मध्यप्रदेश को रणजी चैंपियन बनाने वाले 5 हीरो, 41 बार की चैंपियन मुंबई को हराकर जीता खिताब

author-image
Rahul Garhwal
एडिट
New Update
मध्यप्रदेश को रणजी चैंपियन बनाने वाले 5 हीरो, 41 बार की चैंपियन मुंबई को हराकर जीता खिताब

BHOPAL. मध्यप्रदेश की टीम पहली बार रणजी चैंपियन बनी है। मध्यप्रदेश ने 41 बार की चैंपियन मुंबई को हराकर खिताब अपने नाम किया। मध्यप्रदेश की इस ऐतिहासिक जीत में टीम के सभी खिलाड़ियों का योगदान रहा लेकिन वे 5 ऐसे खिलाड़ी जो हीरो रहे। रजत पाटीदार, शुभम शर्मा, यश दुबे, कुमार कार्तिकेय और गौरव यादव ने मध्यप्रदेश की जीत में सबसे ज्यादा योगदान दिया।



रजत पाटीदार



मध्यप्रदेश की टीम के रजत पाटीदार ने 6 मैच की 9 पारियों में 658 रन बनाए। उनका सबसे बड़ा स्कोर 142 रन का रहा। रजत ने 2 शतक और 5 फिफ्टी लगाई। फाइनल में रजत ने 122 रन की शानदार पारी खेली और मध्यप्रदेश को रणजी चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया। रजत पाटीदार रणजी के इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 82.25 के औसत से रन बनाए। रजत पाटीदार IPL में बैंगलोर के लिए प्लेऑफ में शतक लगाकर सुर्खियों में आए थे।



यश दुबे



रणजी के इस सीजन में यश दुबे सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चौथे नंबर पर रहे हैं। उन्होंने 6 मैच की 10 पारियों में 614 रन बनाए। यश दुबे ने 76.75 की औसत से रन बनाए। उन्होंने दो शतक और एक फिफ्टी लगाई। यश दुबे ने फाइनल में 133 रन की शानदार पारी खेली थी। यश दुबे ने ही फाइनल में मध्यप्रदेश की जीत की नींव रखी थी।



शुभम शर्मा



शुभम शर्मा इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पांचवें नंबर पर रहे। शुभम मध्यप्रदेश की टीम के तीसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे। शुभम ने 6 मैच की 9 पारियों में 608 रन बनाए। शुभम ने रणजी टूर्नामेंट में 4 शतक और एक फिफ्टी लगाई। शुभम ने 76 के औसत से रन बनाए। फाइनल मुकाबले में भी शुभम ने 116 रन की शानदार पारी खेली थी। शुभम और यश ने मिलकर अच्छी पार्टनरशिप करके मध्यप्रदेश को पहली पारी में बढ़त दिलाई थी।



कुमार कार्तिकेय



मध्यप्रदेश के कुमार कार्तिकेय रणजी सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में दूसरे नंबर पर रहे। कुमार ने 6 मैच की 11 पारियों में 32 विकेट चटकाए। एक पारी में उन्होंने 50 रन देकर 6 विकेट लिए थे। कुमार का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 128 रन देकर 8 विकेट रहा। कुमार ने 21 के औसत से और 2.27 की इकॉनमी से गेंदबाजी की। फाइनल मुकाबले में कुमार कार्तिकेय 5 विकेट अपने नाम किए।



गौरव यादव



रणजी के फाइनल में गौरव यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 6 विकेट चटकाए। गौरव यादव इस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में चौथे नंबर पर रहे। गौरव ने 10 पारियों में 23 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने एक पारी में 11 रन देकर 5 विकेट लिए। गौरव यादव ने 18.91 के औसत से और 3.42 की इकॉनमी से गेंदबाजी की।


Madhya Pradesh Ranji Trophy Final first time hero Yash Dubey Shubham Sharma mp win mp beat mumbai historical victory Rajat Patidar Kumar Karthikeya Gaurav Yadav ऐतिहासिक जीत रणजी जीत रणजी ट्रॉफी की जीत के हीरो