मुंबई : कन्नड़ फिल्मों के सुपरस्टार पुनीत राजकुमार (Puneeth Rajkumar) का शुक्रवार को वर्कआउट करते वक्त दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। उनके निधन से कर्नाटक समेत पूरा देश शोक में डूबा हुआ है। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को उनकी बेटी के अमेरिका से लौटने के बाद होना था, लेकिन उनकी बेटी के लेट होने की वजह से पुनीत का अंतिम संस्कार आज यानी रविवार 31 अक्टूबर को होगा। उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
लाखों फैंस ने किए अंतिम दर्शन
शनिवार को पुनीत राजकुमार के पार्थिव शरीर को कांतीरवा स्टेडियम में रखा गया था। जहां कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने भी एक्टर को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा उनके लाखों फैंस उनके अंतिम दर्शन के लिए स्टेडियम पहुंचे थे। उनकी मौत की खबर से सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई थी। उनकी मौत के सदमे में उनके 3 फैंस की मौत भी हो गई है। बता दें कि एहतियात के तौर पर बेंगलुरु में दो रात के लिए शराब की बिक्री भी रोक दी गई है और कई इलाकों में धारा 144 भी लगाई गई है।
ऐसे हुई पुनीत की मौत
बता दें कि पुनीत राजकुमार शुक्रवार, 29 अक्टूबर को अपने जिम में कसरत कर रहे थे जब उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की और बाद में उन्हें तुरंत विक्रम अस्पताल में भर्ती कराया गया और आईसीयू में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन डॉक्टर्स की कई कोशिशों के बाद भी वह उन्हें बचा नहीं पाए। पुनीत, डॉ. राजकुमार और पर्वतम्मा के 5 बच्चों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी अश्विनी रेवंत और दो बेटियां हैं। पुनीत के पिता राजकुमार साउथ इंडियन सिनेमा के आइकॉन थे। वे कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के पहले एक्टर थे, जिन्हें दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड मिला था।
अधूरी रह गई फिल्म
पुनीत भी चेतन कुमार की निर्देशित जेम्स की शूटिंग कर रहे थे। लेकिन वो ये फिल्मी पूरी नहीं कर पाए। पुनीत राजकुमार ने 1985 में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने करीब 29 कन्नड़ फिल्मों में काम किया है। उन्हें बेट्टाडा हूवु में अपनी एक्टिंग के लिए बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला था। इसके अलावा वह अप्पू (2002), अभि (2003), वीरा कन्नडिगा (2004), मौर्य (2004), आकाश (2005), अजय (2006), अरसु (2007), मिलाना (2007), वामशी (2008), राम (2009), जैकी (2010), हुदुगरू (2011), राजकुमार (2017), और अंजनी पुत्र (2017) सहित कई फिल्मों में मेन एक्टर के रूप में दिखाई दिए थे।