/sootr/media/post_banners/0ea130648eb666b4355f0a4ffce1ed084fad75e130c3fa0b8bf2b7cf2f897135.png)
सागर. यहां के रहली में एक शादी और उसके बाद विवाद का मामला सामने आया है। लड़की ने 1 महीने पहले घर से भागकर शादी की थी, वह एक महीने बाद वापस लौटी तो इस बात की सूचना देने वह थाने पहुंची। इसी दौरान लड़की के परिजन भी थाने पहुंच गए और कुछ ही देर में वे लड़की को पीटने लगे। मारपीट होती देख लड़की के ससुराल के लोग उसे बचाने के लिए आए। तभी दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। पुलिस ने मामले को शांत कराया। इसी दौरान पुलिस को 22 साल से फरार आरोपी फरार मिल गया।
क्या है पूरा मामला
घटना दो दिन पुरानी है अब इस घटना का वीडियो सामने आया है। पंडलपुर निवासी युवक का अपने रिश्तेदार की बेटी से प्रेम संबंध था। महीनेभर पहले दोनों ने घर से भाग कर शादी कर ली। युवती के परिजन ने लड़की के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शनिवार, 14 अगस्त को युवक और युवती रहली वापस लौटे और शादी की जानकारी देने थाने पहुंचे। इसी बीच युवक और युवती के परिवार वाले भी थाने पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच बहस होने लगी और विवाद बढ़ता ही चला गया। युवती के परिवार वाले उसे अपने साथ ले जाने के लिए अड़ गए। युवती के मना करने पर परिजन उसे पीटने लगे। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। पुलिस ने बमुश्किल बीच बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया।
22 साल से फरार आरोपी भी गिरफ्तार
रहली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा के मुताबिक, घर से भागकर युवक-युवती ने शादी की थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत नहीं की। दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार भी हैं। विवाद के दौरान रहली पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा के मामले में 22 साल से फरार वारंटी प्रकाश लडिया को पकड़ा है। वह विवाद के दौरान शामिल था। पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रकाश लडिया निवासी पंडलपुर 1999 में दर्ज शासकीय कार्य में बाधा के मामले में फरार था। इसके अलावा वन विभाग के एक मामले में 1997 से फरार चल रहा था, जिसे गिरफ्तार कर कोर्ट पेश किया गया है।