भोपाल में आज से शुरू हुआ इज्तिमा, इस बार विदेशी जमातें नहीं होंगी शामिल; आयोजन में सिर्फ वेज खाना ही मिलेगा

author-image
Shivasheesh Tiwari
एडिट
New Update
भोपाल में आज से शुरू हुआ इज्तिमा, इस बार विदेशी जमातें नहीं होंगी शामिल; आयोजन में सिर्फ वेज खाना ही मिलेगा

BHOPAL. भोपाल के ईंटखेड़ी में आज यानी 18 नवंबर से इज्तिमा शुरू हो गया है, जो 21 नवंबर तक चलेगा। हिंदुस्तान में इज्तिमा सिर्फ भोपाल में ही होता है। इज्तिमा में देश-विदेश से जमातें आती हैं। इस दौरान इस्लाम के अनुयायी धर्म की शिक्षा हासिल करने और सिखाने आते हैं। 4 दिन के आयोजन में 10 लाख लोगों के जुटने का अनुमान है। इज्तिमा में 300 एकड़ में बड़े पंडाल बने हैं। ये 73वां इज्तिमा है, जो दो साल बाद हो रहा है। इस बार के आयोजन में सिर्फ वेज खाना ही परोसा जाएगा।



इज्तिमा का इतिहास



पहले इज्तिमा का आयोजन भोपाल के इब्राहिमपुरा स्थित मस्जिद शकूर खां में किया गया था। इज्तिमा अरबी भाषा का शब्द है। इसका मतलब कई लोगों का एक जगह पर इकट्ठा होना है। भोपाल में इज्तिमा की शुरुआत साल 1947 में हुई थी। मीडिया के अनुसार पहले इज्तिमा में 14 लोग जुटे थे। इज्तिमा की नींव मौलाना मिस्कीन साहब ने रखी थी। साल 1971 से इज्तिमा का आयोजन बड़े स्वरूप में भोपाल की ही ताजुल मसाजिद में होने लगा। साल 2002 तक ताजुल मसाजिद परिसर में इज्तिमा का आयोजन किया जाता था। लेकिन इज्तिमा में बढ़ती भीड़ को देखते हुए साल 2003 से इज्तिमा का आयोजन भोपाल से सटे ईंटखेड़ी में इज्तिमा का आयोजन होने लगा है। 



विदेशी जमातें नहीं आएंगी 



इज्तिमा के इतिहास में पहली बार विदेशी जमातें शामिल नहीं होंगी। इससे पहले रूस, इंडोनेशिया, अफगानिस्तान, नामिबिया, अमेरिका और जर्मनी आदि देशों से जमातें शामिल होती रही हैं। तमाम देशों में संक्रमित करने वाली बीमारियों को ध्यान में रखते हुए विदेशी जमातों को नहीं बुलाया गया है।



इज्तिमा में इन चीजों पर पाबंदी 



इस बार इज्तिमा कमेटी ने नॉनवेज खाने पर पाबंदी लगाई है। यहां नॉनवेज नहीं मिलेगा। इसके अलावा पॉलिथीन का भी उपयोग नहीं किया जाएगा। साथ ही कमेटी ने पहली बार विदेशी जमातों को शामिल करने पर पाबंदी लगाई है। इन सब व्यवस्थाओं के बीच 4 दिवसीय इज्तिमा में 10 लाख लोग शामिल होंगे। यहां मुस्लिम धर्मगुरु लोगों को धार्मिक शिक्षा देंगे। इसके बाद लोग यहां से निकलकर समाज में जाकर कुरान और पैगंबर मोहम्मद का संदेश समाज जनों को देंगे।



भोपाल शहर में आने वाली यात्री बसों का डायवर्सन




  • सागर, छतरपुर, दमोह, रायोन, होशंगाबाद, जबलपुर, छिंदवाडा, बैतूल की ओर से आने वाली बसें 11 मील, मीसरोद, आरआरएल तिराहा, हबीबगंज नाका, सांची दुग्ध संघ होते हुए आईएसबीटी की ओर आवागमन कर सकेंगी। आईएसबीटी से आगे यात्री बसों का नादरा बस स्टेण्ड की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। 


  • इंदौर से भोपाल की ओर आने वाली बसें हलालपुर बस स्टैण्ड का उपयोग कर सकेंगी। इंदौर उज्जैन की ओर से आने वाली यात्री बसों का मार्ग खजूरी बायपास, बैरागढ़ से हलालपुर बस स्टैण्ड पर अपनी यात्रा समाप्त करेंगी। हलालपुर बस स्टैण्ड से आगे लालघाटी की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।



  • 10 डॉक्टर्स की टीम तैनात



    बता दें कि किसी भी विषम परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए ईटखेड़ी इज्तिमा स्थल पर तीन अस्थाई अस्पताल बनाए गए हैं। यहां प्रशासन द्वारा दस डॉक्टर्स की टीम तैनात की जा रही है। इस टीम में अनुभवी चिकित्सा स्टॉफ रहेगा। इतना ही नहीं ईटखेड़ी स्थल पर आने वाले लोगों को एलोपैथी, यूनानी और आयुर्वेद पद्धति से उपचार की सुविधा मुहैया हो सकेगी। 



    स्वच्छ पानी ही निकलेगा बाहर



    बता दें कि इस बार एक और खास व्यवस्था आयोजकों द्वारा की जा रही है। भोपाल में लगने वाले इज्तिमा में लगभग 10 लाख लोगों के आने का अनुमान है। इसके लिए आयोजकों द्वारा यहां सीवेज प्लांट बनाया गया है। आयोजन के दौरान उपयोग होने वाले पानी को इस सीवेज प्लांट में ट्रिटमेंट करने के बाद ही बाहर छोड़ा जाएगा, ताकि किसी को कोई परेशानी ना हो सके और स्वास्थ्य के हानिकारक ना हो।




    Madhya Pradesh News मध्यप्रदेश न्यूज Alami Tablighi Ijtima begins in Bhopal from today organization of Muslim community in MP history of Ijtima भोपाल में आज से आलमी तब्लीगी इज्तिमा शुरू एमपी में मुस्लिम समुदाय का आयोजन इज्तिमा का इतिहास