HBD रजनीकांत: किसने दिया नाम, फिल्मों में क्यों उन्हें मरता नहीं दिखाते, जानें 10 किस्से

author-image
एडिट
New Update
HBD रजनीकांत: किसने दिया नाम, फिल्मों में क्यों उन्हें मरता नहीं दिखाते, जानें 10 किस्से

चेन्नई. साउथ के सुपर स्टार रजनीकांत (South's Superstar Rajinikanth) का आज यानी 12 दिसंबर को जन्मदिन है। (Rajinikanth Birthday) वे 71 साल के हो गए। फिल्मों में लक-दक दिखने वाले रजनीकांत जिंदगी में बेहद सामान्य हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे असल लुक (लुंगी, शर्ट, कोई विग नहीं) में रहते हैं। उनकी फिल्मों में एंट्री किसने कराई, उन्हें नाम किसने दिया, खुद रजनी किसके फैन हैं, इस तरह के कई अनसुने किस्से हम बताने जा रहे हैं, पढ़ें 10 पॉइंट्स...

1. किसने कराई पहली एंट्री

फिल्मों में आने से पहले रजनीकांत बैंगलोर (Bangalore) में एक बस कंडक्टर के रूप में काम करते थे। निर्देशक के.बालाचंदर (Director K. Balachander) ने रजनीकांत को अपनी बैंगलोर यात्रा के दौरान देखा और उन्हें अपनी फिल्म में एक मौका दिया। फिल्मों में रजनी को लाने का श्रेय के.बालाचंदर को ही जाता है। रजनीकांत ने 1975 में  फिल्म 'अपूर्व रागंगल' से अपने फिल्मी करियर की शुरूआत की थी।

2. फिल्मों में क्यों उन्हें मरता नहीं दिखाते?

फिल्म मेकर्स मानते हैं कि अगर वो फिल्म में रजनीकांत को मरता हुआ दिखाएंगे, तो उनकी फिल्म फ्लॉप हो सकती है। मणिरतनम (Mani Ratnam) की फिल्म थलापती में रजनीकांत के किरदार को मरता हुआ दिखाना था पर रजनी के किरदार को मरता देख कर कहीं दंगे न भड़क जाएं इसलिए इस सीन को दोबारा री-शूट किया गया। 

3. कैसे राजनीति में आए रजनीकांत

रजनीकांत राजनीति में भी अपना हाथ आजमा चुके (Rajinikanth quits Politics) हैं। जिसके लिए उन्होंने रजनी मक्कल मंदरम नाम का संगठन बनाया था। लेकिन राजनीति उनको रास नहीं आई और उन्होंने 2020 में अपने संगठन को भंग करते हुए यह ऐलान किया कि भविष्य में भी राजनीति में आने का उनका कोई प्लान नहीं है।

4. थलाइवा के नाम से क्यों हैं मशहूर

रजनीकांत अपने फैंस के बीच थलाइवा नाम से फेमस हैं। लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि उनकों यह नाम क्यों मिला है। दरअसल तमिल में थलाइवा (Thalaiva) का मतलब होता है लीडर और साउथ में रजनीकांत को लोग एक लीडर के तौर पर देखते हैं।

5. रजनीकांत का पहला प्यार

रजनीकांत ने 1981 में लता रंगचारी से शादी की थी, वो लता से पहली बार तब मिले थे जब लता कॉलेज मैगजीन के लिए रजनीकांत का इंटरव्यू लेने आयी थीं। सुपरस्टार रजनीकांत को भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा सम्मान 'दादासाहब फाल्के अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया है। पिछले 5 दशकों से सिल्वर स्क्रीन पर लोगों को मनोरंजित करने वाले रजनीकांत ने अपने जीवन में काफी संघर्ष किया है लेकिन उनकी इस जर्नी में उनके साथ साए की तरह उनकी पत्नी लता रंगचारी रही हैं, जिनसे रजनीकांत बेपनाह मोहब्बत (Rajinikanth love story) करते हैं।

6. भैरवी ने बनाया रजनीकांत को सुपरस्टार

1978 में रिलीज हुई एम.भास्कर की फिल्म भैरवी में पहली बार रजनीकांत सोलो लीड रोल के किरदार में नजर आए थे। यह फिल्म जबरदस्द हिट रही और रजनीकांत रातों-रात सुपरस्टार बन गए।

7. रजनीकांत हैं इनके दीवाने

सिर्फ साउथ इंडिया ही नहीं बल्कि देश से लेकर दुनियाभर में सुपरस्टार रजनीकांत के फैंस हैं। पर रजनीकांत खुद सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के फैन हैं। शुरूआती दिनों में रजनीकांत, अमिताभ बच्चन की हिन्दी फिल्मों के तेलुगू रीमेक में उनकी जगह लिया करते थे। डॉन की तेलुगू रीमेक बिल्ला रजनी की पहली कमर्शियल हिट साबित हुई।

8. रोडपति से करोड़पति का सफर

रिपोर्ट्स की मानी जाए तो रजनी कांत 365 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, रजनीकांत एक फिल्म के लिए लगभग 50 करोड़ तक चार्ज करते हैं, लेकिन अगर फिल्म फ्लॉप हो जाए तो प्रोड्यूसर को वे अपनी फीस तक वापस कर देते हैं। इसी के साथ रजनीकांत चैरिटी में भी काफी पैसा खर्च करते हैं।

9. ये है रजनीकांत का पूरा नाम

12 दिसंबर 1950 में बेंगलुरू में जनमें रजनीकांत का असली नाम शिवाजीराव गायकवाड़ है। उनका ये नाम प्रसिद्ध मराठा सम्राट शिवाजी के नाम पर पड़ा था।

10. फैन रजनीकांत को भगवान मानते हैं

रजनी की फैन फॉलोइंग का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अभीतक रजनीकांत के 66 हजार रजिस्टर्ड और अनगिनत बिना रजिस्टर्ड किए गए फैन क्लब हैं। उनके फैंस को लेकर कई किस्से मशहूर हैं। उनके एक फैन गोपी रजनीकांत की हर फिल्म रिलीज होने पर अपने शहर के 1000 गरीबों को फ्री में चेन्नई ला कर मूवी दिखाते हैं। फैन रजनीकांत को भगवान के जैसा पूजते हैं। दक्षिण भारत में रजनीकांत के कई जगह मंदिर हैं।

द-सूत्र ऐप डाउनलोड करें :

https://bit.ly/thesootrapp

द-सूत्र को फॉलो और लाइक करें:

">Facebook  |   Twitter |   Instagram  |  Youtube

Bangalore Souths Superstar Rajinikanth Director K. Balachander Mani Ratnam