/sootr/media/post_banners/f732e89d6dc115c1cdfeb4d9a5de694d668c745a79065b79f2e0a4d209bc116b.jpeg)
GHAZIABAD. एक नाबालिग से ऑनलाइन गेमिंग के जरिए जुड़ कर उसके धर्मांतरण का मामला सामने आया है। लड़के के पिता ने इसका आरोप मुंबई के एक शख्स पर लगाया है। पिता का कहना है कि बेटे की आदतों पर शक होने के बाद उसका पीछा किया तो इस बात का पता चल सका। लड़का पिछले कई दिनों से जिम जाने के बहाने 5 बार घर से जाता था और फिर लंबे समय तक गायब रहता था। लड़के के पिता ने मुंबई के आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
गाजियाबाद के राजनगर में रहनेवाले शख्स ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा पिछले कुछ दिनों से अजीब हरकतें कर रहा था। वह दिन में पांच बार घर से जाता था और उसका कारण जिम बताता था। उसकी हरकतों पर शक होने के बाद पीछा किया तो पता चला कि वह नमाज पढ़ने के लिए जाता था। जब पिता ने नमाज पढ़ने के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह इस्लाम कबूल कर चुका है। इस्लाम सभी धर्मों से बेहतर है।
इसके बाद पिता ने बेटे का मोबाइल और कंप्यूटर चेक किए तो पता चला कि उसके पास दूसरे धर्म की अनेक सामग्री थी। इनमें से कुछ गैरकानूनी भी थीं।
ऑनलाइन गेमिंग के जरिए हुई थी मुलाकात
लड़के के पिता का कहना है कि उनके बेटे की जान पहचान मुंबई के एक शख्स बद्दो से ऑनलाइन गेमिंग के जरिए हुई थी। बद्दो ने साल 2021 में उनके बेटे को कंप्यूटर के कुछ पार्ट्स भी भेजे थे। इसके बाद से उनके बेटे ने बद्दो से घंटों बातें करना शुरू कर दीं। उन्होंने आरोप लगाया कि बद्दो ने ही उनके बेटे का धर्मपरिवर्तन करवाया है।
गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने की आशंका
लड़के के पिता का कहना है कि उनके बेटे का ब्रेनवॉश किया गया है। इसमें उनके घर के पास के एक धर्मस्थल के लोग भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये लोग गैरकानूनी और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं। उनका बेटा नाबालिग है यह उसे किसी गलत काम में फंसाने की यह साजिश भी हो सकती है।