MP में मध्यप्रदेश रहते हैं: धार के एक टीचर का नाम मध्यप्रदेश सिंह, बेटे का नाम भोपाल रख दिया

author-image
एडिट
New Update
MP में मध्यप्रदेश रहते हैं: धार के एक टीचर का नाम मध्यप्रदेश सिंह, बेटे का नाम भोपाल रख दिया

शेक्सपियर ने कहा है कि नाम में क्या रखा है। उन्होंने एक नॉवेल लिखा और उसका नाम रखा- एज यू लाइक इट यानी आपको जो पसंद हो वही नाम रख लीजिए। अब शेक्सपीयर साहब को कौन बताए कि पसंद भी कोई चीज होती है। बात है मध्यप्रदेश की, यहां के एक शख्स केवल अपने नाम की वजह से ही चर्चित हैं। इनका बेटा भी नाम की वजह से चर्चा में है।

टीचर हैं मध्यप्रदेश

एमपी के जिस शख्स की मैं बात कर रहा हूं, वो धार जिले के मनावर के रहने वाले हैं। पेशे से टीचर हैं। झाबुआ के शहीद चंद्रशेखर आजाद कॉलेज में गेस्ट फैकल्टी हैं और बच्चों को भूगोल पढ़ाते हैं। मगर उनका नाम क्या है। नाम ही तो है जो उन्हें दूसरों से अलग करता है। ज्यादा सस्पेंस नहीं रखते है और आपको उनका नाम बता ही देते हैं। उनका नाम है मध्यप्रदेश सिंह। उनके आसपास के लोग भी उनका नाम सुनकर ठहाके लगाते है। लोगों के मन में बड़ा कौतूहल होता है कि यार नाम तो रमेश, दिनेश, राजू, राम, बंटी होते हैं, राज्य के नाम पर किसी का नाम, ये कैसे हो सकता है।

बड़े भाई ने सुझाव दिया

मध्यप्रदेश सिंह जब थोड़े बड़े हुए तो ऐसा ही सवाल उनके मन में भी था। एक दिन पिता मदन अम्लावर से पूछा ही लिया कि ऐसा नाम क्यों रखा तो पिता ने कहा कि इच्छा थी कि कुछ अलग नाम रखा जाए। मध्यप्रदेश के बड़े भैया राधू सिंह ने नाम सुझाया कि मध्यप्रदेश रख देना चाहिए तो उनका नामकरण यही हो गया। नाम मध्यप्रदेश और आगे जुड़ गया सिंह और अम्लावर, यानी मध्यप्रदेश सिंह अम्लावर।

नाम की समस्याएं भी आती हैं

अपने नाम के चलते मध्यप्रदेश सिंह को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कोई समझता है कि जोक है, इसलिए वे हमेशा आधार कार्ड अपने साथ रखते हैं। जब इनकी शादी हुई तो पत्नी को भी बड़ा अजीब लगा। लेकिन नाम की वजह से ही पति ने शोहरत हासिल की तो अब पत्नी को कोई गिला शिकवा नहीं है। मध्यप्रदेश सिंह अपने नाम की वजह से फेमस हो चुके है। अब उन्होंने बेटे का नाम भी ऐसा रख दिया है कि वो भी जल्द ही मशहूर हो जाएगा। उन्होंने बेटे का नाम रखा है भोपाल यानी भोपाल सिंह। भोपाल मध्यप्रदेश की राजधानी है। यानी एमपी और उसकी राजधानी भोपाल के नाम के दो शख्स मध्यप्रदेश के निवासी हैं।

नाम में ही रखा है!