न्यूज अपडेट्स- आजम खान के बेटे अब्दुल्ला की विधायकी गई, शिवराज आज भागवत से कर सकते हैं मुलाकात

author-image
Atul Tiwari
एडिट
New Update
न्यूज अपडेट्स-  आजम खान के बेटे अब्दुल्ला की विधायकी गई, शिवराज आज भागवत से कर सकते हैं मुलाकात

NEW DELHI/BHOPAL. सपा नेता आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम की विधायकी चली गई है, उनकी स्वार टांडा सीट पर फिर चुनाव होने जा रहे हैं।  विधानसभा सचिवालय के तरफ से अधिसूचना जारी कर बताया गया की स्वार टांडा सीट रिक्त कर दी गई है। अब चुनाव आयोग इस सीट पर दोबारा चुनाव कराएगा। इससे पहले भी अब्दुल्ला आजम की विधायकी छिन चुकी है।. फर्जी प्रमाणपत्र वाले मामले में भी उन्हें दो साल से ज्यादा की सजा हुई थी और उसी वजह से उनकी विधायकी भी रद्द करनी पड़ी थी। अब एक 15 साल पुराने मामले में आजम खान को दोषी पाया गया है और मुरादाबाद की अदालत ने उन्हें दो साल की सजा सुनाई है। इसी वजह से विधानसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता रद्द कर दी है और उनकी स्वार टांडा सीट पर चुनाव होने जा रहे हैं।



शिवराज-भागवत की हो सकती है मुलाकात



मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज यानी 15 फरवरी को संघ प्रमुख मोहन भागवत से नागपुर में मुलाकात कर सकते हैं। इस साल आखिर में मध्य प्रदेश में विधानसभभा चुनाव होने हैं। इस लिहाज से ये मुलाकात अहम बताई जा रही है।



ओंकारेश्वर में पुल का तार टूटा



ओंकारेश्वर में 15 फरवरी को मां नर्मदा पर बने झूला पुल का एक तार टूट गया। तार टूटकर नदी में गिरा तो हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक और एनएचडीसी के अफसरों ने झूला पुल पर आवागमन बंद करा दिया। ऐहतियातन पुल के दोनों गेट बंद कर दिए गए हैं। SDM के मुताबिक, झूला पुल एनएचडीसी के हवाले हैं, उनके इंजीनियर ने मुआयना कर लिया है। महाशिवरात्रि तक झूला पुल ठीक हो जाएगा। ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है। इसलिए महाशिवरात्रि पर प्रदेश और देशभर से लाखों श्रद्धालु जुटते हैं। इस पर्व से ठीक पहले ही तीर्थनगरी के झूला पुल का तार टूट जाने से हड़कंप मच गया। एसडीएम, पुलिस समेत अफसर मौके पर पहुंचे और पुल के दोनों गेट बंद कराए। एंट्री गेट से किसी कारणवश तार टूटा था। तार का करीब आधा हिस्सा टूटकर गिरा है। फिलहाल कोई बड़ा इश्यू नहीं है। एफओबी पुल से आवाजाही जारी है।



न्यूजीलैंड में भूकंप के झटके



तुर्की और सीरिया में तबाही मचाने के बाद अब 15 फरवरी को न्यूजीलैंड में धरती हिली है। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.0 मैग्नीट्यूड मापी गई। बताया जा रहा है कि भूकंप के झटके वेलिंग्टन के दोनों द्वीपों में महसूस किया गया। भूकंप की शुरुआत एक बड़े झटके के साथ हुई, जिसके बाद 30 सेकंड तक हल्के झटके महसूस किए गए। USGS के मुताबिक, न्यूजीलैंड के समय के मुताबिक, भूकंप 15 फरवरी को दोपहर 12.08 मिनट पर आया था। इसका केंद्र जमीन के नीचे 74.3 किलोमीटर की गहराई में था।



झारखंड में दो पक्षों में विवाद, हालात तनावपूर्ण



झारखंड के पलामू में दो समुदायों में विवाद के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। इसके चलते शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। खबर के अनुसार, शिवरात्रि के लिए तोरणद्वार बनाने के मुद्दे पर विवाद हुआ। इसके बाद दोनों तरफ से पथराव और आगजनी हुई, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। खबर के अनुसार, पलामू के पानकी बाजार में एक समुदाय द्वारा शिवरात्रि के लिए तोरणद्वार बनाया जा रहा था, जिसे लेकर दूसरे समुदाय से विवाद हो गया। देखते-देखते विवाद इतना बढ़ा कि 15 फरवरी को दोनों तरफ से पथराव और आगजनी शुरू हो गई। पथराव में 6 लोगों के घायल होने की खबर है। सूचना के बाद तीन पुलिस थानों की टीमें मौके पर पहुंची और हालात पर नियंत्रण किया। ऐहतियातन शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। एसपी सीके सिन्हा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 



रतलाम में ट्रक में घुसी बस, 2 की मौत



रतलाम में सरोवर जमुनिया गांव में यात्रियों से भरी बस फोरलेन पर खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में बस ड्राइवर और कंडक्टर की की मौत हो गई और करीब 15 घायल हो गए। 2 घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज रतलाम सिविल अस्पताल में चल रहा है। घटना 15 फरवरी की सुबह करीब 5.00 बजे की है। पुणे से भीलवाड़ा (राजस्थान) की ओर जा रही बस फोरलेन पर खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी बस की भिड़ंत इतनी भयानक थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह दब गया। वहीं, ट्रक का पिछला हिस्सा टूटने के कारण गेहूं की बोरियां रोड पर बिखर गईं। 



स्विट्जरलैंड में संंसद के बाहर हंगामा



स्विट्जरलैंड की राजधानी बर्न स्थित संसद के गेट के पास से पुलिस ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से पुलिस ने विस्फोटक भी बरामद किया है। जिसके बाद पुलिस ने संसद और संबंधित ऑफिसों को खाली कर दिया। जानकारी के मुताबिक, फेडरल सिक्योरिटी के स्टाफ ने नोटिस किया कि एक व्यक्ति संसद के साउथ गेट से एंट्री कर रहा था। व्यक्ति ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी। सुरक्षाबल के जवानों को उस पर थोड़ा शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहने व्यक्ति की तलाशी ली गई तो उसके पास से विस्फोटक बरामद हुआ। इसके बाद एहतियातन संसद परिसर को खाली करा लिया गया। संसद भवन के आसपास की सड़कों पर आवाजाही बंद कर दी गई। इसके साथ ही फायरब्रिगेड डिपार्टमेंट और बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन्स को तैनात कर दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। 



publive-image



खबरें अपडेट हो रही हैं...


न्यूज ब्रीफ न्यूज अपडेट्स बड़े एक्सीडेंट्स एमपी भारत में राजनीतिक खबरें भारत की मुख्य घटनाएं News in brief News Updates Big Accidents Political News MP India Main Incidents in India