‘भारत छोड़ो आंदोलन’ दिवस पर प्रधानमंत्री बोले- भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण भारत छोड़ो, विपक्ष पर साधा निशाना

author-image
Chandresh Sharma
एडिट
New Update
 ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ दिवस पर प्रधानमंत्री बोले- भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण भारत छोड़ो, विपक्ष पर साधा निशाना

New Delhi. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (9 अगस्त) को ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ में हिस्सा लेने वाले वीरों को याद कर नमन किया। प्रधानमंत्री ने भारत छोड़ो आंदोलन दिवस के मौके पर वीडियो मैसेज जारी कर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। इसमें उन्होंने कहा, देश के विकास में कुछ बुराइयां रुकावट बन रही हैं। इसलिए आज भारत एक स्वर में कह रहा है ‘भ्रष्टाचार भारत छोड़ो, वंशवाद भारत छोड़ो और तुष्टिकरण भारत छोड़ो’। मोदी ने कहा, केंद्र सरकार आज से मेरी माटी-मेरा देश अभियान की भी शुरुआत करेगी। 30 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के तहत देशभर में शहीदों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शहीदों की याद में स्मारक पट्टिका लगाई जाएंगी, जिनमें प्रधानमंत्री का संदेश भी शामिल होगा। तीनों सेनाओं के जवान देशभर की ग्राम पंचायतों का दौरा करेंगे। इस दौरान उनका सम्मान किया जाएगा। 





महान लोगों को श्रद्धांजलि







भारत छोड़ो आंदोलन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा,"भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने वाले महान लोगों को श्रद्धांजलि। गांधीजी के नेतृत्व में इस आंदोलन ने भारत को औपनिवेशिक शासन से मुक्त कराने में प्रमुख भूमिका निभाई। आज भारत एक स्वर में कह रहा है: भ्रष्टाचार भारत छोड़ो। राजवंश भारत छोड़ो। तुष्टीकरण भारत छोड़ो।







  • यह भी पढ़ें 



  • लोकसभा में राहुल गांधी ने रावण से की पीएम की तुलना, कहा- सरकार ने मणिपुर में भारत माता की हत्या की, आप देशद्रोही हो






  • वंशवाद के जरिए विपक्ष को घेरा 







    वंशवाद भारत छोड़ो नारे के जरिए मोदी ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा है। दरअसल, बीजेपी हमेशा विपक्षी दलों पर वंशवाद का आरोप लगाती रही है। मोदी ने कई बार अपने चुनावी रैलियों में देश की जनता को भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले दलों से दूरियां बनाने की बात कही है।





    प्रधानमंत्री बोले- बापू के चलते अंग्रेजों को भारत छोड़ना पड़ा







    मोदी ने कहा- 9 अगस्त की तारीख भारत के सबसे बड़े आंदोलनों की साक्षी रही है। इस दिन महात्मा गांधीजी के नेतृत्व में ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ शुरू हुआ था। बापू ने अंग्रजों को भारत छोड़ने के लिए कह दिया था। इसके बाद देश में आंदोलन का माहौल बन गया। आखिरकार अंग्रेजों को भारत छोड़ना ही पड़ा।





    देशभर की मिट्टी से गांवों में बनाई जाएगी अमृत वाटिका







    आज से देश में मेरी माटी-मेरा देश अभियान के तहत अमृत कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। इसमें देशभर के गांवों से 7500 कलशों में मिट्टी दिल्ली लाई जाएगी। साथ ही यात्रा में देश के अलग-अलग हिस्सों से पौधे भी लाए जाएंगे। इस मिट्टी और पौधों से राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के पास अमृत वाटिका बनाई जाएगी। 





    आजादी का अमृत महोत्सव का समापन 







    मेरी माटी- मेरा देश अभियान के साथ ही बुधवार को आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम का भी समापन हो जाएगा। इस अभियान की शुरुआत 12 मार्च 2021 को की गई थी। इसके तहत देशभर में दो लाख से ज्यादा कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधानमंत्री ने कहा, मेरी माटी- मेरा देश कार्यक्रम से हमें देश की आजादी के लिए किए गए बलिदानों का एहसास होगा, इसलिए हर देशवासी को अभियान में शामिल होना चाहिए और उन्हें नमन करना चाहिए। यह हर नागरिक की जिम्मेदारी भी है। 





    अगस्त क्रांति मैदान जाते समय महात्मा गांधी के पड़पोते को पुलिस ने हिरासत में लिया







    इधर, भारत छोड़ो आंदोलन दिवस मनाने के लिए अगस्त क्रांति मैदान जाते समय महात्मा गांधी के पड़पोते तुषार गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। ढाई घंटे बाद तुषर को सांता क्रूज पुलिस स्टेशन से जाने की अनुमति मिली। उन्होंने ट्वीट कर लोगों से अगस्त क्रांति मैदान पहुंचने की अपील भी की है।



    मेरी माटी-मेरा देश अभियान भारत छोड़ो आंदोलन surrounds opposition Modi releases video today the Amrit Mahotsav of Independence ends Meri Mati-Mera Desh campaign Quit India movement विपक्ष को घेरा मोदी ने जारी किया वीडियो आज आजादी के अमृत महोत्सव का समापन