्यपाल से हालात का जायजा लिया।


  • दिल्ली में कल बंद रहेंगे सभी स्कूल, CM केजरीवाल ने फैसला लिया।


  • गुरुग्राम में कल स्कूल बंद रहेंगे और वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी।


  • उत्तर रेलवे ने 17 ट्रेनों को कैंसिल और 12 टको डायवर्ट किया है।






  • अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…





    इन राज्यों में तेज बारिश होगी: मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरण, त्रिपुरा, ओडिशा, गुजरात, गोवा और महाराष्ट्र।





    इन राज्यों में मौसम साफ रहेगा





    केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।





    दिल्ली में बाढ़ की चेतावनी जारी





    हरियाणा सरकार ने हथिनीकुंड बैराज से यमुना में 1 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा है। इसके बाद रविवार को दिल्ली सरकार ने बाढ़ की चेतावनी जारी की। अधिकारियों का कहना है कि यमुना में जल स्तर बढ़ रहा है और मंगलवार को खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार करने की उम्मीद है। रविवार को दोपहर 1 बजे पुराने यमुना का जल स्तर 203.18 मीटर दर्ज किया गया।





    MP में 27 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, दो दिन तक भीगेगा पूरा प्रदेश





    मध्य प्रदेश में 27 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी जिले शामिल हैं। बाकी जगह हल्की बारिश हो सकती है



    दिल्ली Heavy rain in North India Heavy rain in Delhi Himachal Pradesh Punjab 29 killed Heavy rain and flood alert उत्तर भारत में भारी बारिश हिमाचल प्रदेश पंजाब में भारी वर्षा 29 की मौत भारी वर्षा और बाढ़ का अलर्ट