हिंदू धर्म में माना जाता है कि 33 करोड़ देवी देवताएं है। कुछ देवी-देवताओं को छोड़ दिया जाए तो बमुश्किल किसी को इनके नाम याद होंगे। आपको ये जानकर हैरानी होगी कि त्रिपुरा में एक जगह ऐसी है जहां आप 99 लाख 99 हजार 999 देवी देवताओं की मूर्तियों को देख सकते हैं।.
उनाकोटी की मूर्तियां रहस्यमयी
त्रिपुरा की राजधानी अगरतला से 145 किमी दूर उनाकोटी है। यहां मौजूद 99 लाख 99 हजार 999 देवी देवताओं की मूर्तियां कैसे आईं, ये रहस्य है। इन्हें लेकर कई किवदंतियां हैं। सबसे पहला सवाल तो ये कि मूर्तियों की संख्या 99 लाख 99 हजार 999 क्यों है, एक करोड़ मूर्तियां क्यों नहीं है?
कई कहानियां प्रचलित
उनाकोटी एक पहाड़ी इलाका है। दूर दूर तक इस इलाके में केवल घने जंगल है। सवाल ये भी है कि घने जंगल में मूर्तियां कैसे पहुंचीं। इसी से जुड़ी एक कहानी यहां के स्थानीय लोगों में प्रचलित है।
महादेव गुस्सा हो गए थे
कहा जाता है कि एक बार भगवान शिव समेत एक करोड़ देवी-देवता किसी स्थान पर जाने के लिए निकले थे। वो अपनी मंजिल तक पहुंचते, उससे पहले रात हो गई। ऐसे में सभी देवी देवताओं ने शिवजी से उनाकोटी में थोड़ी देर रुक कर आराम करने के लिए कहा। शिवजी भी इसलिए तैयार हो गए और उन्होंने सभी को आदेश दिया कि सूर्योदय से पहले सभी को इस जगह से निकलना होगा। महादेव कि बात मान कर सभी देवी देवता विश्राम करने के लिए चले गए। सूर्योदय से पहले केवल शिवजी ही जागे, बाकी देवी देवता सोते रह गए। इस बात से महादेव नाराज हो गए। महादेव जब नाराज होते है तो फिर उनपर किसी का बस नहीं होता। बस इसी पर भगवान शिव ने श्राप दिया और सभी देवी देवताओं को पत्थर बना दिया।