Lok Sabha Election : कन्हैया कुमार ने पिछले साल कमाए सिर्फ 18 हजार रुपए, जानें अब कितनी है संपत्ति
NEW DELHI. देश में इस समय लोकसभा चुनाव ( Lok Sabha Election) की सरगर्मी है। अलग- अलग राज्यों में तीन चरणों में वोटिंग भी हो चुकी हैं। चौथे चरण में 13 मई को मतदान होना है। इस चुनाव में कई सीटें हैं जहां सबकी नजरें टिकी हुई हैं। अगर बात राजधानी दिल्ली की उत्तर पूर्व दिल्ली लोकसभा सीट की करें तो इस सीट पर कांग्रेस पार्टी से कन्हैया कुमार ( Kanhaiya Kumar) और बीजेपी से मनोज तिवारी ( Manoj Tiwari) मैदान में हैं। पूर्वांचल कार्ड ने इस सीट के मुकाबले को कड़ा और दिलचस्प बना दिया है। दोनों ही नेता अपनी-अपनी पार्टी के प्रमुख प्रचारक हैं।
हलफनामे में कई रोचक जानकारी
उत्तर पूर्व दिल्ली लोकसभा सीट (North East Delhi Lok Sabha seat) से कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार ( Congress candidate Kanhaiya Kumar) ने अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया है। 37 साल के कन्हैया के द्वारा दाखिल किए गए चुनावी हलफनामे से कई रोचक जानकारियां सामने आई हैं। हलफनामे के अनुसार उनके नाम पर कोई घर या वाहन नहीं हैं।
सालाना कमाई की बात करें तो 2018-19 में कन्हैया कुमार की कुल कमाई 1.65 लाख रुपए थी। जो अगले वित्त वर्ष में घट गई। 2019-20 में ये घटकर 90 हजार रुपए हो गई। वहीं 2020-21 में कमाई में बढ़कर 1.95 लाख रुपए हो गई। 2021-22 में कांग्रेस नेता की कमाई में फिर कमी आई और ये घटकर 70 हजार रुपए रह गई। 2022-23 में इसमें फिर कमी आई और ये महज 18 हजार रुपए रह गई।
कुल 7 मामले दर्ज, बिहार में 5 केस
जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू)के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की बात करें तो उनके खिलाफ असम, बिहार और दिल्ली में कुल सात मामले दर्ज हैं। उन्हें किसी भी मामले में सजा नहीं हुई है। सभी मामले अदालतों में विचाराधीन हैं। अपने शपथ पत्र में बताया एक मामला असम के कामरूप जिले, चार मामले बिहार के बेगूसराय, एक के बिहार की राजधानी पटना और एक दिल्ली में दर्ज हैं।
कन्हैया कुमार के बैंक खातों में इतने रुपए
चल संपत्ति के रूप में उनके दो बचत खातों में आठ लाख सात हजार 966 रुपए जमा हैं। इनमें से एक खाता जेएनयू कैंपस में स्थित एसबीआई की शाखा में है। इस खाते में चार लाख 52 हजार 57 रुपये जमा हैं। वहीं बेगूसराय के जीरोमाइल स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में कन्हैया के खाते में दो लाख 27 हजार 409 रुपये जमा हैं। कन्हैया ने बताया है कि उनके पास एक लाख 28 हजार 500 रुपए नगद हैं।
कन्हैया के पास घर नहीं
कन्हैया कुमार के पास घर और गाड़ी दोनों नहीं है। उन्होने बताया कि उन पर न तो कोई कर्ज है और न ही उनके पास हीरे-जवाहरात हैं। उनके पास कोई गाड़ी भी नहीं है। कन्हैया के नाम बिहार के मसनदपुर में एक गैर खेतीहर जमीन है। 85.08 वर्ग फीट की जमीन का मौजूदा बाजार मूल्य 2.65 लाख रुपये बताया गया है। अपने शपथ-पत्र में कुल 2.65 लाख रुपये की अचल संपत्ति की घोषणा की है। वहीं चल और अचल संपत्ति दोनों को जोड़ दें तो वे 10.72 लाख रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। कन्हैया कुमार न तो दिल्ली के मतदाता हैं और न ही उनका दिल्ली में कोई मकान है, वे बिहार के बेगूसराय संसदीय क्षेत्र के मतदाता हैं।
क्या है कमाई का जरिया ?
उन्होंने ब्याज और प्रकाशन से मिलने वाली रॉयल्टी को अपनी आमदनी का जरिया बताया है। 2019 में दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से पीएचडी की डिग्री हासिल की है। उन्होंने शेयर बाजार में कोई निवेश भी नहीं किया है। उन्होंने अपनी आय का स्रोत समाज सेवा और किताबों की रॉयल्टी को बताया है।
पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं कन्हैया
इस बार कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार कन्हैया कुमार पहले भी लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। कन्हैया कुमार ने यह चुनाव 2019 बेगूसराय सीट से लड़ा था। यहां उनका सीधा मुकाबला बीजेपी के गिरिराज सिंह के साथ था। उस समय कन्हैया कुमार ने भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी (भाकपा) से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में भाकपा की हार हुई थी।