न्यूज अपडेट- दिल्ली में DJ बजाने का विरोध करने पर प्रेग्नेंट महिला को गोली मारी, मौत; अकोला में टिन शेड पर गिरा पेड़, 7 मरे

author-image
Atul Tiwari
एडिट
New Update
न्यूज अपडेट- दिल्ली में DJ बजाने का विरोध करने पर प्रेग्नेंट महिला को गोली मारी, मौत; अकोला में टिन शेड पर गिरा पेड़, 7 मरे

NEW DELHI/BHOPAL/RAIPUR.  दिल्ली में डीजे बजाने का विरोध करने पर पड़ोसी ने प्रेग्नेंट महिला को गोली मार दी। परिजन ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां महिला का मिसकैरेज हो गया। 9 अप्रैल को महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के सिरसपुर इलाके में रहने वाले हरीश के यहां 3 अप्रैल को पार्टी थी। उसके घर डीजे बज रहा था। पड़ोस में रहने वाली 8 महीने की प्रेग्नेंट रंजू ने इस पर आपत्ति जताई। इस पर दोनों में कहासुनी हुई और हरीश ने गुस्से में रंजू पर गोली चला दी, जो उसकी गर्दन पर लगी। परिवार के लोगों ने महिला को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया। यहां महिला का गर्भपात हो गया। 9 अप्रैल को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रंजू की भाभी घटना के वक्त मौके पर मौजूद थी, जिसके बयान के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया। गोली लगने के चलते रंजू बोलने की स्थिति में नहीं थी। रंजू बिहार की रहने वाली थी। दिल्ली में उसका पति मजदूरी करता है। हरीश ने रंजू पर अपने दोस्त अमित की बंदूक से गोली चलाई थी। आरोपी हरीश डिलीवरी बॉय है और अमित एक मोबाइल रिपेयर शॉप पर काम करता है। पुलिस ने हरीश और अमित को गिरफ्तार कर लिया है। पहले पुलिस ने मामले में हत्या की कोशिश की धाराओं में केस दर्ज किया था। महिला की मौत के बाद केस में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है।



पेड़ गिरने से 7 की मौत



अकोला जिले पारस गांव में 9 अप्रैल को आई बारिश की वजह से एक टिन शेड पर नीम का पेड़ गिर गया। घटना में शेड धराशायी हो गया। अकोला की कलेक्टर नीमा अरोड़ा ने बताया कि घटना में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30-40 लोग घायल हो गए। घटना के दौरान शेड के नीचे करीब 40 लोग मौजूद थे, जिनमें से 36 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें 4 की मौके पर ही मौत हो गई थी। बाद में मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर शोक जताते हुए ट्विटर पर लिखा, यह घटना दर्दनाक है। डिप्टी सीएम ने कहा, कलेक्टर और एसपी ने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया और घायलों का समय पर इलाज सुनिश्चित करने के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में से कुछ को जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामूली चोटों का इलाज बालापुर में चल रहा है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है।



खबरें अपडेट हो रही हैं...


न्यूज ब्रीफ न्यूज अपडेट्स बड़े एक्सीडेंट्स एमपी भारत में राजनीतिक खबरें भारत की मुख्य घटनाएं News in brief News Updates Big Accidents Political News MP India Main Incidents in India