/sootr/media/post_banners/09715e09bfd4a259033e2f7552382aa6ab0831bf3ec12b743c3a3da0dff985f5.jpeg)
BHOPAL. रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित किए जाने वाले टैगोर अंतरराष्ट्रीय साहित्य एवं कला महोत्सव- विश्वरंग के अंतर्गत 28 सितंबर को देश के प्रतिष्ठित लेखक अमीश त्रिपाठी के साथ इंटरेक्टिव सेशन का आयोजन हुआ। ये आयोजन जहांनुमा पैलेस में किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन इंदौर लिटरेचर फेस्टिवल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति और विश्वरंग के निदेशक संतोष चौबे के द्वारा अमीश त्रिपाठी को मेमेंटो प्रदान कर हुई। वहीं, विश्वरंग की सह-निदेशक अदिति चतुर्वेदी ने रबीन्द्रनाथ टैगोर की एक अनूठी पेंटिंग कैटेलॉग भी उन्हें भेंट की। इसके बाद स्वागत वक्तव्य विश्वरंग के सह-निदेशक सिद्धार्थ चतुर्वेदी द्वारा दिया गया।
सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने अपने वक्तव्य में उन्होंने विश्वरंग की परिकल्पना बताई और वर्ष 2022 में 14-20 नवंबर तक होने वाले भव्य विश्वरंग की रूपरेखा से अवगत कराया। इसके अलावा कार्यक्रम में टैगोर अंतरराष्ट्रीय साहित्य एवं कला महोत्सव का पोस्टर लॉन्च किया गया। इस दौरान अमीश त्रिपाठी ने विश्वरंग की सराहना करते हुए यह आयोजन भारतीय साहित्य और संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। विश्वरंग के स्वप्नदृष्टा संतोष चौबे के प्रयासों से भारतीय सहित्य और संस्कृति की झलक वैश्विक स्तर पर दिखाई दे रही है। अब ऐसे ही ढेरों प्रयासों के कारण विदेशों में भारत की पुरानी छवि में बदलाव आ रहा है।
देश में कांच की बिल्डिंग, पश्चिमी माइंडसेट का कारण
अमीश त्रिपाठी के साथ इंटरेक्शन को मॉडरेट करने के लिए इस दौरान गेट सेट पेरेंट विथ पल्लवी की फाउंडर और पेरेंटिंग एक्सपर्ट पल्लवी राव चतुर्वेदी मौजूद रहीं। उनके सवालों के जवाब पर बात करते हुए अमीश ने बताया कि भारत में हमारे प्रबुद्ध वर्ग को अपने माइंड को डिकॉलोनाइज करने की आवश्यकता है। इसका उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि हम भारत में कांच की बिल्डिंग बना रहे हैं जबकि हमारे देश का मौसम इसके अनुकूल नहीं है। यह पश्चिमी माइंडसेट के कारण है। हमारे माइंडसेट का कॉलोनाइजेशन कई जगहों पर दिखाई देता है। हम अपने इतिहास के बाजीराव, कान्होजी आंग्रे, सुहेलदेव आदि जैसे कई ऐसे नायकों को नहीं जानते जो बहुत अद्भुत थे, जिनकी कहानियां हमें पता होनी चाहिए, पर हमारी जनरेशन उनसे परिचित नहीं है।
इसी प्रकार हमें अक्सर बताया जाता है कि हम 1947 में राष्ट्र बने और ब्रिटिशर्स ने हमें एक राष्ट्र के रूप में खड़ा किया। बल्कि यह सच नहीं है, हजारों साल पहले हमारे विष्णुपुराण में भारत को परिभाषित किया गया है। एक ऐसे स्थान के रूप में जो हिमालय के दक्षिण और हिंद महासागर के उत्तर में है जहां भरत की संतति निवास करती है। इस कारण अमीश त्रिपाठी कहते हैं कि इतिहास में सुधार की आवश्यकता है।
हमारी कहानियों का वैज्ञानिक शोध किया जाए- अमीश
डिस्कवरी टीवी पर आ रही अपनी नई वेबसीरीज पर बात करते हुए अमीश ने कहा कि इसकी तैयारी के दौरान हमने कई नए तथ्यों की भी खोज की है। पहले हमारा अधिकांश नॉलेज बुकिश था। इसकी रिसर्च के दौरान जब हम देशभर में घूमें तो हम रामायण में वर्णित कई तथ्यों से रूबरू हो पाए जिनसे दुनिया पहले अनजान थी। ऐसे ही एक तथ्य पर बात करते हुए अमीश कहते हैं कि रामायण चित्रकूट में गुप्त गोदावरी नदी का वर्णन करती है। असल में इस नदी के बारे में कोई नहीं जानता। पर हम जब चित्रकूट पहुंचे और वहां काफी रिसर्च की तो हमारे जियोलॉजिस्ट ने एक ऐसी नदी को खोज निकाला। इसलिए आज बड़ी आवश्यकता है कि हमारी कहानियों का वैज्ञानिक शोध किया जाए और उन्हें दुनिया के सामने रखा जाए। इस दौरान कार्यक्रम में साहित्यकार, शिक्षाविद, छात्र एवं शहर के अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।