/sootr/media/post_banners/a4fa6b711c256fe6046fa3b76231cdbe1a89407ada2271f5a14052e7e7a97f1f.jpeg)
Mumbai. विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A. (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) की बैठक मुंबई में बुधवार (31 अगस्त) को शुरू हो रही है, जो 1 सितंबर तक चलेगी। राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने जानकारी दी कि बैठक में 28 पार्टियों के करीब 63 नेता शामिल होंगे। बैठक में नए गठबंधन का लोगो और संयोजक का नाम सामने आ सकता है। इसमें यह भी तय होगा कि कौन सा दल, कहां से और कितनी सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगा। कई राज्यों में गठबंधन में शामिल दल एक-दूसरे के विरोधी हैं। ऐसे में यह बैठक विपक्ष के लिए महत्वपूर्ण हो गई है। दूसरी ओर, गठबंधन के कई घटक दलों ने अपने-अपने नेताओं को प्रधानमंत्री पद के दावेदार के रूप में पेश किया है। आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल, जदयू ने नीतीश कुमार, समाजवादी पार्टी ने अखिलेश यादव, शिवसेना (यूबीटी) ने उद्धव ठाकरे का नाम आगे बढ़ाया है तो वहीं कांगेस की ओर से राहुल गांधी का नाम पहले ही सामने आ चुका है। हालांकि बाद में पार्टियों ने अपने प्रवक्ताओं के बयानों पर सफाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम सर्वसम्मति से तय किया जाएगा। ऐसे में मुंबई की बैठक में इस पर भी निर्णय हो सकता है।
आज की बैठक के तीन मुख्य एजेंडे
- सीट बंटवारे को लेकर चर्चा : 11 सदस्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी मुंबई में होने वाली तीसरी मीटिंग में सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा होनी है। इसमें 11 सदस्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी को भी अंतिम रूप दिया जाएगा। इसमें कांग्रेस, जीएमसी, डीएमके, आप, जेडीयू, आरजेडी, शिवसेना (यूबीटी), एनसीपी, झारखंड मुक्ति मोर्चा, समाजवादी पार्टी और सीपीआई (एम) से एक-एक सदस्य होंगे। गठबंधन में शामिल अन्य छोटे दलों को समिति में जगह नहीं मिलेगी।
2019 के चुनाव का हाल : 26 में से 14 दल 326 सीटों पर दूसरे नंबर पर रहे
सीट बंटवारे को लेकर विपक्ष में सहमति बनाने पर पूरा जोर रहेगा। इस बात पर भी मंथन होगा कि बीजेपी के खिलाफ एक मजबूत उम्मीदवार को उतारा जाए। 2019 में जिस पार्टी का प्रत्याशी दूसरे नंबर पर था, उसे मजबूत दावेदार माना जाएगा। पिछली बार कांग्रेस 209, टीएमसी 19, सपा 31, आरजेडी 19, एनसीपी 15 सहित विपक्षी गठबंधन के 26 में से 14 दल 326 सीटों पर दूसरे नंबर पर रहे थे। बीजेडी, वायआरसी और बीआरएस जैसे दल साथ नहीं हैं, वहां भी ऐसे उम्मीदवार को मजबूत दावेदार माना जाएगा, जिससे बीजेपी को फायदा न हो।
एससी-एसटी को जोड़ने पर काम चल रहा
जिन राज्यों में कांग्रेस लड़ाई में है, वहां एससी-एसटी को जोड़ने पर काम चल रहा है। लंबे समय से मायावती दलित राजनीति का चेहरा हैं, लेकिन उनके घटते जनाधार से स्थान रिक्त हो गया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ लड़ी बीएसपी को 10 सीटें (3.7% वोट) मिली थीं। 2014 में 4.2% वोट थे, लेकिन एक भी सीट नहीं थी। 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी को 22.2% वोट के साथ 19 सीटें मिलीं। 2022 में वोट घटकर 12.9% हो गए और सीट मात्र एक रह गई।
विपक्ष के ये दल हैं I.N.D.I.A. का हिस्सा
कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके, आप, जेडीयू, आरजेडी, जेएमएम, एनसीपी (शरद गुट), शिवसेना (उद्वव गुट), सपा, एनसी, पीडीपी, सीपीएम, सीपीआई, आरएलडी, एमडीएमके, केएमडीके, वीसीके, आरएसपी, सीपीआई-एमएल (लिबरेशन), फॉरवर्ड ब्लॉक, आईयूएमएल, केरल कांग्रेस (जोसेफ), केरल कांग्रेस (मणि), अपना दल (कामेरावादी) और एमएमके शामिल हैं।
बैठक से पहले नीतीश बोले- मुझे संयोजक नहीं बनना
मुंबई में होने वाली बैठक से तीन दिन पहले 28 अगस्त को ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने I.N.D.I.A. का संयोजक बनने से इन्कार कर दिया है। उन्होंने कहा था कि मैं कुछ भी नहीं बनना चाहता, ये बात मैं बार-बार कहता आया हूं। मेरी ऐसी कोई इच्छा नहीं है। मैं बस सभी को एकजुट करना चाहता हूं।
संयोजक पद के लिए चल रही रेस
सूत्रों के अनुसार, बुधवार को बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का नाम संयोजक पद के लिए प्रस्तावित किया जा सकता है। संयोजक पद के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच भी मुकाबला बताया जा रहा है। इसके अलावा संयोजकों के चार पद भी प्रस्तावित किए गए हैं, जिस पर चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस प्रवक्ता बोले- एनडीए के चार दल I.N.D.I.A. में हो सकते हैं शामिल
अपने-अपने गठबंधन को मजबूत करने में एनडीए और I.N.D.I.A. दोनों ही संगठन जुटे हैं। इस बीच कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने I.N.D.I.A में कुछ और राजनीतिक पार्टियों के शामिल होने की संभावना जताई है। उन्होंने कहा, एनडीए की पिछली बैठक में शामिल होने वाले 38 दलों में से चार विपक्षी गठबंधन के संपर्क में हैं। जल्द ही वे हमारे गठबंधन के साथ जुड़ जाएंगे।
/sootr/media/agency_attachments/dJb27ZM6lvzNPboAXq48.png)
Follow Us