राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 3 हजार किमी का सफर तय कर दिल्ली पहुंची, प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, आज कमल हासन भी शामिल होंगे

author-image
Atul Tiwari
एडिट
New Update
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 3 हजार किमी का सफर तय कर दिल्ली पहुंची, प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, आज कमल हासन भी शामिल होंगे

NEW DELHI. राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंच गई है। राहुल ने 107 दिन में करीब 3 हजार किमी का सफर तय कर लिया है। 108वें दिन वे दिल्ली में प्रवेश कर गए। राहुल लाल किले पर लोगों को संबोधित भी कर सकते हैं। फिल्म अभिनेता और मक्कल निधि मय्यम (एमकेएम) के अध्यक्ष कमल हासन आईटीओ से भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे। पिछले हफ्ते हासन ने बताया था कि उन्हें राहुल गांधी ने बुलाया है। 



कांग्रेस ने दिल्ली में राहुल के मेगा शो की तैयारी की है। खुद राहुल गांधी ने विपक्षी दलों को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए बुलावा भेजा था। राहुल ने चिट्ठी लिखकर आज यात्रा से जुड़ने की अपील की थी। राहुल आज दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस भी कर सकते हैं। 



राहुल बोले- नफरत को प्यार काटेगा, अनुराग ठाकुर ने कहा- राहुल कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रहे



दिल्ली में एंट्री करने से पहले राहुल गांधी ने कहा कि हम भारत की राजधानी दिल्ली के द्वार पर खड़े हैं। यह यात्रा और देश के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। इस पूरी यात्रा के दौरान हमने अपने लोगों के जबर्दस्त ज्ञान से सीखा है। हमने उनकी पीड़ा देखी है और उनकी आकांक्षाओं को सुना है। भारत जोड़ो यात्रा अब मोहब्बत की इस आवाज और भारत के लोगों के मैसेज को दिलवालों की नगरी यानी दिल्ली तक ले जाएगी। आप लोग मेरे शब्दों का नोट कर लें। आपकी नफरत को हमारा प्यार काटेगा। यात्रा के दिल्ली आने पर राजनीति भी शुरू हो गई है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि देश में कोविड केसों में फिर से उछाल देखने को मिल रहा है, लेकिन कांग्रेस कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रही। 






राजघाट समेत समाधियों पर फूल चढ़ाएंगे राहुल



भारत जोड़ो यात्रा बदरपुर बॉर्डर से अपोलो अस्पताल होकर आश्रम जाएगी। दोपहर में आश्रम चौक के पास धर्मशाला में लंच और विश्राम होगा। फिर निजामुद्दीन, इंडिया गेट सर्किल, वहां से आईटीओ, दिल्ली कैंट, दरियागंज होते हुए लाल किला पहुंचेगी। लाल किला से राहुल गांधी के साथ कुछ नेता कार से राजघाट (महात्मा गांधी), वीरभूमि (राजीव गांधी), शांति स्थल (जवाहर लाल नेहरू) समेत अन्य समाधियों पर जाकर फूल चढ़ाएंगे। 






राहुल ने इन नेताओं को भेजा न्योता



राहुल ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा अध्यक्ष मायावती, आरएलडी के प्रमुख जयंत चौधरी, सुभासपा के चीफ ओम प्रकाश राजभर, आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद समेत अन्य तमाम विपक्षी दलों के नेताओं को न्योता भेजा है।



राहुल 46 जिले कवर कर चुके हैं, आज रात से यात्रा का ब्रेक रहेगा



राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 107 दिन में 9 राज्यों के 46 जिले कवर किए हैं। अब सिर्फ 548 किमी की यात्रा बची है। कांग्रेस ने 150 दिन में 3500 किमी पैदल यात्रा का टारगेट बनाया है। अभी 3 राज्यों यूपी, पंजाब और जम्मू-कश्मीर से यात्रा का गुजरना बाकी है। शनिवार यानी 24 दिसंबर रात से यात्रा का 9 दिन का ब्रेक रहेगा। उसके बाद यात्रा 3 जनवरी से उत्तर प्रदेश से शुरू होगी और तीन जिलों को कवर करेगी। यूपी के गाजियाबाद की लोनी बॉर्डर से भारत जोड़ो यात्रा एंट्री करेगी। 4 जनवरी को बागपत, 5 जनवरी को शामली और 6 जनवरी को कैराना से होकर दूसरे चरण में हरियाणा के सोनीपत जिले में प्रवेश में कर जाएगी। वहां से पंजाब और जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होगी। भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी।  

 


Bharat Jodo Yatra Delhi भारत जोड़ो यात्रा विवाद Bharat Jodo Yatra News भारत जोड़ो यात्रा न्यूज Bharat Jodo Yatra Controversy राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा Rahul Gandhi Bharat Jodo Yatra भारत जोड़ो यात्रा सेलिब्रिटी भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली Bharat Jodo Yatra Celebrity
Advertisment