त्रिपुरा में असेंबली इलेक्शन के लिए वोटिंग, 259 उम्मीदवार मैदान में, बीजेपी ने 55 तो लेफ्ट-कांग्रेस अलायंस ने 47 कैंडिडेट उतारे

author-image
Atul Tiwari
एडिट
New Update
त्रिपुरा में असेंबली इलेक्शन के लिए वोटिंग, 259 उम्मीदवार मैदान में, बीजेपी ने 55 तो लेफ्ट-कांग्रेस अलायंस ने 47 कैंडिडेट उतारे

AGARTALA. त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग खत्म हो चुकी है। 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए 31 महिला उम्मीदवारों समेत 259 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव के लिए 31 हजार मतदानकर्मी 3,327 मतदान केंद्रों पर तैनात हैं। त्रिपुरा में 28 लाख 13 हजार 478 मतदाता हैं। चुनाव के नतीजे 2 मार्च को आएंगे।





बीजेपी ने सबसे ज्यादा उम्मीदवार उतारे





त्रिपुरा चुनाव में सबसे ज्यादा (55) कैंडिडेट सत्ताधारी बीजेपी ने उतारे हैं, जबकि पार्टी ने गठबंधन सहयोगी इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) को 5 सीटें दी हैं। हालांकि आईपीएफटी ने 6 उम्मीदवार खड़े किए हैं। वाम-कांग्रेस गठबंधन में वाम मोर्चे के 47, कांग्रेस के 13 उम्मीदवार हैं। इसके अलावा टिपरा मोथा पार्टी ने 42, तृणमूल कांग्रेस ने 28 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। 58 निर्दलीय और विभिन्न छोटे दलों के 14 उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं।



 



टिपरा मोथा सुप्रीमो प्रद्योत देबबर्मा बोले- चुनाव बाद छोड़ दूंगा राजनीति





टिपरा मोथा सुप्रीमो प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने 16 फरवरी को त्रिपुरा विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद राजनीति छोड़ने का ऐलान कर लोगों को चौंका दिया। उन्होंने कहा कि इसके बाद वह कभी भी बुबागरा (राजा) के रूप में वोट नहीं मांगेंगे। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन 14 फरवरी को एक रैली में त्रिपुरा के पूर्व शाही परिवार के वंशज ने कहा कि कई नेताओं ने भोजन, आश्रय और शिक्षा से वंचित गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ने की उनकी भावना को समझे बिना उन्हें छोड़ दिया है। टिपरा मोथा त्रिपुरा की 60 में से 42 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।



 



कड़ी सुरक्षा व्यवस्था





निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए राज्य में सीएपीएफ की 400 कंपनियां (30,000 सुरक्षाकर्मी) भेजी गई हैं। सीएपीएफ के अलावा, असम राइफल्स, सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और त्रिपुरा पुलिस के जवानो भी बड़ी संख्या में तैनात किया गया है।





त्रिपुरा की 5 हाई प्रोफाइल सीटें



 



1. टाउन बोरदोवाली- पश्चिमी त्रिपुरा जिले में पड़ने वाली इस सीट से मुख्यमंत्री डॉ. मानिक साहा खुद चुनाव लड़ रहे हैं। डॉ. साहा का सीधा मुकाबला कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन के आशीष कुमार साहा से है। 



 



2. चारीलम- यहां से राज्य के उप-मुख्यमंत्री जिष्णुदेव वर्मा चुनाव लड़ रहे हैं। जिष्णुदेव के खिलाफ कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन ने अशोक देबबर्मा को मैदान में उतारा है। अशोक कांग्रेस के दिग्गज नेता हैं। 



 



3. धनपुर- यहां से केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक चुनाव लड़ रहीं हैं। प्रतिमा भौमिक त्रिपुरा से पहली महिला हैं, जिन्होंने आजादी के 75 साल के बाद केंद्रीय मंत्री का पद संभाला। प्रतिमा भौमिक भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं। वो त्रिपुरा से पहली केंद्रीय मंत्री और उत्तर-पूर्व से दूसरी महिला केंद्रीय मंत्री हैं। प्रतिमा त्रिपुरा पश्चिम से लोकसभा सांसद हैं। 



 



4. सबरूम- दक्षिण त्रिपुरा की सबरूम विधानसभा सीट से इस बार कम्युनिस्ट पार्टी और कांग्रेस गठबंधन ने जितेंद्र चौधरी को मैदान में उतारा है। जितेंद्र सीपीआईएम के सबसे वरिष्ठ नेता हैं और मुख्यमंत्री पद के सबसे मजबूत दावेदार हैं। जितेंद्र के खिलाफ बीजेपी ने शंकर राय को अपना प्रत्याशी बनाया है। 





5. कैलाशहर- उनाकोटी जिले में स्थित इस सीट से इस बार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बिराजित सिन्हा चुनाव लड़ रहे हैं। सिन्हा के खिलाफ बीजेपी ने मोहम्मद मोबेशर अली उतारा है। अली त्रिपुरा में चुनाव लड़ रहे भाजपा के दो मुस्लिम चेहरों में शामिल हैं। 



 



त्रिपुरा में अभी क्या समीकरण? 





त्रिपुरा में सबसे ज्यादा आदिवासी समुदाय के वोटर्स हैं। इनकी संख्या करीब 32% है। 60 में से 20 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए रिजर्व हैं। 40 सीटें अनारक्षित है। यही कारण है कि इसके लिए सभी पार्टियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। राज्य की सीमा बांग्लादेश से सटी हुई है और यहां 65% बांग्लाभाषी रहते हैं। 8% मुसलमान रहते हैं। 2021 में बांग्लादेश के दुर्गा पंडालों में खूब हिंसा हुई। इसका असर त्रिपुरा में भी देखने को मिला। यहां भी कई जिलों में तनाव की स्थिति देखी गई। पिछली बार बीजेपी और आईपीएफटी ने सभी 20 आरक्षित सीटों पर जीत हासिल की थी।



त्रिपुरा टिपरा मोथा पार्टी त्रिपुरा बीजेपी उम्मीदवार त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 2023 Tripura Tipara Motha Party Tripura BJP Candidates Tripura Assembly Election 2023 Election News इलेक्शन न्यूज