/sootr/media/post_banners/9079ecd488cdbfe12f03205d23c90bcd2207e16383af59ced82f0157d711f81e.jpeg)
Panna. बाघों के लिए प्रसिद्ध मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में हथिनी केनकली ने एक नर हाथी को जन्म दिया है। इस नन्हें बच्चे का वजन लगभग 100 किलोग्राम है। यहां हाथियों के कुनबे में एक नन्हा मेहमान आने से खुशी का माहौल है, वहीं हाथियों की देखरेख करने वाले पन्ना टाइगर रिजर्व के महावत और प्रबंधन नन्हें हाथी के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित भी हैं। बता दें कि ये नन्हा बच्चा अंदरूनी चोट के कारण खड़ा नहीं हो पा रहा है। हाथी के बच्चे का प्रारंभिक स्तर पर पन्ना टाइगर रिजर्व की चिकित्सकीय टीम ने निगरानी और उपचार के बाद स्कूल फॉर वाइल्डलाइफ एंड फॉरेंसिक हेल्थ नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा महाविद्यालय जबलपुर से पांच सदस्यीय चिकित्सकों की टीम को बुलाया गया। 5 सदस्यीय टीम ने डॉक्टर शोभा जावड़े के नेतृत्व में निरीक्षण और उपचार किया।
अंदरूनी चोट की वजह से खड़ा नहीं हो पा रहा था बच्चा
पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक उत्तम कुमार शर्मा ने बताया कि मादा हाथी केनकली ने एक नर बच्चे को जन्म दिया था। हाथी का बच्चा जन्म के बाद से पीछे के पैरों में खड़ा नहीं हो पा रहा था। आशंका थी कि बच्चे के पिछले हिस्से में कोई अंदरूनी चोट की वजह से वो खड़ा नहीं हो पा रहा है। पन्ना टाइगर रिजर्व के अनुभवी महावतों की टीम और चिकित्सकों ने सतत निगरानी और उपचार किया। खड़ा नहीं होने की वजह से बच्चा दूध नहीं पी पा रहा था। बच्चे को खड़ा करने के लिए कृत्रिम व्यवस्था बनाई गई। इसके बाद 24 घंटे में बच्चा दूध पीने लगा है। वर्तमान में हाथी के बच्चे के स्वास्थ्य में सुधार है और बच्चे को स्वयं खड़ा करने के लिए कोशिश की जा रही हैं। पन्ना टाइगर रिजर्व के अनुभवी महावत पूरी देखरेख कर रहे हैं।
पन्ना टाइगर रिजर्व में 16 का हुआ हाथियों का कुनबा
नन्हें मेहमान के आ जाने से पन्ना टाइगर रिजर्व में हाथियों का कुनबा बढ़कर अब 16 हो गया है। हाथियों के इस कुनबे में दुनिया की सबसे उम्रदराज हथिनी वत्सला भी शामिल है, जो पन्ना टाइगर रिजर्व के लिए किसी धरोहर से कम नहीं है। बच्चे को जन्म देने वाली हथिनी केनकली और उसके बच्चे की पूरी देखभाल की जा रही है। हथिनी को दलिया, गुड़, गन्ना और शुद्ध घी से बने लड्डू खिलाए जा रहे हैं ताकि नन्हें बच्चे को पर्याप्त दूध मिल सके। हथिनी और उसके बच्चे की देखभाल के लिए 24 घंटे स्टाफ तैनात है।